Kasganj Tragedy: यूपी के कासगंज में बड़ा हादसा! दीवार ढहने से मलबे में दबकर 4 महिलाओं की मौत

Kasganj Tragedy: अधिकारियों के अनुसार, मोहनपुरा गांव में महिलाएं अपने घरों की लिपाई के लिए मिट्टी इकट्ठा करने गई थीं। तभी अचानक मिट्टी का ढेर ढह गया और कई महिलाएं उसमें दब गईं। कासगंज की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि कुल 9 महिलाओं को बाहर निकाला गया है, जिनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया

अपडेटेड Nov 12, 2024 पर 12:43 PM
Story continues below Advertisement
Kasganj Tragedy: दर्दनाक हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। कुछ महिलाओं के अभी मलबे में फंसे होने की आशंका है

Kasganj Tragedy News: उत्तर प्रदेश से एक दर्दनाक मामला सामने आया है जहां मिट्टी का एक बड़ा टीला ढहने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। कासगंज कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार (12 नवंबर) को एक दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर चार महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। कासगंज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर राजीव अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि ये महिलाएं अपने घर पर किसी समारोह के लिए मिट्टी लेने गई थीं। मिट्टी इकट्ठा करते समय दीवार ढह गई।

अग्रवाल ने बताया कि अभी तक 9 घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की मौत हो गई। पांच घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मोहनपुरा गांव में महिलाएं अपने घरों की लिपाई के लिए मिट्टी इकट्ठा करने गई थीं। तभी अचानक मिट्टी का ढेर ढह गया और कई महिलाएं उसमें दब गईं। कासगंज की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ANI को बताया कि कुल 9 महिलाओं को बाहर निकाला गया है, जिनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया, "नौ महिलाओं को बाहर निकाला गया है, जिनमें से चार को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायल हैं। यहां बचाव अभियान बहुत अच्छे से चलाया गया। हमने जेसीबी और एक्सकेवेटर की मदद से पूरे इलाके की जांच की है। वहां किसी और के फंसे होने की संभावना बहुत कम है। यहां एनएचएआई का काम चल रहा था। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे।"


बताया जा रहा है कि महिलाएं अपने घरों के लिए मिट्टी लेने आई थीं। डीएम ने कहा कि हम महिलाओं से बात करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुखद घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनका समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- Shah Rukh Khan: शाहरुख खान को धमकी देने वाला छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, पेशे से वकील है फैजान

मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। मौके पर पुलिस, डीएम और एसपी सहित अन्य आलाधिकारी मौजूद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।