Karnataka Budget 2023: कर्नाटक (Karnataka) के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) ने आज 3,27,747 करोड़ रुपए का राज्य बजट (Budget) पेश किया, जिसमें से 2,50,933 करोड़ रुपए राजस्व खर्च के लिए, 54,374 करोड़ रुपए कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए और 22,441 करोड़ रुपए लोन रिपेमेंट के लिए आवंटित किए गए हैं। 10 मई के विधानसभा चुनावों में भारी जीत के बाद राज्य में कांग्रेस के सत्ता संभालने के बाद ये पहली बार है। मुख्यमंत्री के रूप में यह सिद्धारमैया का सातवां बजट है। उन्होंने 2013 से 2018 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान छह बजट पेश किए थे।
कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2023-24 की बजट पेश के दौरान शराब पर एक्साइज ड्यूटी में 20% की बढ़ोतरी की घोषणा की। अपने बजट भाषण में सिद्धारमैया ने ये आश्वासन दिया कि वे राज्य के मिल्क ब्रांड नंदिनी की हर हाल में सुरक्षा करेंगे।
भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) पर एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (AED) में 20% की बढ़ोतरी की गई, जबकि बीयर के मामले में, AED को 10% बढ़ाकर 175% से 185% कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने एक्साइज के सभी 18 स्लैब पर 20 फीसदी टैक्स लगाया है।
कांग्रेस सरकार ने दो लाख रुपए का जीवन बीमा और दो लाख रुपए का दुर्घटना बीमा देने की घोषणा की है। ई-कॉमर्स साइटों पर काम करने वाले पार्ट टाइम और फुल टाइम डिलीवरी कर्मचारियों को 2 लाख रुपए का इंश्योरेंस मिलेगा।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2023-24 के दूसरे बजट में शिक्षा के लिए 37,587 करोड़ रुपए और महिला एवं बाल विकास के लिए 24,166 करोड़ रुपए आवंटित किए। यह कुल बजट आवंटन का क्रमशः 11% और 7% है।
CM सिद्धारमैया ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए 14,950 करोड़ रुपए आवंटित किए, जो कुल बजट का 4% है।
सिद्धारमैया ने 3.27 लाख करोड़ के परिव्यय के साथ 2023-24 वित्तीय वर्ष का दूसरा बजट पेश किया और गारंटी को पूरा करने के लिए धन का एक अहम हिस्सा आवंटित किया। पांच गारंटियों के लिए 52,000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
कर्नाटक विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार, 3 जुलाई को शुरू हुआ, जिसमें राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने राज्य में भ्रष्टाचार को खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया।