Get App

लाइव ब्लॉग

Today News Highlights: झारखंड की चंपाई सोरेन सरकार फ्लोर टेस्ट में पास, लोकसभा में विपक्ष पर बरसे PM मोदी

Today News Highlights: राजनीतिक गलियारे में आज की सबसे बड़ी खबर ये है कि झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की अगुवाई वाली महागठबंधन सरकार ने विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी लोकसभा चुनाव के बाद तीसरी बार उनकी सरकार बनने का विश्वास जताते हुए सोमवार को कहा कि देश के मिजाज को देखकर लगता है कि आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 370 सीटें और NDA को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी

MoneyControl News FEBRUARY 05, 2024 / 8:22 PM IST

Today News Highlights: मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) की सरकार झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) में विश्वास प्रस्ताव (Confidence Motion) जीत लिया है। फ्लोर टेस्ट के दौरान चंपई सोरेन के पक्ष में 47 वोट पड़े, जबकि विश्वास मत के विरोध में 29 वोट डाले गए। इससे पहले विधानसभा में मुख्यमंत्री ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया। संब

Latest News Live Updates: विश्वास मत के पक्ष में 47 तो विपक्ष में 29 वोट पड़े
Latest News Live Updates: विश्वास मत के पक्ष में 47 तो विपक्ष में 29 वोट पड़े
FEBRUARY 05, 2024 / 8:02 PM IST

Latest News Live: रिटर्निंग ऑफिसर को सुप्रीम कोर्ट की फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (5 फरवरी) को चंडीगढ़ मेयर चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह स्पष्ट है कि उन्होंने मतपत्रों को जानबूझकर विकृत कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इसे लोकतंत्र का माखौल करार देते हुए आदेश दिया कि मतपत्रों और चुनावी कार्यवाही के वीडियो को संरक्षित रखा जाए। आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पार्षद की याचिका का संज्ञान लेते हुए शीर्ष अदालत ने नगर निकाय सहित चंडीगढ़ अधिकारियों को नोटिस जारी किए। बता दें कि AAP के पार्षद ने चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।

पीटीआई के मुताबिक चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डी.वाई. चंद्रचूड़ और जस्टिस जे.बी. पारदीवाला तथा जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने चुनावी कार्यवाही का वीडियो देखने के बाद नाराजगी जताई और कहा कि प्रथम दृष्टया, निर्वाचन अधिकारी ने मत पत्रों को विरूपित किया। इसके बाद CJI ने कहा, "यह लोकतंत्र का माखौल है। जो कुछ हुआ उससे हम स्तब्ध हैं। हम लोकतंत्र की इस तरह हत्या नहीं करने देंगे।"

    FEBRUARY 05, 2024 / 6:39 PM IST

    PM Modi live in parliament: 'तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा'

    PM मोदी ने कहा कि हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब ज्यादा दूर नहीं है। सिर्फ 100-125 दिन बाकी हैं... मैं संख्याओं पर नहीं जाता लेकिन मैं देश का मूड देख सकता हूं। इससे NDA 400 के पार पहुंच जाएगी और BJP को 370 सीटें जरूर मिलेंगी...तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा।

      FEBRUARY 05, 2024 / 6:19 PM IST

      PM Modi live in parliament: 370 का किया जिक्र

      प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जिन उपलब्धियों का देश लंबे समय से इंतजार कर रहा था वे सारे काम हमने दूसरे कार्यकाल में पूरे होते देखे। हम सबने 370 खत्म होते देखा... नारी शक्ति वंदन अधिनियम दूसरे कार्यकाल में कानून बना। अंतरिक्ष से लेकर ओलम्पिक तक, सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज उठ रही है।" PM मोदी ने कहा, "...शासन के 10 वर्षों के अनुभव के आधार पर, आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास से कहता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है।"

        FEBRUARY 05, 2024 / 6:14 PM IST

        PM Modi in Lok Sabha live: 'जनता BJP को 370 और NDA को 405 सीटें देगी'

        प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए संसद में दावा किया कि इस बार जनता BJP को 370 और NDA को 405 सीटें देगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश के मिजाज को देखकर ऐसा लगता है कि वह बीजेपी को 370 सीटें अवश्य देगा, जबकि NDA को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी...

          FEBRUARY 05, 2024 / 5:57 PM IST

          PM Modi live in parliament: परिवारवाद पर विपक्ष को जवाब

          PM मोदी ने कहा, "हम किस परिवारवाद की चर्चा करते हैं। अगर किसी परिवार में अपने बलबूते पर जनसमर्थन से एक से अधिक लोग अगर राजनीतिक क्षेत्र में प्रगति करते हैं तो उसको हमने कभी परिवारवाद नहीं कहा। हम उस परिवारवाद की चर्चा करते जो पार्टी परिवार चलाती है। जो पार्टी परिवार के लोगों को प्राथमिकता देती है। जिस पार्टी के सारे निर्णय परिवार के लोग की करते हैं। वे परिवारवाद है। राजनाथ सिंह और अमित शाह की कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है। इसलिए जहां एक परिवार को पार्टियां लिखी जाती है वे लोकतंत्र में उचित नहीं है। एक परिवार के 10 लोग राजनीति में आए कुछ बुरा नहीं है।"

            FEBRUARY 05, 2024 / 5:49 PM IST

            PM Modi in Lok Sabha live: 'मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं...'

            कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं। उनके भाषण के एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक वहां (विपक्ष में) रहने का संकल्प ले लिया है...आपलोग जिस तरह इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं जनता जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी और आप जिस ऊंचाई पर है उससे भी अधिक ऊंचाई पर पहुंचेंगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे।"


              FEBRUARY 05, 2024 / 5:42 PM IST

              Budget Session 2024 Live: विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

              प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि संसद के इस नए भवन में जब राष्ट्रपति हमें संबोधित करने आई और जिस गौरव और सम्मान के साथ सेंगोल और पूरे जुलूस का नेतृत्व किया, हम सब उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। नए सदन में ये नई परंपरा भारत के आजादी के उस पवित्र पल का प्रतिबिंब जब साक्षी बनता है तो लोकतंत्र की गरिमा कई गुना ऊपर चली जाती है। बता दें कि मौजूद लोकसभा में यह उनका संभवत: अंतिम संबोधन हो सकता है, क्योंकि आम चुनाव अप्रैल-मई में होंगे।

                FEBRUARY 05, 2024 / 4:50 PM IST

                Latest News Live Updates: ज्ञानवापी परिसर के अन्य बंद तहखानों का सर्वे कराने की मांग

                वाराणसी जिला जज की अदालत में एक महिला ने सोमवार को याचिका दाखिल कर ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में बंद अन्य सभी तहखानों का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से सर्वेक्षण कराने की मांग की है। जिला अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 6 फरवरी की तारीख तय की है। विश्व वैदिक सनातन संघ की संस्थापक सदस्य और मां श्रृंगार गौरी मामले में एक पक्षकार राखी सिंह ने यह याचिका दाखिल की है, जिनकी पहले की एक याचिका पर एएसआई सर्वेक्षण हुआ था। राखी सिंह के वकील अनुपम द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को दाखिल की गई याचिका में अनुरोध किया गया है कि ज्ञानवापी परिसर में बंद सभी तहखानों एएसआई से सर्वेक्षण कराया जाए।

                  FEBRUARY 05, 2024 / 4:18 PM IST

                  UP News Live: भदोही में मोटरसाइकिल के पेड़ से टकराने के बाद दो युवकों की मौत

                  उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मोटरइसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हादसा जिले के सुरयावा थाना के भटेवरा गांव में रविवार देर शाम हुआ जब एक मोटरसाइकिल पर सवार गिरिजा शंकर गौतम (40), आशीष मौर्या (30) और दिलीप अग्रहरी (30) रामपुर घाट से एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने घर को लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

                    FEBRUARY 05, 2024 / 4:07 PM IST

                    Uttar Pradesh News Live: बजट पर क्या बोले सीएम योगी

                    उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 7.36 लाख करोड़ रुपये का राज्य का अबतक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। मुख्य रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण पर केंद्रित इस बजट में छात्रों को टैबलेट या स्मार्ट फोन के डिटेल्स के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही महाकुंभ 2025 के आयोजन के लिए 2,600 करोड़ और अयोध्या एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 150 करोड़ रुपये का भी प्रस्ताव किया गया है।

                    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने बजट को प्रभु श्रीराम को समर्पित करते हुए कहा कि यूपी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट राज्य के समग्र और संतुलित विकास का एक आर्थिक दस्तावेज है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि राज्य विधानसभा में पेश किया जाने वाला राज्य का बजट नए उत्तर प्रदेश में 'रामराज्‍य' की नींव रखेगा।

                      FEBRUARY 05, 2024 / 3:49 PM IST

                      MP News Live: दमोह जिले में मोटरसाइकिल दुर्घटना में दो लोगों की मौत

                      मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक अज्ञात वाहन के मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने से दो लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना रविवार देर रात बटियागढ़ बाईपास पर हुई। ASP संदीप मिश्रा ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार लोग बटियागढ़ शहर की ओर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

                        FEBRUARY 05, 2024 / 3:04 PM IST

                        IND vs ENG 2nd Test Live: टीम इंडिया ने इंग्लैंड से किया हिसाब बराबर


                        भारत ने पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को विशाखापट्टनम में इंग्लैंड को 106 रन से शिकस्त दी। इस जीत से भारत ने सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। इंग्लैंड ने हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट को 28 रन से जीता था। जीत के लिए 399 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 292 रन पर आउट हो गई। विशाखापत्तनम में राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 73 रन की पारी खेली।

                          FEBRUARY 05, 2024 / 2:52 PM IST

                          Lates News LIVE: 'हम नए सबूत देंगे, लेकिन...' AAP नेता ने उठाए सवाल

                          BJP की तरफ से दायर शिकायत पर AAP नेताओं को क्राइम ब्रांच के नोटिस पर दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा हैं, "2014 में, दिल्ली बीजेपी उपाध्यक्ष ने हमारे निर्वाचित विधायक दिनेश मोहनिया को करोड़ों रुपए की पेशकश की थी। हमने स्टिंग वीडियो रिकॉर्ड किया और मीडिया को दिया। तब कहा गया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है... 10 साल हो गए। क्या क्राइम ब्रांच ने बीजेपी में किसी को नोटिस दिया? हम नए सबूत देंगे, लेकिन हम जानना चाहते हैं कि पहले वाले का क्या हुआ ?"

                            FEBRUARY 05, 2024 / 2:51 PM IST

                            Latest News Live Updates: पत्नी से हफ्ते में एक बार मिल सकेंगे मनीष सिसोदिया

                            दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने AAP नेता मनीष सिसोदिया को कस्टडी पैरोल में हफ्ते में एक बार अपनी बीमार पत्नी से मिलने की इजाजत दी है। बैठक के दौरान डॉक्टर भी उनसे मिलेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी। कोर्ट ने उनकी नियमित ज़मानत पर सुनवाई 12 फरवरी को दोपहर 2 बजे तय की है।

                              FEBRUARY 05, 2024 / 2:14 PM IST

                              Jharkhand Floor Test Live: चंपई सोरेन जीता फ्लोर टेस्ट

                              झारखंड विधानसभा में चंपई सरकार ने बहुमत हालिस कर लिया है। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पक्ष में 47 वोट पड़े, जबकि विश्वास मत के विरोध में 29 वोट डाले गए।

                                FEBRUARY 05, 2024 / 2:01 PM IST

                                Breaking News Live Updates: वंदे भारत ट्रेन पर पथराव

                                वंदे भारत ट्रेन पर कई बार पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस बीच तमिलनाडु में वंदे भारत ट्रेन को फिर से निशाना बनाया है। कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव किया है। इस घटना से 9 डिब्बों की खिड़कियों को काफी नुकसान पहुंचा है। पथराव क्यों किया गया, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

                                  FEBRUARY 05, 2024 / 1:47 PM IST

                                  Jharkhand Floor Test Live: BJP नहीं चाहती कोई आदिवासी सीएम का कार्यकाल पूरा करे

                                  झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने विधानसभा में कहा कि बीजेपी को यह पसंद नहीं है कि कोई आदिवासी अपना सीएम का कार्यकाल पूरा करे। सोरेन ने कहा कि बीजेपी ने अपने शासनकाल में इसकी इजाजत नहीं दी है।

                                    FEBRUARY 05, 2024 / 12:59 PM IST

                                    Jharkhand Floor Test Live: 'हमने अभी तक हार मानी नहीं है'

                                    झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने कहा "हमने अभी तक हार मानी नहीं है। अगर उन्हें लगता है कि वे मुझे सलाखों के पीछे डालकर सफल हो जाएंगे, तो यह झारखंड है जहां कई लोगों ने अपनी जान दी है।" हेमंत सोरेन कहते हैं, "आज मुझे 8.5 एकड़ जमीन घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, अगर उनमें हिम्मत है, तो मेरे नाम पर दर्ज जमीन के दस्तावेज दिखाएं, अगर यह साबित हो गया तो मैं राजनीति से इस्तीफा दे दूंगा।"

                                      FEBRUARY 05, 2024 / 12:53 PM IST

                                      Jharkhand Floor Test Live: 'यह झारखंड है...'

                                      झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के फ्लोर टेस्ट से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, "यह झारखंड है, यह देश का एक ऐसा राज्य है, जहां हर कोने में आदिवासी-दलित वर्गों से अनगिनत सिपाहियों ने अपनी कुर्बानी दी है। ED-CBI-IT जिन्हें देश के विशेष और काफी संवेदनशील व्यवस्थाएं कहीं जाती हैं... जहां करोड़ों रुपए डकार कर इनके सहयोगी विदेश में जा बैठे हैं, उनका एक बाल बांका करने की इनके पास औकात नहीं है। इनके पास औकात है तो देश के आदिवासी दलित-पिछड़ों और बेगुनाहों पर अत्याचार करना... अगर है हिम्मत तो सदन में कागज पटक कर दिखाए कि यह साढ़े 8 एकड़ की ज़मीन हेमंत सोरेन के नाम पर है, अगर हुआ तो मैं उस दिन राजनीति से अपना इस्तीफा दे दूंगा।"

                                        FEBRUARY 05, 2024 / 12:44 PM IST

                                        Jharkhand Floor Test Live: 'हम चंपई सोरेन को समर्थन करते हैं'

                                        झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के फ्लोर टेस्ट के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "मैं आज इस सदन में चंपई सोरेन के विश्वास मत का हिस्सा बन रहा हूं। हमारी पूरी पार्टी और गठबंधन दल चंपई सोरेन को समर्थन करता है।"

                                          FEBRUARY 05, 2024 / 12:43 PM IST

                                          Jharkhand Floor Test Live: '31 जनवरी की काली रात, काला अध्याय देश के लोकतंत्र में नए तरीके से जुड़ा'

                                          झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के फ्लोर टेस्ट के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "31 जनवरी की काली रात, काला अध्याय देश के लोकतंत्र में नए तरीके से जुड़ा है। मेरे संज्ञान में 31 तारीख की रात को देश में पहली बार किसी मुख्यमंत्री की गिरफ़्तारी हुई है। मुझे लगता है इस घटना को अंजाम देने में कहीं न कहीं राजभवन भी शामिल है और जिस तरीके से यह घटित हुआ उससे मैं चकित हूं।"

                                            FEBRUARY 05, 2024 / 12:42 PM IST

                                            Jharkhand Floor Test Live: 'मेरी गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल'

                                            झारखंड के पूर्व सीएम और JMM नेता हेमंत सोरेन ने आज मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले राज्य विधानसभा को संबोधित किया। उनका कहना है, "31 जनवरी की रात को देश में पहली बार किसी सीएम को गिरफ्तार किया गया...और मेरा मानना ​​है कि इस घटना में राजभवन भी शामिल था।"

                                              FEBRUARY 05, 2024 / 12:24 PM IST

                                              Jharkhand Floor Test Live: 'मैं हेमंत सोरेन पार्ट-2 हूं'

                                              झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अपनी सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले राज्य विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, "मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हेमंत सोरेन का पार्ट-2 हूं...।

                                                FEBRUARY 05, 2024 / 11:28 AM IST

                                                Jharkhand Floor Test LIVE: हाई कोर्ट से हेमंत सोरेन को नहीं मिली राहत

                                                चंपई सोरेन सरकार के फ्लोर टेस्ट के बीच, खबर आई है कि गिरफ्तारी के खिलाफ हेमंत सोरेन की ओर से दायर याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट ने ED से जवाब मांगा है। HC ने 9 फरवरी तक जवाब दाखिल करने को कहा है। इस मामले पर अब अगली सुनवाई 12 फरवरी को होगी।

                                                  FEBRUARY 05, 2024 / 11:26 AM IST

                                                  Jharkhand Floor Test LIVE: INDIA ब्लॉक आसानी से जीत जाएगा- कांग्रेस

                                                  झारखंड विधानसभा में विश्वास मत से पहले कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को बड़ा झटका लगने वाला है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी आसानी से विश्वास मत जीत लेगी। झारखंड में चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार दो दिवसीय विधानसभा सत्र के पहले दिन सोमवार को विश्वास मत हासिल करने के लिए तैयार है।

                                                    FEBRUARY 05, 2024 / 11:23 AM IST

                                                    Jharkhand Floor Test Live: विधानसभा में राज्यपाल का अभिभाषण

                                                    झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अभी राज्य विधानसभा को संबोधित कर रहे हैं। बहुमत साबित करने के लिए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का फ्लोर टेस्ट आज होगा। फ्लो टेस्ट की प्रक्रिया राज्यपाल के अभिभाषण के बाद शुरू होगी।

                                                      FEBRUARY 05, 2024 / 11:19 AM IST

                                                      UP Budget 2024: यूपी विधानसभा में पेश किया गया बजट

                                                      उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्य वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य का बजट पेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य विधानसभा सदस्य उपस्थित है।

                                                      उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा, "पीएम मोदी ने 'सबका साथ सबका विकास' के नारे को लागू किया है और हमारी नीतियां खासतौर से युवा महिलाओं, किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में जबरदस्त सुधार हुआ है, इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर और सामूहिकता में उल्लेखनीय सुधार और विस्तार के परिणामस्वरूप, साल 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के जरिए 40 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे राज्य में 1.10 करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा। संगठित अपराध खत्म हो गया है और औद्योगिक क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। व्यापार करने में आसानी की रैंकिंग में राज्य 14वें स्थान पर था लेकिन आज यह दूसरे नंबर पर है।"

                                                        FEBRUARY 05, 2024 / 11:16 AM IST

                                                        Jharkhand Floor Test Live: विधानसभा पहुंचे CM चंपई सोरेन

                                                        झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी राज्य विधानसभा पहुंच गए हैं। आज झारखंड विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का फ्लोर टेस्ट होना है।

                                                          FEBRUARY 05, 2024 / 11:09 AM IST

                                                          Jharkhand Floor Test Live: विधानसभा पहुंचे हेमंत सोरेन

                                                          ईडी की टीम झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को लेकर विधानसभा पहुंच गई है। हेमंत सोरेन फ्लोर टेस्ट के दौरान वोटिंग में हिस्सा लेंगे। वहीं सीएम चंपई सोरेन भी विधानसभा पहुंच चुके हैं।

                                                            FEBRUARY 05, 2024 / 11:00 AM IST

                                                            Grammys 2024 Live Updates: शंकर महादेवन के Shakti ने जीता This Moment के लिए Grammy

                                                            Grammy में ये साल भारतीय संगीतकारों का रहा। इस समारोह में पांच भारतीयों ने कुल 6 पुरस्कार हासिल किए हैं। जाकिर हुसैन, शंकर महादेवन, वी. सेल्वगनेश, गणेश राजगोपालन और जॉन मैकलॉघलिन के बैंड "शक्ति" ने 66वें ग्रैमी अवार्ड्स में Best Global Music Album का ग्रैमी जीता है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट

                                                              FEBRUARY 05, 2024 / 10:30 AM IST

                                                              Jharkhand Floor Test Live: गठबंधन का दावा- हमारे पास 47 विधायक

                                                              सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के महासचिव ने कहा है कि नई सरकार के गठन के लिए आज (5 फरवरी 2024) शक्ति परीक्षण है। इसके लिए हमारे पास कम से कम 47 विधायकों का समर्थन मिला हुआ है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि फ्लोर टेस्ट किया जाएगा। हमारे पास 47 से कम नहीं होगा। बता दें कि झारखंड विधानसभा में 81 सीटें हैं। बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम 41 सीटों की जरूरत है।

