Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News OCTOBER 16, 2023 / 7:39 PM IST

Today News Highlights: लेबनान बॉर्डर से सटेअपने गांवों को खाली करा रहा है इजराइल, अरब देशों के दौरे के बाद फिर तेल अवीव पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री, मृतकों की संख्या 4,000 के पार

Israel-Hamas War Highlights: अरब देशों के दौरे के बाद एक बार फिर अमेरिकी विदेश मंत्री इजराइल पहुंच चुके हैं। फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन चार दिन के अंदर दूसरी बार इजराइल पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि वह विवादित शहर यरूशलम में नेताओं से मिलेंगे और गाजा में जारी संघर्ष को लेकर बातचीत करेंगे। इसके पहले ब्लिंकन गुरुवार को इजराइल पहुंचे थे। तब वो इजराइल के प्रति अमेरिका का समर्थन दिखाने आए थे। उसके बाद उन्होंने सऊदी और UAE सहित 6 अरब देशों का दौरा किया है। इजराइल ने कहा है कि लेबनान बॉर्डर के दो किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को खाली कराया जा रहा है

Israel-Hamas War: इजराइल और हमास उग्रवादियों के बीच जारी युद्ध का आज (16 अक्टूबर) 10वां दिन है। इजराइली सेना ने हमास को समाप्त करने की कसम खाई है, जिनके 7 अक्टूबर को इजराइली सीमावर्ती शहरों में घातक हमले ने दुनिया को चौंका दिया था। 7 अक्टूबर से शुरू हुए युद्ध में अब तक 4,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इनमें करीब 1,400 इजराइली और 2,700 फिलिस्तीनी नागरिक शामिल हैं। इजराइल ने क

Israel-Hamas War LIVE: हमास के हमले के बाद जारी युद्ध में 1,400 से अधिक इजराइली मारे गए हैं
Israel-Hamas War LIVE: हमास के हमले के बाद जारी युद्ध में 1,400 से अधिक इजराइली मारे गए हैं
OCTOBER 16, 2023 / 7:25 PM IST

Assembly Election News Live: मिजोरम विधानसभा का चुनाव लड़ेगी AAP

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को घोषणा की कि वह पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। AAP की पूर्वोत्तर राज्यों की इकाई के प्रभारी राजेश शर्मा ने कहा कि रविवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुई एक बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करने और पूर्वोत्तर राज्यों में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक विस्तार के लिए एक समन्वय समिति और एक उत्तर-पूर्व प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा।

    OCTOBER 16, 2023 / 6:41 PM IST

    Rajasthan Election 2023 Live: कांग्रेस 18 अक्टूबर को जारी करेगी पहली लिस्ट

    राजस्थान में 18 अक्टूबर को कांग्रेस की पहली लिस्ट आ सकती है। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक मंगलवार 17 अक्टूबर को होगी। वहीं, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक बुधवार यानी 18 अक्टूबर को होने वाली है। ऐसे में आगामी तीन दिनों में कांग्रेस की पहली लिस्ट आने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच, राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट पर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार को कहा, "परसों (18 अक्टूबर) हमारी CEC की बैठक है। उम्मीद है कि उस दिन हम ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर देंगे।"

      OCTOBER 16, 2023 / 6:18 PM IST

      Latest News Live: कर्नाटक में आयकर विभाग की छापेमारी, 94 करोड़ रूपये की नकदी जब्त

      केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने सोमवार को कहा कि आयकर विभाग ने कर्नाटक और अन्य राज्यों में सरकारी ठेकेदारों तथा रियल स्टेट करोबारियों के खिलाफ छापे में 94 करोड़ रुपये नकद, 8 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण तथा विदेश में निर्मित 30 महंगी घड़ियां जब्त की हैं। आयकर विभाग ने ये छापे 12 अक्टूबर को बेंगलुरु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ शहरों और दिल्ली में 55 ठिकानों पर मारे थे। CBDT ने सोमवार को एक बयान में कहा, "छापे में करीब 94 करोड़ की बेहिसाबी नकदी, 8 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण जब्त किए..कुल मिलाकर 102 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती हुई है।"

