अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर बढ़ने और ईरान के साथ अमेरिका के रिश्ते बिगड़ने की आशंका से गोल्ड का भाव इस साल अब तक 10 फीसदी तक बढ़ चुका है। CNBC TV 18 के मुताबिक, लगातार वैश्विक चिंताओं के कारण गोल्ड प्राइस में तेजी है।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के एमडी-इंडिया पीआर सोमसुंद्रम का कहना है कि 2019 की शुरुआत में गोल्ड का भाव 31,531 रुपए प्रति 10 ग्राम था। तब से अब तक गोल्ड का भाव बढ़कर 34,770 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। अगर इसमें GST जोड़ दिया जाए तो आम ग्राहकों के लिए असल भाव 35,000 रुपए प्रति 10 ग्राम है।

उन्होंने कहा कि गोल्ड की कीमतों में इतनी तेजी से कंज्यूमर इसमें खरीदारी से दूर रहेंगे। फेस्टिव सीजन तक अगर गोल्ड का भाव ऐसे ही ऊंचाई पर बना रहा तो कंज्यूमर को लुभाने के लिए दुकानदारों को छूट देना होगा और नए ऑफर पेश करने होंगे।

उन्होंने कहा कि इस ट्रेंड की वजह से ज्वैलरी कम्युनिटी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों को खींचने के लिए बड़ी छूट देनी पड़ सकती है, जो उनके कारोबार के लिए अच्छा नहीं होगा।