पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को द‍िया 7,600 करोड़ का तोहफा, बोले- 'कांग्रेस के लिए ATM की तरह है छत्तीसगढ़'

PM Modi Raipur Visit: परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक ATM की तरह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है। पीएम ने कहा कि जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं

अपडेटेड Jul 07, 2023 पर 12:44 PM
PM Modi Raipur Visit: प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल में कांग्रेस शासित राज्य में उनकी यह पहली यात्रा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Raipur Visit) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करीब 7,600 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में जबलपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर रायपुर से कोडेबोड खंड की 33 किमी लंबी 4-लेनिंग शामिल है। पीएम मोदी ने इस दौरान छत्तीसगढ़ में लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना कार्ड के वितरण की भी शुरुआत की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विजय संकल्प महारैली कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए राज्य में सत्ताधारी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल में कांग्रेस शासित राज्य में उनकी यह पहली यात्रा है। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य के बीजेपी नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी की इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा का संचार होगा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में लगातार 15 साल तक शासन किया था। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से हार गई थी।

इन परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास


प्रधानमंत्री मोदी ने नेशनल हाईवे 30 के 33 किलोमीटर लंबे रायपुर-कोडेबोड़ खंड के चार लेन और NH-130 के 53 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले बिलासपुर-पथरापाली खंड का उद्घाटन किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने कई अन्य विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने 750 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 103 किलोमीटर लंबी रायपुर-खरियार रोड रेल लाइन के दोहरीकरण और केवटी-अंतागढ़ को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर लंबी नयी रेलवे लाइन का उद्घाटन किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोरबा में 136 करोड़ रुपये की लागत से बने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के एक एपलीजी बॉटलिंग प्लांट का लोकार्पण किया। फिर प्रधानमंत्री 'आयुष्मान भारत परियोजना' के तहत लाभार्थियों को कार्ड के वितरण की भी शुरुआत की। साथ ही अंतागढ़ (कांकेर जिला) से रायपुर के लिए एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

कांग्रेस पर हमला

इन परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ वो राज्य है जिसके निर्माण में बीजेपी की प्रमुख भूमिका रही है। बीजेपी ही छत्तीसगढ़ की जरूरतों को जानती है इसलिए दिल्ली से बीजेपी सरकार छत्तीसगढ़ के तेज विकास के लिए पूरी ताकत लगा रही है। आज भी यहां के विकास के लिए 7000 करोड़ से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि 2 साल बाद छत्तीसगढ़ के निर्माण के 25 साल होने जा रहे हैं,छत्तीसगढ़ युवा ऊर्जा से भरा हुआ है। अगले 25 साल यहां के विकास के लिए बहुत अहम हैं लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है..ये लोग आपका हक छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है। इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।

ये भी पढ़ें- Modi Surname Case: मानहानि मामले में राहुल गांधी की याचिका पर गुजरात HC आज सुनाएगा अहम फैसला

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थी। लेकिन आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। 5 वर्ष बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है।

'कांग्रेस के लिए ATM की तरह है छत्तीसगढ़'

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक ATM की तरह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है। पीएम ने कहा कि जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।