Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News DECEMBER 20, 2023 / 7:38 PM IST

Parliament Highlights: लोकसभा-राज्यसभा से 143 विपक्षी सांसद सस्पेंड! VP धनखड़ के समर्थन में जाट समुदाय, PM-राष्ट्रपति भी आहत

Parliament Winter Session 2023 Highlights: लोकसभा से बुधवार को 2 और विपक्षी सांसदों को सदन से निलंबित कर दिया गया। दोनों सदनों में अब तक कुल मिलाकर 143 सांसद निलंबित हो चुके हैं। इस बीच राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद पर उपराष्ट्रपति के सम्मान में सदन में NDA के सभी सांसद 1 घंटे तक खड़े रहे। इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपराष्ट्रपति धनखड़ पर विपक्षी सांसदों की हरकत पर निराशा जताई। जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति को फोन कर अपनी आपबीती सुनाई और दुख भी जताया

Parliament Winter Session Highlights: राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद में अब जाट समुदाय की भी एंट्री हो गई है। जाट समुदाय ने उपराष्ट्रपति के समर्थन में बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। पालम 360 खाप प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने कहा, 'यह बैठक इसलिए बुलाई गई है ताकि या तो TMC सांसद (कल्याण बनर्जी) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और भारत के लाखों किसानों से माफ

Parliament Winter Session 2023 Live: सांसदों के निलंबन के विरोध में आज विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के सामने विरोध जताया
Parliament Winter Session 2023 Live: सांसदों के निलंबन के विरोध में आज विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के सामने विरोध जताया
DECEMBER 20, 2023 / 6:22 PM IST

Vice President Mimicry Row Live: BJP कार्यकर्ताओं ने भोपाल में किया प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। मिमिक्री विवाद पर बीजेपी मध्य प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, "उन्होंने करोड़ों जनता की भावनाओं का अपमान किया है देश चाहता है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी माफी मांगे क्योंकि उन्होंने हमारे सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान किया है। कांग्रेस और INDI गठबंधन लगातार भारत को अपमान करने का काम कर रही है क्योंकि इनके मन में भारत नहीं बल्कि इटली है इसलिए भारत के मान-सम्मान से इन्हें कोई लेना देना नहीं है।....आज देश अपमानित हुआ है इन्हें देश से माफी मांगना चाहिए।.."

    DECEMBER 20, 2023 / 5:23 PM IST

    Vice President Mimicry Row Live: रणदीप सुरजेवाला का सरकार पर हमला

    उपराष्ट्रपति के मिमिक्री विवाद पर कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, "मैं मोदी सरकार से पूछना चाहता हूं कि जब लाखों किसान ठंड, भूख और प्यास सहते हुए दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे तो क्या उनका अपमान नहीं हुआ? उन्हें उग्रवादी, नक्सली और असामाजिक तत्व करार दे रहे हैं? तब किसानों का अपमान नहीं हुआ था?... पद पर बैठे हुए हर व्यक्ति को ये सोचना पड़ेगा कि गरिमा का मापदंड क्या है..."

      DECEMBER 20, 2023 / 5:01 PM IST

      New Criminal Laws Live: CrPC में अब 531 धाराएं होंगी, 177 धाराओं में किए गए बदलाव

      लोकसभा में तीन नए आपराधिक कानून पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "CrPC में पहले 484 धाराएं थीं, अब इसमें 531 धाराएं होंगी। 177 धाराओं में बदलाव किए गए हैं और 9 नई धाराएं जोड़ी गई हैं। 39 नई उप-धाराएं जोड़ी गई हैं। 44 नए प्रावधान जोड़े गए हैं।" इस दौरान शाह ने कहा कि हमने कहा था कि अयोध्या में हम जल्द से जल्द राम मंदिर बनाएंगे और 22 जनवरी 2024 को वहां रामलला विराजमान हो जाएंगे। ये पीएम मोदी की सरकार है, जो कहती है वो करती है। हमने कहा था कि हम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देंगे। कांग्रेस कई बार सत्ता में आई और तारीखें देती रहीं लेकिन हमने इसे पूरा किया और बहुमत के साथ महिलाओं को सशक्त बनाया।

        DECEMBER 20, 2023 / 4:47 PM IST

        Vice President Mimicry Row Live: राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ के समर्थन में उतरे जाट

        राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद में अब जाट समुदाय की भी एंट्री हो गई है। जाट समुदाय ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के समर्थन में बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। पालम 360 खाप प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने कहा, 'यह बैठक इसलिए बुलाई गई है ताकि या तो TMC सांसद (कल्याण बनर्जी) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और भारत के लाखों किसानों से माफी मांगें, या हम आज ही एक बड़ी बैठक बुलाएंगे और TMC के खिलाफ विरोध करेंगे।' साथ ही जाट समाज ने वीडियो शूट करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जाट समुदाय के 'बुजुर्ग' का बूढे होने का मजाक उड़ाना, I.N.D.I.A. गठबंधन को भारी पड़ेगा। उन्होंने TMC सांसद से माफी की मांग है।

          DECEMBER 20, 2023 / 4:17 PM IST

          Vice President Mimicry Row: उपराष्ट्रपति की मिमिक्री विवाद पर राहुल गांधी का पहला बयान

          राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पहला बयान सामने आया है। कांग्रेस सांसद ने बुधवार को कहा कि सांसद वहां बैठे थे, मैंने उनका वीडियो शूट किया। मेरा वीडियो मेरे फोन पर है। मीडिया इसे दिखा रहा है...किसी ने कुछ नहीं कहा...हमारे 150 सांसदों को (सदन से) बाहर निकाल दिया गया है लेकिन मीडिया में उस पर कोई चर्चा नहीं है। अडानी पर कोई चर्चा नहीं, राफेल पर कोई चर्चा नहीं, बेरोजगारी पर कोई चर्चा नहीं। हमारे सांसद निराश होकर बाहर बैठे हैं लेकिन आप उस (मिमिक्री) पर चर्चा कर रहे हैं।

            DECEMBER 20, 2023 / 3:46 PM IST

            Vice President Mimicry Row: 'अपने समुदाय का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता'

            मिमिक्री विवाद पर राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, "...मुझे इसकी परवाह नहीं है कि आप जगदीप धनखड़ का कितना अपमान करते हैं। लेकिन मैं भारत के उपराष्ट्रपति, किसान समुदाय, अपने समुदाय का (अपमान) बर्दाश्त नहीं कर सकता... मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा कि मैं अपने पद की गरिमा की रक्षा नहीं कर सका, इस सदन की गरिमा की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है।"

              DECEMBER 20, 2023 / 3:35 PM IST

              Vice President Jagdeep Dhankhar Mimicry Row: मिमिक्री विवाद को लेकर आचार समिति में शिकायत दर्ज

              सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल करने के लिए TMC सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ राज्यसभा और लोकसभा की आचार समिति में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कल्याण बनर्जी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और इसमें शामिल अन्य सांसदों को निष्कासित करने की मांग की गई है।

                DECEMBER 20, 2023 / 3:01 PM IST

                Parliament Winter Session 2023 Live: लोकसभा से 2 और सांसद निलंबित, अब तक 143 विपक्षी MPs सस्पेंड

                लोकसभा से 2 और विपक्षी सांसदों को सदन से निलंबित कर दिया गया है। लोकसभा सांसद सी थॉमस और AM आरिफ को तख्तियां दिखाने और सदन के वेल में प्रवेश करने के लिए संसद के शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित किया गया है। दोनों सदनों में अब तक कुल मिलाकर 143 सांसद निलंबित हो चुके हैं।

                  DECEMBER 20, 2023 / 2:34 PM IST

                  Parliament Winter Session 2023 Live Updates: 'लोकतंत्र का गला घोंट रही है सरकार'

                  कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने संसद से 141 विपक्षी सदस्यों के निलंबन को लेकर बुधवार को सरकार पर तीखा हमला बोला। गांधी ने आरोप लगाया कि यह सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की सुरक्षा में चूक की 'अक्षम्य घटना' पर संसद के बाहर अपने विचार रखे जिससे स्पष्ट है कि सदन की गरिमा की उन्हें कोई परवाह नहीं है। सोनिया गांधी ने कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में कहा, "इस सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। इससे पहले कभी भी इतने सारे विपक्षी सांसदों को सदन से निलंबित नहीं किया गया, और वह भी केवल एक, बिल्कुल उचित और वैध मांग उठाने के लिए।"

                    DECEMBER 20, 2023 / 2:20 PM IST

                    vp Mimicry Row: सरकार का विपक्ष पर हमला

                    मिमिक्री विवाद पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में राष्ट्रपति के बाद उपराष्ट्रपति का पद आता है और उसको भी अपमानित करने में कांग्रेस ने और सहयोगी दलों ने कोई कसर नहीं छोड़ी... ये संविधान का भी अपमान है, उपराष्ट्रपति का भी अपमान है। सबसे बड़ी बात ये है कि न सोनिया गांधी, न राहुल गांधी और न ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसकी निंदा की...आखिर विपक्ष चाहता क्या है?

                      DECEMBER 20, 2023 / 2:13 PM IST

                      Parliament Winter Session 2023 Live Updates: खड़गे की सरकार को चेतावनी

                      कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा, "वे (भाजपा) जानबूझ कर सबको निलंबित कर रहे हैं। उनकी मंशा है कि वे (BJP) आपराधिक प्रक्रिया को लेकर जो तीन कानून ला रहे हैं उसपर कोई विरोध न हो। सबको बाहर निकालकर वे तानाशाही करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता, आज नहीं तो कल उनपर यह भारी पड़ेगा..."

                        DECEMBER 20, 2023 / 1:56 PM IST

                        VP Jagdeep Dhankhar Mimicry Row: 'मिमिक्री एक कला है'

                        उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "...मिमिक्री एक कला है, TV में प्रधानमंत्री से लेकर विपक्ष तक सबकी मिमिक्री होती है। किसी ने नहीं कहा कि यह जगदीप धनखड़ जी की मिमिक्री है तो वे क्यों इसे अपना रहे हैं। अगर हमारे देश के उच्च स्थान पर बैठे व्यक्ति जात-पात की बात करें तो क्या उन्हें यह शोभा देता है?"

                          DECEMBER 20, 2023 / 1:47 PM IST

                          Vice President Jagdeep Dhankhar Mimicry Row: उपराष्ट्रपति धनखड़ के सम्मान में 1 घंटे संसद में खड़े रहे NDA सांसद

                          उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद पर उनके सम्मान में सोमवार राज्यसभा में NDA के सभी सांसद 1 घंटे तक खड़े रहे। राज्यसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों ने मंगलवार को संसद के बाहर TMC सांसद कल्याण बनर्जी की नकल करने के बाद राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए खड़े होकर सदन की कार्यवाही में भाग लिया। संसदीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राज्यसभा में कहा कहा कि ये चेयर का अपमान किया गया है। हम इसकी निंदा करते हैं। यह पहली बार है कि संसद इस स्तर तक गिर गई है।

                            DECEMBER 20, 2023 / 1:10 PM IST

                            Parliament Winter Session Live: 'लोगों को भड़काने का काम नहीं करना चाहिए'

                            TMC सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की किए गए मिमिक्री विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "जो घटना सदन के बाहर हुई उसके बारे में सदन में प्रस्ताव पारित करना सही नहीं है...क्या प्रधानमंत्री ने सदन का बहिष्कार किया है जो वे सदन में आकर बयान नहीं दे रहे हैं?...सदन के अंदर जाति की बात करके लोगों को भड़काने का काम नहीं करना चाहिए..."

                              DECEMBER 20, 2023 / 12:41 PM IST

                              Parliament Session Live: 141 सांसदों के निलंबन पर विपक्ष का हल्लाबोल

                              संसद के शीतकालीन सत्र में 141 सांसदों के निलंबन के विरोध में विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन बुधवार (20 दिसंबर) को भी जारी रहा। संसद से विपक्षी सांसदों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने संसद भवन परिसर स्थित गांधी मूर्ति पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और दोनों सदनों से निलंबित किए गए सांसदों के साथ-साथ सभी दलों के नेता शामिल हुए।

                                DECEMBER 20, 2023 / 12:23 PM IST

                                Parliament LIVE: उपराष्ट्रपति धनखड़ के सम्मान में 1 घंटे तक खड़े रहेंगे NDA सांसद, TMC सांसद ने मिमिक्री विवाद पर दी सफाई

                                राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री विवाद पर उपराष्ट्रपति के सम्मान में आज सदन में NDA के सांसद 1 घंटे तक खड़े रहेंगे। संसदीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राज्यसभा में कहा कहा कि ये चेयर का अपमान किया गया है। हम इसकी निंदा करते हैं। यह पहली बार है कि संसद इस स्तर तक गिर गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पीएम का अपमान किया और फिर राष्ट्रपति का अपमान किया जो आदिवासी हैं। अब उन्होंने आपका (उपराष्ट्रपति) अपमान किया। हम यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आपका और संविधान का अपमान किया। जोशी ने कहा कि भारत के उपराष्ट्रपति के सम्मान में NDA के सभी सांसद राज्यसभा में एक घंटे तक खड़े रहेंगे।

                                  DECEMBER 20, 2023 / 12:09 PM IST

                                  Mimicry of VP Jagdeep Dhankhar Row Live: मिमिक्री विवाद पर TMC सांसद की सफाई

                                  मिमिक्री विवाद पर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, "मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा कभी नहीं था... धनकड़ साहब मुझसे बहुत वरिष्ठ हैं... मुझे नहीं पता कि उन्होंने इसे अपने ऊपर क्यों लिया है। मेरा सवाल यह है कि अगर उन्होंने इसे अपने ऊपर ले लिया है, तो क्या वे राज्यसभा में इस तरह का व्यवहार करते हैं?"

                                    DECEMBER 20, 2023 / 11:59 AM IST

                                    Mimicry of VP Jagdeep Dhankhar Row: राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- 'अभिव्यक्ति के दौरान गरिमा का ख्याल रखना चाहिए'

                                    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उपराष्ट्रपति को अपमानित किया गया उससे मैं निराश हूं। पीएम मोदी ने भी धनखड़ को फोन कर संसद परिसर में कुछ सांसदों की ओर से अशोभनीय आचरण करते हुए उनका मजाक उड़ाए जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया। पढ़ें, पूरी रिपोर्ट...

                                      DECEMBER 20, 2023 / 11:24 AM IST

                                      COVID-19 LIVE: केरल में 24 घंटे में 292 नए केस दर्ज

                                      केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, केरल में 24 घंटे में 292 नए कोरोना केस सामने आए हैं। इस दौरान 3 लोगों की मौत हो गई है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, आज सुबह 8 बजे तक देश भर में 341 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें 292 केस केरल से हैं। केरल में एक्टिव मामले बढ़कर 2,041 हो गए हैं। केरल में अब तक कोरोना वायरस से कुल 72,056 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें तीन साल पहले के भी आंकड़े शामिल हैं।

                                        DECEMBER 20, 2023 / 11:20 AM IST

                                        COVID-19 LIVE: देश में कोरोना के 260 नए मामले आए सामने

                                        केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत में कोरोना वायरस के 260 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें कोरोना वायरस के कुल संक्रमित मरीज बढ़कर 4.50 करोड़ हो गए हैं। देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1,828 हो गई है। अब तक कोरोना से कुल 5,33,317 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में रिकवरी रेट 98.81 फीसदी है। वहीं मृत्यु दर 1.19 फीसदी है। अब तक 4,44,69,931 लोग ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, देश में अब तक 220.67 करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।

                                          DECEMBER 20, 2023 / 10:49 AM IST

                                          Parliament Winter Session Live: बीजेपी ने की विपक्षी सांसदों से माफी मांगने की अपील

                                          TMC सांसद के राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल के वायरल विवादास्पद वीडियो पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रूख अपनाया है। सत्तारूढ़ दल ने इस तरह के काम के लिए विपक्षी नेताओं के समर्थन प्रदर्शन पर भी तीखा हमला किया। बीजेपी ने विपक्ष से औपचारिक माफी की मांग की और कहा कि इंडिया गठबंधन पिछड़े और विनम्र बैकग्राउंड से आने वाले और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का अपमान कर रहा है।

                                            DECEMBER 20, 2023 / 10:26 AM IST

                                            COVID-19 LIVE: केरल में 115 नए मामले दर्ज

                                            केरल स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ोंके मुताबिक, केरल में पिछले 24 घंटों में 115 नए मामले दर्ज किए हए हैं। जिससे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1,749 हो गई है। मंत्रालय की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सुबह 8 बजे तक 142 मामले थे। जिसमें 115 नए मामले जुड़ गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से किसी की भी मौत की खबर सामने नहीं आई है। पिछले 24 घंटे में 112 लोग ठीक हुए हैं। केरल की स्वास्थ्य और पर‍िवार कल्‍याण मंत्री वीना जॉर्ज ने एक बयान में कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए राज्‍य पूरी तरह से तैयार है।

                                              DECEMBER 20, 2023 / 10:00 AM IST

                                              COVID-19 LIVE: राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने समीक्षा बैठक की

                                              पूरी दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण फिर से तेजी से फैलने लगा है। भारत में केरल राज्य में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट JN.1 से संक्रमित एक मरीज सामने आया है। इसके बाद कई राज्य सरकारें अलर्ट हो गई हैं। इस बीच राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने समीक्षा बैठक की है। इसमें चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह (Shubhra Singh) ने सर्दी और सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

                                                DECEMBER 20, 2023 / 9:37 AM IST

                                                Parliament Winter Session Live: संसद का शीतकालीन सत्र होगा हंगामेदार

                                                संसद के दोनों सदनों से कुल मिलाकर 141 विपक्षी सांसदों को निलंबित किया गया है। सदन की गरिमा और अनुचित व्यवहार करने के लिए सांसदों का निलंबन हुआ है। ऐसे मे आज बुधवार (20 दिसंबर) को भी संसद का शीतकालीन सत्र हंगामेदार रहने आसार नजर आ रहे हैं। वहीं इंडिया गठबंधन ने शुक्रवार को देश भर में सरकार विरोधी प्रदर्शन की घोषणा की है।

                                                  DECEMBER 20, 2023 / 9:32 AM IST

                                                  नमस्कार

                                                  मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।