Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News SEPTEMBER 19, 2023 / 7:31 PM IST

Today News Highlight: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश! 20 सितंबर को होगी बहस, महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी 33% सीटें

Today News Highlight: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश हो चुका है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस बिल को लोकसभा में पेश किया। नई संसद भवन में अपने पहले संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को अधिकार देने का उनकी शक्ति को आकार देने का काम करने के लिए भगवान ने मुझे ही चुना है। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' नाम दिया है। महिला आरक्षण विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी या एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव है

Today News Highlight: भारतीय राजनीति के इतिहास में आज का दिन ऐतिहासिक था। 18 जनवरी 1927 को पुरानी संसद बिल्डिंग बनकर तैयार हुई और आज 19 सितंबर को इसकी विदाई हो गई। नए संसद भवन में आज से विशेष सत्र की शुरुआत हो चुकी है। इससे पहले पुरानी संसद में लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों ने फोटो शूट करवाया।

Today News Highlight:  संसद के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। सत्र की कार्यवाही आज से नए संसद भवन में शुरू हो चुकी है
Today News Highlight: संसद के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। सत्र की कार्यवाही आज से नए संसद भवन में शुरू हो चुकी है
SEPTEMBER 19, 2023 / 5:38 PM IST

Parliament Special Session Live: लोकसभा में 181 हो जाएगी महिला सांसदों की संख्या

लोकसभा में 20 सितंबर को महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर चर्चा शुरू होगी। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों द्वारा पारित किए जाने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून बन जाएगा। इस कानून के प्रभावी होने के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएगी। लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या 181 हो जाएगी। वर्तमान लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या सिर्फ 82 है...

    SEPTEMBER 19, 2023 / 5:16 PM IST

    Latest News Live: झारखंड में 3 दिन होगी मूसलाधार बारिश

    उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने से झारखंड के कुछ हिस्सों में बुधवार से अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 22 सितंबर तक मुख्य रूप से झारखंड के दक्षिणी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।

      SEPTEMBER 19, 2023 / 4:43 PM IST

      Parliament Special Session Live: 'कमजोर महिलाओं' पर वित्त मंत्री और खड़गे के बीच जोरदार बहस

      राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अनुसूचित जाति की महिलाओं की साक्षरता दर कम है। यही कारण है कि राजनीतिक दलों को 'कमजोर महिलाओं' को चुनने की आदत है। वे उन लोगों को नहीं चुनते जो शिक्षित हैं और लड़ सकती हैं। खड़गे के बयान पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "हम विपक्ष के नेता का सम्मान करते हैं लेकिन यह व्यापक बयान देना कि सभी पार्टियां उन महिलाओं को चुनती हैं जो प्रभावी नहीं हैं, बिल्कुल अस्वीकार्य है। प्रधानमंत्री जी, हम सभी को हमारी पार्टी ने सशक्त बनाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक सशक्त महिला हैं..."

        SEPTEMBER 19, 2023 / 4:19 PM IST

        Latest News Live: कौन था हरदीप निज्जर? ​जिसकी वजह से भारत-कनाडा के संबंधों में आई दरार

        खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर को लेकर भारत और कनाडा के संबंधों में तल्खी और बढ़ती जा रही है। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया है कि निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार हो सकती है। साथ ही कनाडा ने भारत के शीर्ष राजनयिक को भी निष्कासित कर दिया है। अब भारत ने भी जवाबी कार्रवाई में दिल्ली स्थित कनाडाई उच्चायोग को समन भेजा और एक सीनियर डिप्लोमैट को निष्कासित कर दिया है। जानिए कौन था हरदीप सिंह निज्जर, जिसकी वजह से भारत-कनाडा के संबंधों में दरार आई। पढ़ें, पूरी रिपोर्ट...

          SEPTEMBER 19, 2023 / 3:29 PM IST

          Parliament Special Session Live: 'नारीशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम'

          राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि नारीशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम हम सब आज मिलकर उठाने जा रहे हैं। इसके लिए नारीशक्ति वंदन अधिनियम संविधान संशोधन के रूप में सरकार लोकसभा में लेकर आई है। पीएम मोदी ने कहा कि कल लोकसभा में इसपर चर्चा होगी और उसके बाद वह राज्यसभा में आएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आज राज्यसभा के सभी माननीय सांसद साथियों से आग्रह करने आया हूं कि जब भी बिल हमारे सामने आए, तो आप सब सर्वसम्मति से उसपर निर्णय करें।

