अरविंद केजरीवाल ने भगवान कृष्ण से की AAP की तुलना, दिल्ली के CM को BJP ने बताया 'आत्ममुग्ध'

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जैसे भगवान कृष्ण को बुराई को खत्म करने के लिए भेजा गया था। वैसे भगवान ने AAP को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी को खत्म करने और संविधान और देश को बुराइयों से बचाने के लिए भेजा है

अपडेटेड Sep 18, 2022 पर 6:27 PM
अरविंद केजरीवाल ने भगवान कृष्ण से की AAP की तुलना

दिल्ली (Delhi) के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने रविवार को पार्टी के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर अपने हमले तेज कर दिए।

उन्होंने कहा, "जैसे भगवान कृष्ण को बुराई को खत्म करने के लिए भेजा गया था। वैसे भगवान ने AAP को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी को खत्म करने और संविधान और देश को बुराइयों से बचाने के लिए भेजा है।" केजरीवाल पंजाब, गोवा, हरियाणा सहित लगभग 20 राज्यों के AAP के लगभग 1,500 चुने हुए प्रतिनिधियों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

केजरीवाल ने कहा, "10 साल पहले, जब आम आदमी पार्टी बनी थी, मैंने कभी नहीं सोचा था कि इतने सारे प्रतिनिधि होंगे कि इंदिरा गांधी स्टेडियम भर जाएगा। भगवान कृष्ण का जन्म बुराई को खत्म करने के लिए हुआ था...कान्हा ने राक्षसों का वध किया...वैसे ही भगवान ने AAP को बनाया है।"


उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि भारत ने 25 नवंबर 1949 को संविधान अपनाया और अगले 60 सालों में इन लोगों ने देश को तबाह कर दिया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, "बाद में भगवान को आकर हस्तक्षेप करना पड़ा और 2012 में सरकार और देश को बचाने के लिए AAP का गठन किया गया... यह कोई संयोग नहीं है... भगवान ने हमें जिम्मेदारी दी है और आप में से हर एक को उस पर टिके रहना है और विकास के लिए काम करना है।"

उन्होंने आगे कहा, “बीज दिल्ली और पंजाब में लगाए गए और पौधा मजबूत हो गया। हमने गुजरात में भी बीज लगाए हैं और ये बीज बहुत मजबूत होकर पेड़ बनेंगे।"

सूरत नगर निगम के 27 पार्षदों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि डेढ़ साल पहले हमने गुजरात में 27 बीज लगाए थे और वे मजबूत पेड़ बनने जा रहे हैं।

AAP संयोजक ने कहा, "भगवान कृष्ण की तरह, हम भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ लड़ रहे हैं। अगर दूसरी पार्टी वाले मेहंगाई काम करते, तो हमें लोग लात मार के भगा देते। लेकिन हम भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ लड़ रहे हैं। इसलिए लोग हमें पसंद करते हैं।"

अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी पर क्या बोले केजरीवाल

अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी केजरीवाल ने बीजेपी पर 'ऑपरेशन लोटस' के दूसरे चरण की शुरुआत करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “उनका फेज-I दिल्ली और पंजाब में फेल रहा। इसलिए अब उन्होंने अमानतुल्ला खान को एक फर्जी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। हमारे कई विधायकों को फिर से 25 करोड़ रुपए के ऑफर के साथ बीजेपी के फोन आने लगे हैं। उन्हें धमकी दी जा रही है कि अगर आप बीजेपी में शामिल नहीं हुए, तो अमानतुल्ला खान की तरह आपको भी गिरफ्तारी का सामना करना पड़ेगा।"

उन्होंने कहा, "मैंने भारत की आजादी की लड़ाई नहीं देखी...लेकिन हमारे विधायक कैसे विपक्ष से लड़ रहे हैं, 25-25 करोड़ रुपए के ऑफर को ठुकराकर CBI ED का सामना कर रहे हैं, यह कोई छोटी बात नहीं है। वे उन सभी को जेल में डालना चाहते हैं...आप सभी 3-4 महीने जेल जाने के लिए तैयार रहें। वे कुछ नहीं कर पाएंगे। जेल इतनी बुरी नहीं है...हम वहां 15 दिनों तक जेल में रहे...अगर सबके अंदर हिम्मत आ जाए, तो वो हमारा कुछ नहीं बड़ा सकते।”

'आत्ममुग्ध हैं केजरीवाल'

दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) वही ‘‘पुराना नाटक’’ कर रही है, जो वो हर एक चुनाव से पहले करती है।

बीजेपी की यह टिप्पणी दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की तरफ यह कहे जाने के कुछ घंटे बाद आई कि गुजरात में सत्ताधारी पार्टी बौखला गई है।

पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि केजरीवाल ‘आत्ममुग्ध’ हैं, जो दो राज्यों में सत्ता हासिल करने के बाद खुद को भगवान समझ रहे हैं।

अमानतुल्ला खान के 'समर्थकों' ने ACB के अधिकारी के साथ की धक्का मुक्की, AAP विधायक को गिरफ्तार करने पहुंची थी टीम, देखें वीडियो

पात्रा ने कहा कि केजरीवाल हमेशा किसी भी राज्य चुनाव से पहले दावा करते हैं कि उनकी पार्टी जीत रही है और बाकी सब परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ईमानदारी और बेईमानी को लेकर केजरीवाल का प्रमाणपत्र न्यायपालिका से ज्यादा अहम है।

बीजेपी प्रवक्ता ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह ‘‘आश्चर्य’’ की बात है कि AAP नेता ने यह नहीं कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी उनसे डरते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।