Rajasthan Assembly Election 2023: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राजस्थान में कथित पेपर लीक मामले की मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में गुरुवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) के जयपुर स्थित घर पर छापेमारी की। इसके अलावा महवा विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार ओमप्रकाश हुडला के परिसरों पर भी छापे मारे। वहीं, विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में ED ने राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव (Ashok Gehlot son Vaibhav) को तलब किया है। वैभव से 27 अक्टूबर को पूछताछ होगी।
आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री डोटासरा के सीकर और जयपुर में स्थित परिसरों और दौसा में महवा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हुडला तथा कुछ अन्य के परिसरों की तलाशी ली जा रही है। राजस्थान में 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा।
डोटासरा सीकर में लछमनगढ़ सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार सुभाष महरिया के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वह इस सीट से मौजूदा विधायक भी हैं। ED ने इस मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा और अनिल कुमार मीणा नामक एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसने जून में इस मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान में कई स्थानों पर छापे मारे थे।
गहलोत के बेटे से होगी पूछताछ
ED ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया है। वैभव गहलोत को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) में कथित अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए 27 अक्टूबर को तलब किया गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, वैभव गहलोत ED के सामने पेश नहीं होंगे। इस बीच, सीएम अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
गहलोत ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, "दिनांक 25/10/23. राजस्थान की महिलाओं के लिए कांग्रेस की गारंटियां लॉन्च। दिनांक 26/10/23... राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह जी डोटासरा के यहां ED की रेड। मेरे बेटे वैभव गहलोत को ED में हाज़िर होने का समन। अब आप समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूँ कि राजस्थान के अंदर ED की रेड रोज इसलिए होती है क्योंकि भाजपा ये नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं को, किसानों को, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों का लाभ मिल सके।"
बता दें कि कांग्रेस ने 25 अक्टूबर को राजस्थान में परिवार की महिला मुखिया को हर साल 10,000 रुपये सालाना देने की घोषणा की थी। कांग्रेस की ओर से झुंझुनू जिले के अरड़ावता गांव में आयोजित एक चुनावी सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने पर दो गारंटियों की घोषणा की।
सीएम गहलोत ने ऐलान किया कि 1.05 करोड़ परिवारों के लिए 500 रुपये की दर से रसोई गैस सिलेंडर और परिवार की महिला मुखिया को 10,000 रुपये सालाना बतौर सम्मान राशि कांग्रेस सरकार देगी। इस दौरान पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं।