अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप अगले हफ्ते अपनी पहली भारत यात्रा पर आ रहे हैं। अब खबर है कि ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका ट्रंप और उनके दामाद जेरेड कुश्नर भी उनके साथ होंगे। इवांका ट्रंप इसके पहले नवंबर, 2017 में अपनी पहली भारत यात्रा पर आ चुकी हैं। इवांका और जेरेड अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहाकार भी हैं।
Indian Express की खबर के मुताबिक, ट्रंप परिवार की इस पहली भारत यात्रा पर इवांका और जेरेड कुश्नर भी उनके साथ होंगे। चारों मेहमान सबसे पहले अहमदाबाद आएंगे, जहां से ट्रंप के नमस्ते ट्रंप इवेंट को संबोधित करने के बाद वहां से आगरा ताजमहल देखने जाएंगे। यहां से उनका दिल्ली आने का प्लान है, जहां उनकी यात्रा के दूसरे दिन दिल्ली में दोनों देशों के डेलीगेशन के बीच द्विपक्षीय यात्रा होनी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप के डेलीगेशन में कॉमर्स सेक्रेटरी विल्बर रॉस, एनर्जी सेक्रेटरी डैन ब्रूलेट, नेशनल सिक्योरिटी एडवाइज़र रॉबर्ट सी ओ ब्रायन और वाइट हाउस चीफ ऑफ स्टॉफ मिक मुलवेनी भी होंगे।
ट्रंप महज 36 घंटों के लिए भारत में होंगे। उनके स्वागत की तैयारियां खूब जोरों-शोरों से हो रही हैं। अहमदाबाद में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया गया है, जिसके 1 लाख से कुछ ज्यादा लोग बैठ सकते हैं। ट्रंप यहीं नमस्ते ट्रंप इवेंट को संबोधित करेंगे।
खबर है कि मेलानिया ट्रंप 25 फरवरी को दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट- हैप्पीनेस क्लास, जो दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बच्चों का तनाव कम करने के उद्देश्य के साथ शुरू किया गया है, उसका दौरा करने जाएंगी।