भारत बायोटेक (Bharat Biotech) के इंट्रानेजल कोविड वैक्सीन (Nasal COVID Vaccine) के 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए बूस्टर डोज के तौर इस्तेमाल किए जाने को लेकर सरकार ने मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि भारत बायोटेक का यह नेजल वैक्सीन प्राइवेट अस्पतालों में उपलब्ध होगा। आज यानी शुक्रवार शाम Co-WIN प्लेटफॉर्म पर जारी किया जाएगा। इसका उपयोग हेट्रोलोगस बूस्टर डोज के रूप में किया जाएगा। यह नेजल वैक्सीन नाक से दी जाएगी।
इस वैक्सीन को पहले BBV154 नाम दिया गया था। अब इसे इनकोवैक (INCOVACC) नाम दिया गया है। ये दुनिया की पहली नेजल वैक्सीन है। वैक्सीन निर्माता कंपनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, INCOVACC दुनिया का पहला ऐसा वैक्सीन है जिसे प्राथमिक सीरिज में और हेट्रोलोगस बूस्टर डोज दोनों के रूप में मंजूरी मिली है। कोवैक्सीन और कोविशील्ड ले चुके लोग भी इस वैक्सीन को ले सकते हैं।
ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने भारत बायोटेक की इंट्रानेजल कोविड वैक्सीन (Intranasal Covid vaccine) को इमरजेंसी स्थिति में इस्तेमाल की मंजूरी दी है। यह वैक्सीन नाक के जरिए स्प्रै करके दी जाती है, यानी वैक्सीन लेने वाले की बांह पर वैक्सीन नहीं लगाया जाता। DCGI ने इंट्रा नेजल कोविड वैक्सीन को 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए मंजूरी दी है।
चीन और कुछ अन्य देशों में कोविड मामलों में तेजी के बीच इस वैक्सीन को मंजूरी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने का आग्रह किया था। साथ ही अधिकारियों को विशेष रूप से इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निगरानी उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया था।