            SEPTEMBER 19, 2023 / 3:23 PM IST

            Parliament Special Session Live: 'आज का दिन ऐतिहासिक है'

            महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन यादगार भी है और ऐतिहासिक भी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज नया संसद भवन देश के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक फैसले का साक्षी बन रहा है। अभी लोकसभा में बिल पेश किया गया है। जो वहां पारित होने के बाद यहां भी आएगा।

              SEPTEMBER 19, 2023 / 3:02 PM IST

              Parliament Special Session Live: 'महिला सशक्तिकरण के संबंध में है बिल'

              केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल महिला आरक्षण बिल को पेश करने के बाद कहा कि यह बिल महिला सशक्तिकरण के संबंध में है। इसके माध्यम से संविधान के अनुच्छेद 239AA में संशोधन करके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की जाएंगी। अनुच्छेद 330A लोक सभा में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए सीटों का आरक्षण है।

                SEPTEMBER 19, 2023 / 2:34 PM IST

                Parliament Special Session Live: लोकसभा-विधानसभाओं में महिलाओं को मिलेंगी 33% आरक्षण

                नए संसद भवन की लोकसभा में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश कर दिया है। महिला आरक्षण बिल के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित होंगी। महिला आरक्षण की अवधि 15 साल की होगी। लोकसभा में अब 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। वर्तमान में लोकसभा में महिलाओं की संख्या 82 है। साथ ही दिल्ली विधानसभा में भी महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा।

                  SEPTEMBER 19, 2023 / 2:20 PM IST

                  Parliament Special Session Live: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश

                  महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश हो चुका है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बिल को लोकसभा में पेश किया। नई संसद भवन में अपने पहले संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को अधिकार देने का उनकी शक्ति को आकार देने का काम करने के लिए भगवान ने मुझे चुना है। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' नाम दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं इस सदन के सभी साथियों से आग्रह करता हूं कि जब एक पावन शुरुआत हो रही है, एक पावन विचार सामने आया है तो सर्वसम्मति से जब ये बिल कानून बनेगा तो इसकी ताकत अनेक गुना बढ़ जाएगी। इसलिए मैं दोनों सदनों के सभी माननीय सांसदों से इसे सर्वसम्मति से पारित करने की प्रार्थना करता हूं।

                    SEPTEMBER 19, 2023 / 2:05 PM IST

                    Parliament Special Session Live: '1996 में महिला आरक्षण बिल पहली बार पेश हुआ था'

                    अनेक वर्षों से महिला आरक्षण पर बहुत चर्चाएं और वाद-विवाद हुए हैं। 1996 में इससे जुड़ा बिल पहली बार पेश हुआ था। अटल जी के कार्यकाल में कई बार महिला आरक्षण बिल पेश किया गया, लेकिन उसे पास कराने के लिए आंकड़े नहीं जुटा पाए। जिस वजह से वो सपना अधूरा रह गया। पीएम मोदी ने कहा कि हर देश की विकास यात्रा में ऐसे मील का पत्थर आते हैं, जब वो गर्व से कहता है कि आज के दिन हम सबने नया इतिहास रचा है। नए सदन के प्रथम सत्र के प्रथम भाषण में मैं बड़े विश्वास और गर्व से कह रहा हूं कि आज का ये पल, आज का ये दिवस इतिहास में नाम दर्ज कराने वाला है।

                      SEPTEMBER 19, 2023 / 1:59 PM IST

                      Parliament Special Session Live: 'इस पवित्र काम के लिए ईश्वर ने मुझे चुना', महिला आरक्षण पर बोले पीएम मोदी

                      नई संसद भवन में अपने पहले संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि इस पवित्र काम के लिए ईश्वर ने मुझे चुना। पीएम मोदी ने सभी सासंदों से महिला आरक्षण बिल को पास कराने में समर्थन की अपील की। पीएम ने कहा कि यह बिल नारी शक्ति के लिए एक नया प्रवेश द्वार खोलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में कई बार महिला आरक्षण बिल पेश किया गया। लेकिन उसे पार कराने के लिए आंकड़े नहीं जुटा पाए और उसके कारण वह सपना आधूरा रह गया। महिलाओं को अधिकार देने का उनकी शक्ति को आकार देने का काम करने के लिए भगवान ने मुझे चुना है। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' नाम दिया है।

                        SEPTEMBER 19, 2023 / 1:39 PM IST

                        Parliament Special Session Live: 'नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है भारत'

