महादेव सट्टा ऐप मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। एक्टर साहिल खान को मुंबई क्राइम ब्रांच की विशेष जांच (Special Investigation Team -SIT) ने हिरासत में लिया है। उन्हें छत्तीसगढ़ में हिरासत में लिया गया है और मुंबई लाया जा रहा है। इससे पहले साहिल ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिक दाखिल की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। खान द लायन बुक ऐप नाम के एक सट्टेबाजी ऐप से जुड़े हुए थे, जो महादेव सट्टेबाजी ऐप नेटवर्क का भी हिस्सा है।
जानकारी के मुताबिक साहिल खान पर बेटिंग साइट चलाने और बेटिंग ऐप प्रमोट करने का आरोप है। मुंबई की माटुंगा पुलिस की महादेव बेटिंग ऐप केस की जांच में साहिल खान का नाम आया था। इस मामले में पहले मुंबई पुलिस एसआईटी ने उनसे उनसे पूछताछ की थी।
जगदलपुर से हुई साहिल की गिरफ्तारी
मुंबई SIT ने शनिवार को साहिल खान को जगदलपुर से गिरफ्तार किया। मुंबई साइबर सेल की SIT कुछ वित्तीय और रियल एस्टेट कंपनियों और विवादास्पद महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटरों के बीच कथित अवैध लेनदेन की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की ओर से दर्ज FIR के मुताबिक, घोटाला लगभग 15 हजार करोड़ रुपए का है। इस मामले में साहिल खान और 31 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच में उनके बैंक खाते, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सभी तकनीकी उपकरणों की जांच शामिल है। लायन बुक को प्रमोट करने के बाद उन्होंने बतौर पार्टनर लोटस बुक 24/7 ऐप लॉन्च किया। साहिल ऐप को बढ़ावा देने के लिए अपने रौब का इस्तेमाल करते थे। वो सिलेब्रिटीज को बुलाते थे और ग्रैंड पार्टी का आयोजन करते थे।
दरअसल, एक्टर साहिल खान अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने Excuse Me और स्टाइल जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, साहिल फिल्मों में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ दी। फिर उनकी फिटनेस जर्नी शुरू हुई और वो फिटनेस इंफ्लुएंसर बन गए। साहिल Divine Nutrition नाम की एक कंपनी चलाते हैं, जो कि फिटनेस सप्लीमेंट्स बेचती है। साहिल का कहना था कि वो टैलेंटेड हैं, लेकिन फिल्मों में उनके टैलेंट का सही इस्तेमाल नहीं हुआ। लिहाजा उन्होंने बिजनेस करने के बारे में सोचा।