Latest News Highlight: राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमाता हुआ दिखाई दे रहा है। दरअसल प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को समन भेजा है। इसके अलावा ईडी ने गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर स्थित आवास पर भी छापा मारा है। अब ईडी की इस कार्रवाई के बाद राज्य में दोनों ही पार्टियां एक दूसरे पर हमलावर हो गई हैं। इसी दौरान अब राजस्थान के कद्दावर कांग्रेस नेता सचिन पायलट का बड़ा बयान भी सामने आया है। सचिन पायलट ने बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ है कोई भी निष्पक्ष जांच होती है और कोई दोषी पाया जाता है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन चुनाव में अपनी हार देखते हुए नेताओं को निशाना बनाया गया है। बिना सबूत, बिना समन के जो रेड की गई यह संदेश देने के लिए की गई है कि अगर हम राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ेंगे तो हम भारत सरकार की एजेंसियों का दुरुपयोग करेंगे और भय पैदा करने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है।