Iran Missile Attack Against Israel: केंद्र सरकार ने बुधवार (2 अक्टूबर) को भारतीयों से ईरान की यात्रा करने से बचने का आग्रह किया, क्योंकि इजरायल पर मिसाइल हमले के बाद मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। ईरान ने मंगलवार (1 अक्टूबर) रात को इजरायल पर करीब 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इजरायल की सेना ने कहा कि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इजरायल द्वारा पलटवार किए जाने की आशंका के बीच केंद्र ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को राजधानी तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी है।
ईरान और इजरायल संघर्ष के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को कहा कि वह क्षेत्र में सुरक्षा हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने देश के नागरिकों से ईरान के लिए सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह भी दी।
इसके साथ ही ईरान में रह रहे लोगों से सतर्कता बरतने और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने का अनुरोध किया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम क्षेत्र में सुरक्षा हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं।"
एक एडवाइजरी में भारत ने कहा, "भारतीय नागरिकों को ईरान के लिए सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है।" विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "वर्तमान में ईरान में रह रहे लोगों से सतर्क रहने और तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने का अनुरोध किया जाता है।"
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया है। भारत ने कहा कि वह पश्चिम एशिया में बिगड़ते सुरक्षा हालात से बेहद चिंतित है।
कई एयरलाइंस ने बदले फ्लाइट रूट्स
इस बीच, खाड़ी में कई एयरलाइनों ने इजरायल पर ईरान के घातक हमले के बाद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने फ्लाइट्स रूट्स में बदलाव किए हैं। ईरान के पड़ोसी देशों ने अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं। एयरलाइन चालक दल बढ़ते संघर्ष से बचने के लिए वैकल्पिक रूट्स का उपयोग कर रहे हैं।
एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways)
अबू धाबी की Etihad Airways ने कहा कि मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण वह बुधवार को कई उड़ानों का रूट्स बदल रही है। एतिहाद ने कहा कि वह स्थिति के अनुसार सुरक्षा और हवाई क्षेत्र अपडेट की लगातार निगरानी कर रही है।
एमिरेट्स एयरलाइंस (Emirates Airlines)
Emirates Airlines ने 2 और 3 अक्टूबर को इराक (बसरा और बगदाद), ईरान और जॉर्डन के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन क्षेत्र में स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। किसी भी घटनाक्रम के बारे में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
कतर एयरवेज (Qatar Airways)
कतर एयरवेज ने हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण इराक और ईरान के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को दिए गए एक बयान के अनुसार, फ्लाईदुबई ने हवाई क्षेत्र के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण 2 और 3 अक्टूबर को जॉर्डन, इराक, इजरायल और ईरान के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं।
कुवैत एयरवेज (Kuwait Airways)
कुवैत एयरवेज ने मंगलवार (2 अक्टूबर) को कहा कि उसने अपनी कुछ सेवाओं के लिए हवाई मार्गों को समायोजित किया है, जिसके कारण फ्लाइट में देरी हो रही है।