Intranasal Vaccine: भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड (BBIL) ने मंगलवार को कहा कि उसकी नाक से दी जाने वाली एंटी Covid-19 दवा ( Intranasal Covid-19 vaccine) ‘इनकोवैक’ iNCOVACC (BBV154) की कीमत सरकारी अस्पताल में 325 रुपए तय की गई है। जबकि प्राइवेट अस्पताल में इसकी कीमत 800 रुपए तय की गई है। इन दोनों ही कीमत में GST नहीं जोड़ा गया है। यह दवा अब कोविन पोर्टल (CoWin Portal) पर भी उपलब्ध है।
वैक्सीन बनाने वाली कंपनी ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि यह दवा जनवरी 2023 के चौथे हफ्ते से उपलब्ध होगी।
इनकोवैक दुनिया की पहली नाक से दी जाने वाली एंटी कोरोना वैक्सीन है, जिसे दो प्राइमरी डोज के लिए और हीट्रोलोगस यानी बूस्टर डोज के तौर पर इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है। हीट्रोलोगस बूस्टर डोज में प्राइमरी डोज से अलग बूस्टर खुराक दी जा सकती है।
इस महीने की शुरुआत में भारत बायोटेक (Bharat Biotech) को इनकोवैक की बूस्टर खुराक के इस्तेमाल के लिए केंद्रीय औषध मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) से मंजूरी मिली थी।
BBIL के CEO कृष्णा इल्ला ने कहा, ‘‘हमने दो अलग-अलग सप्लाई सिस्टम के साथ दो अलग-अलग प्लेटफॉर्म से दो Covid-19 वैक्सीन कोवैक्सीन और इनकोवैक विकसित की हैं।’’
रिलीज में कहा गया है कि इनकोवैक (दो खुराक के बराबर) का तीसरे चरण का परीक्षण किया गया है। इनकोवैक वाशिंगटन यूनिवर्सिटी, सेंट लुइस के साथ मिलकर विकसित की गई है।
इस वैक्सीन को 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को लगाने की मंजूरी दी गई है। ये एक निडिल फ्री वैक्सीन यानी इसे लगाने के लिए इंजैक्शन या सूईं की जरूरत नहीं होती है।
इस वैक्सीन को नाक के जरिए, सीधा स्प्रे किया जाता है, जैसे किसी भी नैसल स्प्रे को इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए वैक्सीन को लेना काफी आसान है।