IRCTC Iskcon Temple Govinda Restaurant: अब ट्रेन में भी यात्रियों को सात्विक खाना मिल सकेगा। दरअसल, इंडियन रेलवे के IRCTC ने इस्कॉन के साथ समझौता किया है। अब यात्री इस्कॉन मंदिर के रेस्टोरेंट गोविंदा से सात्विक खाना मंगा सकेंगे। पहले चरण में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से यह सुविधा शुरू की गई है। मगर जल्द ही अन्य दूसरे स्टेशनों से भी यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
लंबी यात्रा में होती है यात्रियों को परेशानी
कई बार ट्रेन में यात्रा करते हुए कई लोगों को शुद्ध शाकाहारी खाने की परेशानी होती है। वह यात्री जो प्याज और लहसून वाला खाना नहीं खाते, उन्हें अक्सर सात्विक खाने की काफी दिक्कत पेश आती थी। ऐसे यात्रियों को पेंट्री कार से मिलने वाले या फिर ई-कैटरिंग के जरिये मिलने वाले भोजन की शुद्धता को लेकर आशंका रहती थी। वह पेंट्री के खाने से परहेज करते थे। जब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा करनी होती थी, तो अधिक परेशानी होती थी। अब ऐसे यात्रियों की परेशानी को खत्म करने के लिए IRCTC ने यह कदम उठाया है। अब इस्कॉन मंदिर के रेस्टोरेंट गोविंदा से यात्री सात्विक खाना मंगा सकेंगे
IRCTC ने कहा कि यह यात्रियों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखकर सर्विस शुरू की गई है। इसके मेन्यू में डीलक्स थाली, महाराजा थाली, पुरानी दिल्ली वेज बिरयानी, पनीर के व्यंजन, नूडल्स, दाल मखनी समेत कई सात्विक डिशेज शामिल होगी। यात्री इस सर्विस का फायदा IRCTC की ई-केटरिंग वेबसाइट या फूड-ऑन-ट्रैक ऐप पर बुक कर सकेंगे। यात्री अपनी यात्रा के तय समय से कम से कम दो घंटे पहले PNR नंबर के साथ आर्डर कर सकते हैं। यात्रियों को उनकी सीट पर सात्विक भोजन मिल जाएगा।