        OCTOBER 16, 2023 / 5:40 PM IST

        Latest News Live: राघव चड्ढा के याचिका पर SC ने राज्यसभा सचिवालय से मांगा जवाब

        सुप्रीम कोर्ट आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता राघव चड्ढा की राज्यसभा से अनिश्चितकालीन निलंबन के खिलाफ उनकी याचिका पर विचार करने के लिए सोमवार को सहमत हो गया। शीर्ष अदालत ने इस मुद्दे पर फैसला करने के लिए अटॉर्नी जनरल से सहायता मांगी है। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने AAP नेता की ओर से पेश वरिष्ठ वकील राकेश द्विवेदी और वकील शादान फ़रासत की इन दलीलों पर गौर किया कि निलंबन उस सत्र से आगे की अवधि के लिए नहीं हो सकता जिसमें सदस्य को निलंबित किए जाने का फैसला किया गया था। न्यायालय ने याचिका पर सिर्फ राज्यसभा सचिवालय को नोटिस जारी किया। मामले में अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी।

          OCTOBER 16, 2023 / 5:17 PM IST

          26-Week Pregnancy Case LIVE: गर्भपात केस में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका

          सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें 26 सप्ताह से अधिक के गर्भ को गिराने की इजाजत मांगी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक विवाहित महिला को उसके 26 सप्ताह के गर्भ को गिराने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। शीर्ष अदालत ने महिला की याचिका इसलिए खारिज कर दी, क्योंकि उसका भ्रूण स्वस्थ है और एम्स के मेडिकल बोर्ड को उसमें कोई विसंगति नहीं दिखी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्र के बेंच ने यह ऐतिहासाकि फैसला सुनाया।

            OCTOBER 16, 2023 / 5:00 PM IST

            Israel-Hamas War LIVE: फिर इजराइल पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री

            अरब देशों के दौरे के बाद एक बार फिर अमेरिकी विदेश मंत्री इजराइल पहुंच चुके हैं। फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन चार दिन के अंदर दूसरी बार इजराइल पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि वह विवादित शहर यरूशलम में नेताओं से मिलेंगे और गाजा में जारी संघर्ष को लेकर बातचीत करेंगे। इसके पहले ब्लिंकन गुरुवार को इजराइल पहुंचे थे। तब वो इजराइल के प्रति अमेरिका का समर्थन दिखाने आए थे। उसके बाद उन्होंने सऊदी और UAE सहित 6 अरब देशों का दौरा किया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी इजराइल का दौरा कर सकते हैं।

              OCTOBER 16, 2023 / 4:21 PM IST

              Loan Fraud Case Live: फिर गिरफ्तार हो सकती हैं चंदा कोचर

              सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय जांज ब्यूरो (CBI) की उस याचिका पर ICICI बैंक की पूर्व CEO और MD चंदा कोचर एवं उनके पति दीपक कोचर से सोमवार को तीन सप्ताह में जवाब देने को कहा। याचिका में लोन धोखाधड़ी मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा उन्हें दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती दी गई है। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने CBI की याचिका पर नोटिस जारी किया और कपल से तीन सप्ताह में जवाब देने को कहा।

              CBI की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू ने कहा कि हाई कोर्ट ने गलत धारणा के साथ सुनवाई की कि इस अपराध के लिए अधिकतम सात साल की कैद हो सकती है, लेकिन उसने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 409 (लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वासघात) पर विचार नहीं किया, जिसके तहत 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।

                OCTOBER 16, 2023 / 4:06 PM IST

                IMD alert Live: दिल्ली और हिमाचल में बारिश की चेतावनी

                मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि पक्षिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी... एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। IMD वैज्ञानिक ने बताया कि कल से बारिश में कमी देखी जाएगी और 18 अक्टूबर से मौसम ठीक हो जाएगा। पक्षिमी विक्षोभ के जाने के बाद तापमान में कुछ कमी होने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली NCR में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। आज शाम से दिल्ली में हल्की बारिश और आंधी तूफान होने की संभावना है... कल यानी मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे।

                  OCTOBER 16, 2023 / 3:02 PM IST

                  Election 2023 News Live: 'छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का ATM बना रखा है'

                  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का ATM बना रखा है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के अधिकार का पैसा, दलित युवाओं के अधिकार का पैसा और पिछड़े वर्ग के युवा भाई बहनों के अधिकार का पैसा भी कांग्रेस के दिल्ली दरबार की तिजोरी में जाता है। BJP की 'परिवर्तन संकल्प महासभा' को संबोधित करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हमने छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने के लिए ढेर सारे काम किए हैं। भूपेश बघेल आपने 5 साल में यहां पर क्या किया? मुझे मालूम है आप विकास का हिसाब-किताब नहीं करते हो। आने वाला चुनाव एक सरकार बनाने का चुनाव नहीं, आने वाला चुनाव विधायक को चुनने का नहीं है बल्कि आने वाला चुनाव पीएम मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव है।"

                    OCTOBER 16, 2023 / 2:22 PM IST

                    Latest News Live: ओलंपिक में 128 साल बाद क्रिकेट की होगी वापसी

                    लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में क्रिकेट को भी आधिकारिक तौर पर शामिल कर लिया गया है। इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) ने 2028 लॉस एंजिल्स गेम्स में क्रिकेट और चार अन्य नए खेलों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। क्रिकेट इससे पहले साल 1900 के पेरिस ओलिंपिक में खेला गया था। यानी 128 साल बाद एक बार फिर ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी होगी। पिछले कई सालों से क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने की चली आ रही बहस पर इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने विराम लगा दिया है।

                      OCTOBER 16, 2023 / 1:15 PM IST

                      Telangana Election 2023 Live: KCR ने चुनावी मौसम में की लुभावने वादों की बारिश

                      भारत राष्ट्र समिति (BRS) के प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) ने रविवार को हैदराबाद में पार्टी के घोषणापत्र जारी की। इसके साथ ही सीएम ने 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपना अभियान शुरू कर दिया है। तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र में सत्तारूढ़ BRS ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में वृद्धि, रायतू बंधु निवेश सहायता योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाने और 400 रुपये में LPG सिलेंडर प्रदान करने समेत कुछ वादे किए हैं। पार्टी ने राज्य के लोगों को 15 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया है।

                        OCTOBER 16, 2023 / 12:57 PM IST

                        Israel-Hamas War Live: रिपोर्ट का दावा- दक्षिणी गाजा में सीजफायर पर बनी सहमति

                        न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने मिस्र के दो सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया है कि अमेरिका, इजराइल और मिस्र दक्षिणी गाजा में संघर्ष विराम के लिए सहमत हो गए हैं। यह संघर्ष विराम स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 9 बजे से होगा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस दौरान गाजा की मिस्र से लगती बॉर्डर क्रॉसिंग खुलेगी। मिस्र पर इस क्रॉसिंग को खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहायता एजेंसियों दबाव बना रही हैं। अमेरिका ने शनिवार को अपने नागरिकों को क्रॉसिंग के खुलने पर तैयार रहने के लिए कहा था और दक्षिण की ओर जाने की सलाह दी थी।

                          OCTOBER 16, 2023 / 12:23 PM IST

                          Election 2023 News Live: जशपुर में BJP प्रत्याशी बदलने की मांग तेज

                          छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गणेश राम भगत के समर्थक जशपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार को बदलने की मांग को लेकर शनिवार शाम से रायपुर में पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। जशपुर से आए सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय का घेराव कर दिया। इनकी नाराजगी की वजह रायमुनि भगत को जशपुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाना है। ये सभी लोग पूर्व मंत्री और जशपुर से विधायक रह चुके वरिष्ठ आदिवासी नेता गणेशराम भगत के समर्थक हैं। कांग्रेस के विनय कुमार भगत वर्तमान में जशपुर सीट से विधायक हैं। इस सीट पर दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा, जबकि वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। BJP ने जशपुर सीट (अनुसूचित जनजाति उम्मीदवारों के लिए सुरक्षित) से जशपुर जिला पंचायत की महिला सदस्य रायमुनी भगत को मैदान में उतारा है।

                            OCTOBER 16, 2023 / 12:12 PM IST

                            Israel-Hamas War Live: बाइडेन कर सकते हैं इजराइल का दौरा

                            अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) जल्द ही इजराइल का दौरान कर सकते हैं। इस मामले से परिचित एक सूत्र ने बताया कि बाइडेन की यात्रा अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की यात्रा के बाद होगी, जो इस समय इजराइल में मौजूद हैं। सूत्रों ने बताया हाल ही में हुई एक फोन कॉल के दौरान पीएम नेतन्याहू ने बाइडेन को आमंत्रित किया था। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालांकि बाइडेन के दौरे को लेकर व्हाइट हाउस अभी विचार कर रहा है।

                              OCTOBER 16, 2023 / 11:49 AM IST

                              Latest News Live: सुरेंद्र कोली को 12 मामलों से बरी

                              इलाहाबाद हाई कोर्ट ने निठारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र कोली को उन 12 मामलों से बरी कर दिया है, जिनमें निचली अदालत ने उसे मौत की सजा सुनाई थी। निठारी हत्याकांड के सिलसिले में कोली को 10 से अधिक मामलों में मौत की सजा सुनाई गई थी। वहीं, मोनिंदर सिंह पंढेर को भी उन दो मामलों से बरी कर दिया गया है, जिनमें उन्हें मौत की सजा दी गई थी। सुरेंद्र कोली और मोनिंदर सिंह पंढेर यूपी के नोएडा के कुख्यात निठारी हत्याकांड में आरोपी और सह-अभियुक्त हैं।

                                OCTOBER 16, 2023 / 11:19 AM IST

                                Latest News Live: निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली और मनिंदर सिंह पंढेर बरी

                                राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के चर्चित निठारी कांड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोषी करार दिए गए सुरेंद्र कोली और मनिंदर सिंह पंढेर को तमाम मामलों में बरी कर दिया है। सुरेंद्र कोली को 12 और मनिंदर सिंह पंढेर को दो मामलों में मिली फांसी की सजा को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने गाजियाबाद की CBI कोर्ट द्वारा सुनाई गई फांसी की सजा को रद्द करते हुए दोनों आरोपियों को इन मामलों में बरी कर दिया है।

                                  OCTOBER 16, 2023 / 11:02 AM IST

                                  Israel- Hamas War Live: ईरान ने इजराइल को दी धमकी

                                  अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन ने इजराइल को धमकी दी है। होसैन ने कहा कि अमेरिका कठपुतली है। अगर युद्ध का दायरा बढ़ा तो अमेरिका और इजराइल को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। गाजा में घुसे सैनिकों को छोड़ा नहीं जाएगा।

                                    OCTOBER 16, 2023 / 10:44 AM IST

                                    Israel- Hamas War Live: गाजा पर कब्जा करने का कोई इरादा नहीं – इजराइल

                                    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडने ने कहा कि अगर इजराइल गाजा पट्टी पर कब्जा करता है तो यह एक बहुत बड़ी गलती होगी। इस बीच अमेरिका में तैनात इजराइली राजदूत माइकल हेरजोग की ओर से एक बयान आया है। इसमें कहा गया है कि इजराइल की ओर से गाजा पट्टी पर कब्जा करने का कोई इरादा नहीं है। हेरजोग ने आगे कहा कि हमें 20 लाख से अधिक फिलिस्तीनियों पर शासन करने की कोई इच्छा नहीं है।

                                      OCTOBER 16, 2023 / 9:53 AM IST

                                      Israel- Hamas War Live: इजराइल ने जब्त किए हमास के हथियार

                                      इजराइली सेना ने हमास के जब्त किए गए हथियारों का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया है। इसमें लिखा गया है कि ये हथियार हमास ने इजराइलियों को मारने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियारों का केवल 20 फीसदी ही है। उधर इजराइल और हमास के बीच जैसे जैसे जंग आगे बढ़ती जा रही है। दुनिया भर में इजराइल और फलस्तीनियों दोनों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं।

                                        OCTOBER 16, 2023 / 9:34 AM IST

                                        Israel- Hamas War Live: बाइडेन ने इजराइल को दी चेतावनी

                                        हमास से युद्ध में अमेरिका इजराइल का खुलकर समर्थन कर रहा है। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने साफ कर दिया है कि वे गाजा पट्टी में इजराइल के कब्जे का समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इजराइल गाजा पर कब्जा करता है, तो यह एक बड़ी गलती होगी। हालांकि, बाइडेन ने कहा कि वे चाहते हैं कि हमास का पूरी तरह से खात्मा बेहद जरूरी है। इसकी वजह ये है कि हमास सभी फिलिस्तीनी लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि मेरे विचार से गाजा में जो हुआ। उसके लिए हमास जिम्मेदार है। हमास के चरमपंथी तत्व सभी फिलिस्तीनी लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।

                                          OCTOBER 16, 2023 / 8:43 AM IST

                                          World Cup 2023 Live: वर्ल्ड कप 2023 में आज ऑस्ट्रेलिया की टक्कर श्रीलंका से

                                          विश्व कप 2023 के 14वें मैच में ऑस्ट्रेलिया की टक्कर श्रीलंका से होगी। दोनों ही टीमें अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया विश्व कप के पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अब तक दो मैच खेल चुकी है। दोनो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। आज का मैच उत्तर प्रदेश के नवाबों के शहर लखनऊ में होगा। यहां अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। पढ़िए पूरी खबर विस्तार से...

                                            OCTOBER 16, 2023 / 8:19 AM IST

                                            Israel- Hamas War Live: हिज्बुल्लाह के ठिकाने पर इजराइली सेना का हमला

                                            इजराइली सुरक्षा बलों का कहना है कि उसने लेबनान में हिज्बुल्लाह के सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इजराइली सेना के तरफ से जारी एक वीडियो में दो इमारतों पर गोलाबारी होती दिख रही है। कम से कम एक इमारत पर आसमान से गोलाबारी हो रही है। इसमें कहा गया है कि वीडियो में देखे गए हमले रविवार और सोमवार तड़के किए गए है।

                                              OCTOBER 16, 2023 / 8:05 AM IST

                                              Israel- Hamas War Live: इजराइल ने गाजा की सीमा पर टैंक किए तैनात

                                              इजराइल ने अपने टैंकों को गाजा की सीमा के पास तैनात करना शुरू कर दिया है। फिलिस्तीनी क्षेत्र में लगातार बमबारी जारी है। इजराइल सुरक्षा बलों ने गाजा के उत्तरी भाग में और उसके आसपास के ठिकानों पर हमला किया है। इजराइली सेना का अनुमान है कि 600,000 से अधिक लोग गाजा शहर और उसके आसपास से दक्षिणी गाजा की ओर चले गए हैं। इजराइली हमले में करीब 2400 फिलिस्तीनी नागरिकों के मारे जाने की खबर है। वहीं हमास के हमले में करीब 1400 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं हमास के हमले में मारे गए अमेरिकी नागरिकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।

                                                OCTOBER 16, 2023 / 8:00 AM IST

                                                नमस्कार

                                                मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।