Chandigarh University MMS Row: प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त, 24 सितंबर तक यूनिवर्सिटी बंद, वॉर्डन सस्पेंड
Chandigarh University MMS Row: चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में संबंधित अधिकारियों के आश्वासन के बाद रविवार देर रात करीब 1:30 बजे छात्रों का आंदोलन समाप्त हो गया। यूनिवर्सिटी 24 सितंबर तक बंद रहेगा। मामले में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 19, 2022 पर 10:31 AM
इस मामले में अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं
Chandigarh University MMS Row: पंजाब के मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्रा का वीडियो बनाकर एमएमएस लीक करने की घटना को लेकर छात्र-छात्राओं का पिछले दो दिन से जारी विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया है। इस मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वीडियो बनाने वाली लड़की और उसका ब्वॉयफ्रेंड सन्नी मेहता, लड़के के एक दोस्त को भी गिरफ्तार किया गया है।
रविवार देर रात प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वीडियो कांड के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हॉस्टल की दो वॉर्डन को सस्पेंड कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से एक वॉर्डन वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रही थी, जो आरोपी छात्रा को लताड़ लगा रही थी।
इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनिवर्सिटी को छह दिन के लिए बंद कर दी गई है। हॉस्टल की टाइमिंग बदल दी गई है। खबर है कि यूनिवर्सिटी को 24 सितंबर तक बंद कर दिया गया है। साथ ही सभी वॉर्डन्स के तबादले किए गए हैं। मामले में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा द्वारा कई अन्य छात्राओं का आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने की अफवाह को लेकर यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को मामले की जांच के आदेश दिए।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने एक छात्रा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश से 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसे उक्त छात्रा का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। युवक को गिरफ्तार कर उसे पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
रात भर हुए प्रदर्शन के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कैंपस पहुंचीं पंजाब की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुरप्रीत देव ने कहा कि ऐसा लगता है कि आरोपी छात्रा ने अपना एक वीडियो युवक के साथ शेयर किया। हालांकि, किसी अन्य छात्रा का कोई आपत्तिजनक वीडियो नहीं मिला है।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा- 354 C और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आगे की जांच जारी है। मुख्यमंत्री मान ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट किया, ‘‘चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ...हमारी बेटियां हमारा सम्मान हैं...मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं...जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि मैं प्रशासन के संपर्क में हूं। इसके साथ ही मान ने लोगों से अफवाहों पर गौर नहीं करने की अपील की।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि आरोप है कि छात्रा ने कुछ छात्राओं का वीडियो बनाकर उन्हें शिमला के युवक को भेजा जिसने कथित तौर पर इन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है।
मोहाली के एसएसपी सोनी ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक महिला जांच अधिकारी को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर आप अब तक की घटनाओं के क्रम को देखें, तो हमारी जांच में पता चला है कि वीडियो केवल उसका ही था। इसके अलावा, किसी अन्य (छात्रा) का कोई वीडियो नहीं है।
एक छात्रा ने दावा किया कि आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए थे, लेकिन बाद में डिलीट कर दिए गए और आरोपी छात्रा का फोन भी तोड़ दिया गया। एक अन्य छात्रा ने कहा कि छात्रावास में शनिवार शाम दस से अधिक लड़कियों को घबराहट की शिकायत हुई।
उसने दावा किया कि लड़कों के छात्रावास को हाल ही में लड़कियों के छात्रावास में बदल दिया गया था और इसमें सुविधाओं का अभाव था। एक छात्र को एम्बुलेंस में ले जाने के एक वीडियो का जिक्र करते हुए, एसएसपी ने कहा कि उसे कुछ घबराहट की समस्या थी और वह ठीक थी।
हॉस्टल वार्डन पर एक सवाल के जवाब में, एसएसपी ने कहा कि उन्होंने (वार्डन ने) उस छात्रा से पूछताछ की, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने किसी अन्य छात्र का वीडियो बनाया था। एक वीडियो में, विशेष रूप से वार्डन को कथित तौर पर छात्रा से पूछते हुए देखा जा सकता है, “तुमसे किसने वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहा?..तुमको निलंबित कर दिया जाएगा”।
फिर वार्डन वहां मौजूद कुछ अन्य छात्राओं की ओर इशारा करते हुए दिखाई देती है और उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “क्या इन लड़कियों की इज्जत नहीं है? तुमने किसके कहने पर ऐसा किया? तुमको इसे बनाने के लिए किसने कहा?’’