                        नई संसद भवन में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ये अवसर कई मायनों में अभूतपूर्व है। आजादी के अमृतकाल का ये ऊषाकाल है और भारत अनेक सिद्धियों के साथ नए संकल्प लेकर, नए भवन में अपना भविष्य तय करने के लिए आगे बढ़ रहा है।

                          SEPTEMBER 19, 2023 / 1:31 PM IST

                          Parliament Special Session Live: नए संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही शुरू

                          नए संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। सभी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई पार्लियामेंट बिल्डिंग में प्रवेश किया। पुरानी संसद में संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की कॉपी लेकर नए संसद भवन पहुंचे। उनके साथ सभी सांसद भी मौजूद थे।

                            SEPTEMBER 19, 2023 / 1:01 PM IST

                            Parliament Special Session Live: पुरानी संसद को अलविदा, नई संसद भवन का हुआ श्रीगणेश

                            सभी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई पार्लियामेंट बिल्डिंग में प्रवेश कर लिया है। पुरानी संसद में संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की कॉपी लेकर नए संसद भवन पहुंचे। उनके साथ सभी सांसद भी मौजूद थे। आज नए संसद भवन में कार्यवाही शुरू होगी।

                              SEPTEMBER 19, 2023 / 12:33 PM IST

                              'पुरानी संसद भवन अब संविधान सदन के नाम से जाना जाएगा'

                              पुराना संसद भवन अब 'संविधान सदन' के रूप में जाना जाएगा। संसद के विशेष सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यह सुझाव दिया। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा एक सुझाव है। अब जब हम नई संसद में जा रहे हैं तो इसकी (पुरानी संसद भवन) गरिमा कभी कम नहीं होनी चाहिए। इसे सिर्फ पुरानी संसद भवन बनकर नहीं छोड़ देना चाहिए। इसलिए मेरा आग्रह है कि यदि आप सहमत हैं तो इसे 'संविधान सदन' के नाम से जाना जाना चाहिए।

                                SEPTEMBER 19, 2023 / 12:19 PM IST

                                Parliament Special Session Live: 'भारत टॉप 3 में पहुंचकर रहेगा'

                                संसद के विशेष सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत पांचवी अर्थव्यवस्था पर पहुंचा है लेकिन पहले 3 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। मैं जिस स्थान पर हूं उस जानकारी के आधार और विश्व के गणमान्य लोगों से बातचीत करता हूं उस आधार पर कह रहा हूं कि दुनिया आश्वस्त है कि भारत टॉप 3 में पहुंचकर रहेगा।

                                  SEPTEMBER 19, 2023 / 12:17 PM IST

                                  Parliament Special Session Live: 'भारत को अब बड़े कैनवास पर काम करना ही होगा'

                                  पीएम मोदी ने कहा कि अमृतकाल के 25 वर्षों में भारत को अब बड़े कैनवास पर काम करना ही होगा। हमें आत्मनिर्भर भारत बनाने के लक्ष्य को सबसे पहले परिपूर्ण करना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी की दुनिया में भारत का नौजवान जिस प्रकार आगे बढ़ रहा है, वो पूरे विश्व के लिए आकर्षण और स्वीकृति का केंद्र बन रहा है।

                                    SEPTEMBER 19, 2023 / 12:11 PM IST

                                    Parliament Special Session Live: 'हमने अलगाववाद एवं आतंकवाद के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम उठाया'

                                    प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने इस सदन में आर्टिकल-370 से मुक्ति पाने, अलगाववाद एवं आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने का महत्वपूर्ण कदम उठाया। इस काम में माननीय सांसदों और संसद की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में इसी सदन में निर्मित संविधान लागू किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि आज जम्मू कश्मीर शांति और विकास के रास्ते पर चल पड़ा है और नई उमंग, नए उत्साह, नए संकल्प के साथ वहां के लोग आगे बढ़ने का कोई मौका अब छोड़ना नहीं चाहते।

                                      SEPTEMBER 19, 2023 / 12:03 PM IST

                                      Parliament Special Session Live: 'दोनों सदनों ने मिलकर करीब 4000 कानून पास किए हैं'

                                      सेंट्रल हॉल में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह भवन और उसमें भी यह सेंट्रल हॉल, एक प्रकार से हमारी भवानाओं से भरा हुआ है। हमें भावुक भी करता है और हमें कर्तव्य के लिए प्रेरित भी करता है। आजादी के पूर्व यह खंड एक तरह से लाइब्रेरी के रूप में इस्तेमाल होता था। आजादी के बाद में संविधान सभा की बैठकें यहां हुईं और संविधान सभा की बैठकों के द्वारा गहन चर्चा के बाद हमारे संविधान ने यहां आकार लिया।

                                      पीएम मोदी ने कहा कि यहीं पर 1947 में अंग्रेजी हुकूमत ने सत्ता हस्तांतर किया। उस प्रक्रिया का साक्षी यह सेंट्रल हॉल है। इसी सेंट्रल हॉल में हमारे तिरंगे, राष्ट्रगान को अपनाया गया। इस एतिहासिक अवसरों पर आजादी के बाद अनेक अवसर आए जब दोनों सदनों के मिलकर भारत के भाग्य को गणने के लिए सहमती बनाई। 1952 में करीब 42 राष्ट्राध्यक्षों ने इस सेंट्रल हॉल में संबोधित किया है। हमारे राष्ट्रपति महोदयों द्वारा 86 बार संबोधित किया गया... दोनों सदनों ने मिलकर करीब 4000 कानून पास किए हैं।

                                        SEPTEMBER 19, 2023 / 11:53 AM IST

                                        Parliament Special Session Live: 'नए संसद भवन में नए भविष्य का श्री गणेश करने जा रहे हैं'

                                        पुराने संसद के सेंट्रल हॉल में अपने संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज नए संसद भवन में हम सब मिलकर नए भविष्य का श्री गणेश करने जा रहे हैं। आज हम यहां विकसित भारत का संकल्प दोहराना, फिर एक बार संकल्प बद्ध होना और उसका परिपूर्ण करने के लिए जी जान से जुटने के इरादे से नए भवन की तरफ प्रस्थान कर रहे हैं।

                                          SEPTEMBER 19, 2023 / 11:46 AM IST

                                          Parliament Special Session Live: 20 सितंबर को महिला आरक्षण पर होगी चर्चा

                                          न्यूज एजेंसी ANI को सूत्रों ने बताया कि महिला आरक्षण बिल आज लोकसभा में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे। बिल को सदन में पारित कराने के लिए कल यानी 20 सितंबर को चर्चा होगी। इसके बाद यह बिल 21 सितंबर को राज्यसभा में पेश होगा। बताया जा रहा है महिला आरक्षण रोटेशनल आधार पर लागू होगा।

                                            SEPTEMBER 19, 2023 / 11:43 AM IST

                                            Parliament Special Session Live: 'ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने पर गर्व'

                                            संसद के विशेष सत्र के दौरान बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने कहा कि आज यह एक ऐतिहासिक दिन है और मुझे इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने पर गर्व है। हम एक नई इमारत में जा रहे हैं और उम्मीद है कि यह भव्य इमारत नए भारत की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करेगी। आज, मुझे लोकसभा में सबसे वरिष्ठ सांसद के रूप में इस सम्मानित सभा को संबोधित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है... मैंने अपना अधिकांश जीवन इस संस्थान में बिताया है और मैंने 7 प्रधानमंत्रियों और भव्य इतिहास को आकार लेते हुए देखा है। एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में मेरे पास कई कार्यकाल थे और अंततः अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में BJP में शामिल हुई।

                                              SEPTEMBER 19, 2023 / 11:38 AM IST

                                              Latest News LIVE: आतंकियों के खिलाफ 7वें दिन सर्च ऑपरेशन जारी

                                              जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के गडोले वन क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों का सफाया करने के लिए चलाया गया अभियान मंगलवार को सातवें दिन भी जारी है। आतंकवादियों के ठिकानों का पता लगाने के सुरक्षा बल ड्रोन का प्रयोग कर रहे हैं और लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुठभेड़ में शहीद हुए सेना के तीन अधिकारियों की शहादत का बदला लेने की कसम खाई है। इस बीच, 27 वर्षीय भारतीय सेना के जवान प्रदीप सिंह को 18 सितंबर की शाम लगभग 5 बजे मृत पाया गया। सिंह 13 सितंबर से लापता थे। वह कोकेरनाग ऑपरेशन का हिस्सा थे

                                                SEPTEMBER 19, 2023 / 11:27 AM IST

                                                Parliament Special Session Live: पुरानी संसद में आखिरी कार्यवाही जारी

                                                पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आज आखिरी कार्यवाही चल रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान अपने संबोधन में बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने संसद में कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से हाशिए पर खड़ी महिलाओं की किस्मत बदल जाएगी।

                                                  SEPTEMBER 19, 2023 / 10:57 AM IST

                                                  Parliament Special Session Live: स्मृति ईरानी पेश कर सकती हैं महिला आरक्षण बिल

                                                  केंद्र सरकार आज ही नए संसद भवन में महिला आरक्षण बिल पेश करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी लोकसभा में बिल को पेश करेंगी। कहा जा रहा है कि महिला आरक्षण बिल रोटेशनल बेस पर होगा। 180 लोकसभा सीट पर डुअल मेंबरशिप होगी। इनमें से एक तिहाई सीट SC-ST के लिए रिजर्व होगी। साल 2027 के बाद परिसीमन होने के बाद इतनी ही सीट्स को बढ़ाकर महिलाओं के लिए रिजर्व कर दिया जाएगा।

                                                    SEPTEMBER 19, 2023 / 10:53 AM IST

                                                    Latest News LIVE: भारत ने वरिष्ठ कनाडाई राजनयिक को किया निष्कासित

                                                    भारत और कनाडा के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि भारत में कनाडा के उच्चायुक्त को आज तलब किया गया। भारत में स्थित एक वरिष्ठ कनाडा के राजनयिक को निष्कासित करने के भारत सरकार के फैसले के बारे में सूचित किया गया। संबंधित राजनयिक को अगले पांच दिनों के भीतर भारत छोड़ने को कहा गया है। यह निर्णय हमारे आंतरिक मामलों में कनाडा के राजनयिकों के हस्तक्षेप और भारत विरोधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी पर भारत सरकार की बढ़ती चिंता को दर्शाता है।

                                                      SEPTEMBER 19, 2023 / 10:36 AM IST

                                                      Latest News LIVE: भारत ने कनाडा उच्चायुक्त को किया तलब

                                                      कनाडाई सरकार द्वारा भारतीय राजनयिक को निष्कासित किए जाने के बाद अब भारत ने नई दिल्ली में कनाडा उच्चायुक्त को तलब किया है। भारत में कनाडा के उच्चायुक्त कैमरून मैके नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्रालय मुख्यालय पहुंच चुके हैं। इससे पहले भारत ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों को बेतुका और बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या संबंधी घटना में भारत सरकार का हाथ था। कनाडा में निज्जर की हत्या में भारत सरकार का हाथ होने के ट्रूडो के आरोपों की जांच के बीच वहां की सरकार ने शीर्ष भारतीय राजनयिक को देश ने निष्कासित कर दिया है।

                                                        SEPTEMBER 19, 2023 / 10:30 AM IST

                                                        Parliament Special Session Live: BJP सांसद मीनाक्षी लेखी के घर पहुंचीं सैकड़ों महिलाएं

                                                        आज से नए संसद भवन में संसद की कार्यवाही शुरू हो रही है। इस दौरान करीब 500 महिलाएं मीनाक्षी लेखी के घर एकत्र हो रही हैं। यहां से वो संसद भवन जाएंगी। जहां संसद की कार्यवाही देखेंगी। महिला आरक्षण पर महिलाएं काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दे रही हैं। महिलाओं का कहना है कि ये पहला मौका है जब महिलाओ का प्रतिनिधित्व ज्यादा होगा।

                                                          SEPTEMBER 19, 2023 / 10:16 AM IST

                                                          Parliament Special Session Live: BJP सांसद हुए बेहोश

                                                          सांसदों के ग्रुप फोटो सेशन के दौरान BJP सांसद नरहरि अमीन बेहोश हो गए। फिलहाल अब वह ठीक हैं और फोटो सेशन में हिस्सा लिया।

                                                            SEPTEMBER 19, 2023 / 10:13 AM IST

                                                            Parliament Special Session Live: नए संसद भवन को मिला आधिकारिक रूप से संसद भवन का दर्जा

                                                            केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर नए संसद भवन को आधिकारिक रूप से संसद भवन का दर्जा दे दिया है। लोक सभा सचिवालय ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। यहां संसद सत्र शुरू करने के लिए ऐसा करना जरूरी होता है। नए संसद के कामकाज के लिए सब कुछ हाईटेक बनाया गया है। अहम कामकाज के लिए अलग-अलग ऑफिस बनाए गए हैं। सांसद, मंत्री, कर्मचारी सबके लिए हाईटेक ऑफिस बनाए गए हैं। नए संसद भवन में कॉमन रूम, महिलाओं के लिए लाउंज और क्रेच तक की व्यवस्था की गई है। विशेष सत्र के दूसरे दिन आज लोकसभा की कार्यवाही संसद के नए भवन में दोपहर बाद 1:15 बजे शुरू होगी। दोपहर बाद 2:15 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी।

                                                              SEPTEMBER 19, 2023 / 10:00 AM IST

                                                              Parliament Special Session Live: पुरानी संसद में फोटो शूट जारी

                                                              आज से देश को नई संसद मिल जाएगी। इससे पहले पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी दलों के सांसदों ने पुरानी संसद में फोटो शूट में हिस्सा ले रहे हैं। फोटो सेशन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच में बैठकर सांसदों के साथ फोटो खिंचवाई। वहीं महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह हमारा है, अपना है।

                                                                SEPTEMBER 19, 2023 / 9:39 AM IST

                                                                Parliament Special Session Live: आज ही पेश हो सकता है महिला आरक्षण बिल

                                                                प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट ने महिला आरक्षण बिल को मंज़ूरी दे दी है। संसद की नई इमारत में पहले सत्र के ऐतिहासिक दिन को ऐतिहासिक कानून पास कराकर ऐतिहासिक बनाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार आज ही संसद में महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पेश किया जा सकता है। महिला आरक्षण विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी या एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव है। विधेयक में 33 फीसदी कोटा के भीतर SC, ST और एंग्लो-इंडियन के लिए उप-आरक्षण का भी प्रस्ताव है।

                                                                  SEPTEMBER 19, 2023 / 8:52 AM IST

                                                                  Parliament Special Session Live: पुरानी संसद को सेंट्रल हॉल में दी जाएगी विदाई

                                                                  विशेष सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही संसद के नए भवन में दोपहर बाद 1:15 बजे शुरू होगी। इससे पहले मंगलवार को सुबह 9:30 बजे संसद के पुराने भवन में सभी सांसदों का फोटो सेशन होगा। इसके बाद नए संसद में सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार को सुबह 11 बजे सेंट्रल हॉल में एक समारोह होगा। यह समारोह करीब 1.30 घंटे तक चल सकता है। सेंट्रल हॉल के इस कार्यक्रम के समापन के बाद विधिवत पूजा के साथ नई संसद में प्रवेश शुरू होगा। संसद के नए भवन में मंगलवार को दोपहर बाद 1:15 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। 19 सितंबर को नए संसद भवन में संसद सत्र की बैठक होगी और 20 सितंबर से नए भवन में नियमित संसदीय काम-काज शुरू होगा।

                                                                    SEPTEMBER 19, 2023 / 8:15 AM IST

                                                                    Parliament Special Session Live: गणेश चतुर्थी के शुभ दिन पर होगा नई संसद का श्रीगणेश

                                                                    आज नई संसद भवन का श्रीगणेश किया जाएगा। गणेश चतुर्थी की शुभ तिथि से संसदीय कामकाम की शुरुआत हो जाएगी। नई संसद भवन का उद्घाटन 28 मई 2023 को किया गया था। आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक नई संसद भवन में पहली बैठक आज होगी। आज ही गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2023) भी है। भगवान गणेश को हिंदू धर्म में प्रथम पूज्य देव माना गया है। किसी भी शुभ-मांगलिक कार्य में सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि, गणेश जी की पूजा करने से बप्पा समस्त विघ्न हर लेते हैं। ऐसे में नई संसद में कार्यवाही के लिए इस दिन को बहुत ही शुभ बताया जा रहा है।इस दिन ब्रह्म और शुक्ल जैसे शुभ योग का भी निर्माण होता है।

                                                                      SEPTEMBER 19, 2023 / 7:55 AM IST

                                                                      Parliament Special Session Live: संविधान की कॉपी लेकर जाएंगे पीएम मोदी

                                                                      आज से देश की संसद का कामकाज पुराने संसद भवन से नई संसद भवन (New Parliament Building) में शिफ्ट हो जाएगा. इस मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नए संसद भवन में जाने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पुराने संसद भवन से भारत के संविधान (Constitution of India) की एक कॉपी लेकर पीएम मोदी नए संसद भवन में जाएंगे। इसके साथ ही संसद सदस्य पैदल पीएम मोदी के पीछे चलेंगे। नई संसद बिल्डिंग में पहली बैठक के दौरान जब सांसद संसद भवन में प्रवेश करेंगे तो उन्हें उपहार के तौर पर 75 रुपये का चांदी का एक सिक्का भी दिया जाएगा। सभी सांसदों को भारत के संविधान की एक प्रति भी भेंट स्वरूप दी जाएगी। ठीक 1.30 बजे नए संसद भवन में कार्यवाही शुरू हो जाएगी। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2:15 बजे से शुरू होगी।