                                                                FEBRUARY 05, 2024 / 10:00 AM IST

                                                                Jharkhand Floor Test Live: बहुमत सिद्ध करना सिर्फ औपचारिकता बाकी

                                                                झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता मनोज पांडे ने कहा कि मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक औपचारिकता रह गई है। इंडिया गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है। यह आंकड़ा 48 के पार जा सकता है। फ्लोर टेस्ट के दौरान झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे। वो भी मतदान करेंगे।

                                                                  FEBRUARY 05, 2024 / 9:45 AM IST

                                                                  Jharkhand Floor Test Live: फ्लोर टेस्ट में हेमंत सोरेन हो सकते हैं शामिल

                                                                  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रांची की एक स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को 5 फरवरी को राज्य विधानसभा में विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति दी गई है। हेमेत सोरेन को 31 जनवरी को ईडी ने जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। इसी दौरान ईडी हिरासत में ही सोरेन ने राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

                                                                    FEBRUARY 05, 2024 / 9:16 AM IST

                                                                    Weather Live Updates: UP में बारिश, कड़ाके की ठंड

                                                                    देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में दो दिन की बारिश के बाद कोहरा छाया हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई है। जिसकी वजह से ठंड फिर से बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग ने ज 5 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका जताई है।

                                                                      FEBRUARY 05, 2024 / 8:51 AM IST

                                                                      Chile Wildfire News Updates LIVE: चिली के जंगलों में लगी आग से 100 लोगों की मौत

                                                                      दक्षिण अमेरिका के देश चिली के जंगलों में आग की लपटें बढ़ती जा रही हैं। अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। देश के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके देश को बहुत बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए 19 हेलीकाप्टर और 450 से अधिक दमकल लगाई गई हैं। अब तक 1600 घर तबाह हो चुके हैं।

                                                                        FEBRUARY 05, 2024 / 8:42 AM IST

                                                                        Jharkhand Floor Test Live: कांग्रेस को झारखंड में विश्वास मत हासिल करने का भरोसा

                                                                        झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन में कांग्रेस भी शामिल है। पार्टी ने भरोसा जताया है कि झारखंड के नवनियुक्त सीएम चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य में गठबंधन सरकार फ्लोर टेस्ट में सफल होगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का कार्यकाल इस साल नवंबर में खत्म हो रहा है। इस गठबंधन झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं।

                                                                          FEBRUARY 05, 2024 / 8:38 AM IST

                                                                          Jharkhand Floor Test Live: हेमंत सोरेन के इस्‍तीफा देने से बने हालात

                                                                          दरअसल, पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के इस्‍तीफा देने और जेल जाने के बाद नई सरकार का गठन हो रहा है। आनन-फानन में चंपई को सीएम बनाना पड़ा। यह पहली बार नहीं है जब जेएमएम को शक्ति परीक्षण का सामना करना पड़ रहा है। सितंबर 2022 में हेमंत सोरेन की सरकार ने फ्लोर टेस्ट में अपने पक्ष में 48 वोटों के साथ बहुमत साबित किया था। तब भी भ्रष्टाचार के आरोपों पर हेमंत सोरेन को विधानसभा से अयोग्य ठहराए जाने का खतरा था।

                                                                            FEBRUARY 05, 2024 / 8:34 AM IST

                                                                            Jharkhand Floor Test Live: ये है झारखंड विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा

                                                                            झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं। लिहाजा सरकार बनाने के लिए किसी भी दल के पास 41 विधायकों का समर्थन होना अनिवार्य है। विधानसभा की 81 सीटों में से एक सीट खाली है। इसलिए 80 सीटों की गिनती करने पर बहुमत का आंकड़ा 41 है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दावा किया है कि उनके पास पर्याप्‍त संख्‍या मौजूद है और फ्लोर टेस्‍ट में क‍िसी भी तरह की दिक्‍कत नहीं होगी। झारखंड में इस समय महागठबंधन की सरकार है, जिसमें JMM के 29, कांग्रेस के 17, आरजेडी के एक और सीपीआई(एमएल) के एक विधायक शामिल हैं। इनकी कुल संख्या 48 है।

                                                                              FEBRUARY 05, 2024 / 8:33 AM IST

                                                                              नमस्कार

                                                                              मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।