Delhi ACB Raid: दिल्ली (Delhi) एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने AAP विधायक अमानतुल्ला खान (Amanatullah Khan) से जुड़े कई ठिकानों पर छापे मारे। कथित तौर पर एक बिना लाइसेंस वाली पिस्टल और 12 लाख रुपए कैश बरामद किए गए हैं। इससे कुछ घंटों पहले ही खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका से जुड़ी एक जांच में पूछताछ के लिए शामिल हुए थे।
गुरुवार को एडिशनल पुलिस कमिश्नर मधुर वर्मा ने कहा था कि खान को जांच में शामिल होने के लिए तलब किया गया है। खान के खिलाफ 2016 में उप-मंडल मजिस्ट्रेट (मुख्यालय), राजस्व विभाग की एक शिकायत के बाद एक मामला दर्ज किया गया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि वक्फ बोर्ड में खान की तरफ से अलग-अलग मौजूदा और गैर-मौजूदा पदों पर नियुक्तियां मनमानी और अवैध थीं।
इस संबंध में ACB की तरफ से जनवरी 2020 में पीसी एक्ट की धारा 7 और IPC की धारा 120-B के तहत FIR दर्ज की गई थी।
पूर्व ACB प्रमुख, स्पेशन CP एसके गौतम ने भी उपराज्यपाल सचिवालय को पत्र लिखकर खान को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी "आपराधिक और बदमाशी" प्रकृति स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच में बाधा डाल रही थी। वह अपने खिलाफ गवाहों को आने से रोक रहे थे।
उपराज्यपाल सचिवालय को 29 जुलाई को लिखे एक पत्र में गौतम ने कहा था, “गवाहों को उनके आक्रामक व्यवहार और दिल्ली वक्फ बोर्ड में अपनी स्थिति के कारण AAP विधायक खान से डर लगता है।"
उन्होंने लिखा, "ACB ने वक्फ बोर्ड के बैंक अकाउंट में वित्तीय गड़बड़ी, बोर्ड की संपत्तियों में किरायेदारी के निर्माण, गाड़ियों की खरीद में भ्रष्टाचार और अवैध तरीके से जुड़े मामले में जांच के निष्कर्ष तक खान को पद से हटाने की मांग की है।"
CBI और ED कर रही सबको पेरशान- केजरीवाल
वहीं इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि CBI और ED ‘‘अनावश्यक रूप से हर किसी को परेशान कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि देश इस तरह प्रगति नहीं कर सकता है।
केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उपराज्यपाल, CBI और BJP ने कथित शराब घोटाले में अलग-अलग रकम बताई है, लेकिन उन्हें अब भी समझ नहीं आया कि शराब घोटाला क्या है।
उनका यह बयान तब आया है, जब ED ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं की धन शोधन की जांच के तौर पर देशभर में करीब 40 स्थानों पर छापे मारे हैं।