देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी एचसीएल टेक (HCLTech) ने दिसंबर तिमाही में जूनियर एंप्लॉयीज की सैलरी में मामूली बढ़ोतरी की है। ज्यादातर एंप्लॉयीज की सैलरी में 1-2 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई, जबकि टॉप परफॉर्मर्स का वेतन 3-4 पर्सेंट बढ़ा। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बढ़ोतरी कंपनी के मैनेजमेंट के शुरुआती बयानों में व्यक्त अनुमानों से काफी कम है। कंपनी के शुरुआती बयानों में ज्यादातर एंप्लॉयीज की सालाना बढ़ोतरी 7 पर्सेंट और टॉप परफॉर्मर्स की बढ़ोतरी 12-15 पर्सेंट रहने की बात कही गई थी।
फाइनेंशियल ईयर 2025 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को छोड़कर बाकी प्रमुख आईटी फर्मों ने सैलरी में बढ़ोतरी को टाल दिया है, जो आम तौर पर मौजूदा फिस्कल ईयर की शुरुआत में ही लागू किया जाता है। कंपनियों द्वारा सैलरी में बढ़ोतरी को टालने का मकसद मौजूदा चुनौतियों के मद्देनजर प्रॉफिट मार्जिन को बचाना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मांग में सुस्ती को देखते हुए कंपनियों ने यह फैसला लिया है।
सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि एचसीएल टेक के एंप्लॉयीज की सैलरी में बढ़ोतरी अब तक E0, E1 और E2 बैंड में जूनियर एंप्लॉयीज तक सीमित रही है। ये ऐसे एंप्लॉयीज हैं, जिनके पास 10 साल तक का अनुभव है। हालांकि, मिड और सीनियर लेवल एंप्लॉयीज ( E3 और इससे ऊपर) की सैलरी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। E3 के लेवल पर मौजूद दो एंप्लॉयीज ने मनीकंट्रोल को बताया कि पिछले दो वित्त वर्ष में उनकी सैलरी नहीं बढ़ी है।