Onam Bumper Lottery: रातोंरात करोड़पति बन गया केरल का ये ऑटो रिक्शा चालक, जीती इतने करोड़ रुपये की बंपर लॉटरी

इनाम जीतने वाला व्यक्ति एक ऑटो रिक्शा चालक है और शेफ के तौर पर काम करने के लिए मलेशिया जाने की तैयारी कर रहा था। तिरुवनंतपुरम के श्रीवराहम के रहने वाले अनूप ने लॉटरी जीतने से एक दिन पहले लॉटरी टिकट खरीदा था

अपडेटेड Sep 19, 2022 पर 11:16 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मजेदार बात यह भी है कि एक दिन पहले ही उसका तीन लाख रुपये कर्ज का आवेदन मंजूर हुआ था

कहते हैं जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। ऐसा ही एक वाक्या केरल के तिरुवनंतपुरम में ऑटो रिक्शा चालक अनूप के साथ हुआ है, जहां वह रातोंरात करोड़पति बन गया। जी हां, केरल में एक व्यक्ति ने रविवार को 25 करोड़ रुपये की ओणम बंपर लॉटरी (Onam Bumper Lottery) जीती।

यह व्यक्ति एक ऑटो रिक्शा चालक है और शेफ के तौर पर काम करने के लिए मलेशिया जाने की तैयारी कर रहा था। तिरुवनंतपुरम के श्रीवराहम के रहने वाले अनूप ने लॉटरी जीतने से एक दिन पहले शनिवार को लॉटरी टिकट (T-750605) खरीदा था।

ये भी पढ़ें- Chandigarh University MMS Row: प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त, 24 सितंबर तक यूनिवर्सिटी बंद, वॉर्डन सस्पेंड


मजेदार बात यह भी है कि एक दिन पहले ही उसका तीन लाख रुपये कर्ज का आवेदन मंजूर हुआ था। अनूप ने जिस एजेंसी से लॉटरी टिकट खरीदा था वहां मौजूद मीडिया कर्मियों को उसने बताया कि ‘T-750605’ उसकी पहली पसंद नहीं था।

दूसरी बार ली थी टिकट

अनूप ने कहा कि उन्होंने जो पहला टिकट खरीदा था वह उन्हें पसंद नहीं आया था इसलिए उन्होंने दूसरा टिकट लिया और उस पर जीत हासिल हुई। मलेशिया यात्रा और कर्ज के बारे में अनूप ने कहा कि बैंक ने आज कर्ज के लिए कॉल किया तो मैंने बता दिया कि मुझे अब लोन की जरूरत नहीं है। अब मैं मलेशिया भी नहीं जाऊंगा।

उन्होंने कहा कि वह पिछले 22 साल से लॉटरी टिकट खरीद रहे हैं और अब तक उन्हें कुछ सौ रुपये से लेकर अधिकतम पांच हजार रुपये तक मिले थे। अनूप ने कहा कि मुझे जीतने की आशा नहीं थी इसलिए मैं टीवी पर लॉटरी के नतीजे नहीं देखता था। लेकिन जब मैंने अपना फोन देखा तो पता चला कि मैं जीत गया हूं। मुझे विश्वास नहीं हुआ और मैंने अपनी पत्नी को दिखाया। उसने कहा कि यह जीतने वाला नंबर है।

अनूप ने आगे कहा कि फिर भी मुझे शंका थी इसलिए मैंने लॉटरी बेचने वाली महिला को टिकट का चित्र भेजा। उसने इसकी पुष्टि की कि वह जीत वाला नंबर था। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जीते हुए पैसों से टैक्स का भुगतान करने के बाद अनूप को 15 करोड़ रुपये के आसपास मिलेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।