IT firms fresher hiring : मजबूत डिमांड के माहौल में बढ़ते पलायन (attrition) यानी नौकरी छोड़ने के मामलों में बढ़ोतरी से जूझ रही भारत की टॉप आईटी कंपनियों ने अपनी कैंपस हायरिंग दोगुनी कर दी है। जॉब मार्केट (job market) में सुस्ती के कोई संकेत नहीं होने के साथ, आगामी वित्त वर्ष के दौरान भी फ्रेशर्स हायरिंग (fresher hiring) में यह तेजी जारी रह सकती है।
अक्सर संक्षिप्त नाम TWITCH (TCS, Wipro, Infosys, Tech Mahindra, Cognizant, HCL Tech) से जानी जाने वाली टॉप कंपनियों के हायरिंग के आंकड़ों पर नजर डालते हैं। वैसे तो कॉग्निजैंट अमेरिका में लिस्ट है, लेकिन उसका ज्यादातर इम्प्लॉई बेस यहां पर है।
एट्रिशन रेट बढ़ने से बढ़ी भर्तियां
TWITCH फर्म्स ने वित्त वर्ष 22 में कुल 2.15 लाख फ्रेशर्स की भर्ती की, जबकि वित्त वर्ष 21 में यह आंकड़ा 99,000 ग्रेजुएट्स का रहा था। कॉग्निजैंट के हायरिंग के आंकड़े जनवरी-दिसंबर के हैं।
इस बढ़ोतरी की वजह कंपनियों में पलायन का बढ़ना है। कॉग्निजैंट में पलायन दर सबसे ज्यादा 31 फीसदी रही, इसके बाद इंफोसिस, टेक महिंद्रा और विप्रो में क्रमशः 25.5 फीसदी, 24 फीसदी और 22.7 फीसदी की पलायन दर रही। समझा जाता है कि पलायन की ऊंची दर आने वाली तिमाहियों में भी जारी रह सकती है।
टैलेंट के लिए है भारी कॉम्पिटीशन
कॉग्निजैंट के सीईओ ब्रायन हमफ्राइस ने पिछले हफ्ते अर्निंग कॉल के दौरान कहा, “इस समय मजबूत डिमांड है। निश्चित रूप से टैलेंट के लिए असाधारण कॉम्पिटीशन है।” उन्होंने कहा कि कंपनी साल भर ज्यादा पलायन रहने की उम्मीद कर रही है और कंपनी इसे न्यूनतम करने और इसका बिजनेस प्रभाव सीमित करने के लिए हर कोशिश कर रही है।
सभी कंपनियां बढ़ा रहीं फ्रेशर्स हायरिंग
यह समस्या लगभग सभी आईटी कंपनियों की है। इंफोसिस के सीएफओ नीलांजन रॉय ने जनवरी में अर्निंग कॉल के दौरान कहा था, “पलायन के मामले में, मुझे यह एक बड़ा इंडस्ट्री इश्यू लगता है। यह हमारे लिए नया नहीं है और इंडस्ट्री में वॉल्यूम मुख्य रूप से फ्रेशर्स से ही बढ़ना है।” सभी कंपनियां इस समस्या से निपटने के लिए फ्रेशर्स हायरिंग बढ़ा रही हैं।
फ्रेशर्स हायरिंग के फायदे
एक टैलेंट हायरिंग फर्म डायमंडपिक के सीईओ सतीश जयारमन ने एक बातचीत में कहा कि आईटी कंपनियों के लि फ्रेशर्स हायरिंग अच्छी वर्कफोर्स स्ट्रैटजी है। उन्होंने कहा, “जब आप निचले स्तर से भर्ती करते हैं, उन्हें प्रशिक्षण देते हैं, सार्थक कामों में लगाते हैं तो वह जल्दी प्रोडक्टिव हो जाते हैं।”
कौन सी कंपनी कितनी करेगी भर्तियां
कॉग्निजैंट की 2022 में कैंपस से रिकॉर्ड 50,000 लोगों की भर्ती की योजना है। एचसीएल टेक वित्त वर्ष 23 में 40,000 से 45,000 और विप्रो 30,000 भर्तियां करेगी। टेक महिंद्रा 15,000 फ्रेशर्स की भर्ती की उम्मीद कर रही है। हालांकि, टीसीएस ओर इंफोसिस ने वित्त वर्ष 23 के लिए हायरिंग के आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है।