आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्ला खान (Amanatullah Khan) को एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके कुछ दिनों बाद, ACB ने एक वीडियो जारी किया, जो AAP नेता के लिए और परेशानी का सबब बन सकता है। खान को दो दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था। उससे पहले दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में उनके घर और दक्षिणी दिल्ली में चार दूसरे ठिकानों पर छापेमारी हुई थी।
ANI की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में, ABC की वर्दी पहने एक अधिकारी के साथ कई लोग धक्का मुक्की और मारपीट करते दिख रहे हैं। इन लोगों को अमनतुल्ला खान का समर्थक बताया जा रहा है। ACB अधिकारी को सड़क पर कम से कम 10-15 लोगों की तरफ से बार-बार घेरते, चिल्लाते और धकेलते हुए देखा जा सकता है। आम आदमी पार्टी ने अभी तक वीडियो और ACB की तरफ से लगाए गए आरोपों का जवाब नहीं दिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ACB की छापेमारी टीम की आधिकारिक ड्यूटी के दौरान बाधा डालने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
तलाशी के दौरान बरामद "आपत्तिजनक सामग्री और सबूत" पर गिरफ्तार किए जाने के बाद अमानतुल्ला खान अब 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है। पुलिस के अनुसार, उनके साथियों के घरों से छापेमारी के दौरान दो पिस्तौल, कारतूस और 24 लाख रुपए से ज्यादा कैश भी बरामद किया गया।
दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2020 के तहत दर्ज मामले के संबंध में AAP विधायक को ACB की तरफ से पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इसके बाद यह छापेमारी की गई थी।