मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 लोगों की मौत, राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक

Madhya Pradesh Accident: राजस्थान में एक शादी में शामिल होने जा रहे पीड़ित ट्रैक्टर पर सवार थे। घायलों में से दो की हालत फिलहाल गंभीर है। एक अधिकारी ने कहा, "मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान नहीं है, क्योंकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत खतरे से बाहर है"

अपडेटेड Jun 03, 2024 पर 10:20 AM
Madhya Pradesh Accident: घायलों में से दो की हालत फिलहाल गंभीर है

Madhya Pradesh Accident: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पिपलोदी में रविवार (2 जून) देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार बच्चों समेत 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में 15 अन्य घायल हो गए। राजगढ़ के जिलाधिकारी हर्ष दीक्षित ने पीटीआई को फोन पर बताया कि घायलों में से 13 लोगों को जिला अस्ताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो लोगों को सिर और छाती पर चोट लगने के कारण बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान में एक शादी में शामिल होने जा रहे पीड़ित ट्रैक्टर पर सवार थे। घायलों में से दो की हालत फिलहाल गंभीर है। उन्होंने कहा, "मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान नहीं है, क्योंकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत खतरे से बाहर है।"

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ये लोग बाराती थे। यह बारात पड़ोसी राज्य राजस्थान के मोतीपुरा गांव से आई थी और यहां के कुलमपुर जा रही थी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी दुर्घटनास्थल पर मौजूद हैं।


राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने एएनआई को बताया, "राजस्थान से कुछ लोग ट्रैक्टर में सवार होकर शादी में शामिल होने के लिए राज्य में आ रहे थे। राजस्थान-राजगढ़ सीमा के पास ट्रैक्टर पलट गया जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। दो लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हमने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया है।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजगढ़ दुर्घटना में मारे गए परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखदाई है। अपने स्वजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

वहीं, सीएम मोहन यादव ने एक पोस्ट में कहा, "राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। कैबिनेट में साथी श्री @bjpnspbiaora जी सहित कलेक्टर एवं एसपी राजगढ़ मौके पर उपस्थित है। हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।।।ॐ शांति।।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।