Manipur Violence: मणिपुर में तनाव बढ़ने पर इंफाल में लगा कर्फ्यू, प्रदर्शनकारियों ने विधायकों के घरों को निशाना बनाया

Imphal Curfew: मणिपुर में बीते सोमवार को हिंसा का एक और दौर शुरू हो गया जब 11 संदिग्ध उग्रवादियों ने मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक पुलिस थाने और निकटवर्ती CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) शिविर पर अत्याधुनिक हथियारों से हमला किया। हालांकि, वे मुठभेड़ में मारे गए

अपडेटेड Nov 16, 2024 पर 6:12 PM
Story continues below Advertisement
Manipur Violence: मणिपुर में तनाव बढ़ने पर इंफाल में लगा कर्फ्यू (FILE PHOTO)

राज्य में लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए मणिपुर की राजधानी इंफाल में शनिवार को कर्फ्यू घोषित कर दिया गया है। यह कर्फ्यू उन तीन शवों की बरामदगी के बाद लगाया गया है, जिनके बारे में शक है कि वे सोमवार को मणिपुर के जिरीबाम से लापता हुए छह लोगों में से थे। ये शव जिले में जिरी नदी में तैरते पाए गए थे। गृह मंत्रालय ने भी सुरक्षा बलों को शांति बहाल करने का निर्देश दिया और लोगों से उनका सहयोग करने का आग्रह किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि मणिपुर में तैनात सभी सुरक्षा बलों को राज्य में शांति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा परिदृश्य ‘‘नाजुक’’ बना हुआ है।

मणिपुर में बीते सोमवार को हिंसा का एक और दौर शुरू हो गया जब 11 संदिग्ध उग्रवादियों ने मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक पुलिस थाने और निकटवर्ती CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) शिविर पर अत्याधुनिक हथियारों से हमला किया। हालांकि, वे मुठभेड़ में मारे गए।

इसके एक दिन बाद, उसी जिले से सशस्त्र उग्रवादियों ने महिलाओं और बच्चों सहित छह नागरिकों का अपहरण कर लिया।


गृह मंत्रालय ने क्या कहा?

मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, "पिछले कुछ दिनों से मणिपुर में सुरक्षा परिदृश्य नाजुक बना हुआ है। संघर्ष में दोनों समुदायों के सशस्त्र उपद्रवी हिंसा में लिप्त रहे हैं, जिससे लोगों की जान चली गई और लोक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हुई।"

बयान के अनुसार, "हिंसक और विघटनकारी गतिविधियों में शामिल होने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रभावी जांच के लिए महत्वपूर्ण मामले एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) को सौंप दिए गए हैं।"

बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों को शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

गृह मंत्रालय ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया है।

नाजुक स्थिति को देखते हुए केंद्र ने बृहस्पतिवार को हिंसा प्रभावित जिरीबाम सहित राज्य के छह पुलिस थाना क्षेत्रों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) को दोबारा लागू कर दिया।

यह नया आदेश मणिपुर सरकार की ओर से एक अक्टूबर को इन छह पुलिस थानों समेत 19 थाना क्षेत्रों को छोड़कर पूरे राज्य में अफस्पा लागू करने के बाद जारी किया गया।

कहां-कहां लागू हुई AFSPA?

जिन पुलिस थाना क्षेत्रों में अफस्पा को फिर से लागू किया गया है, वे हैं इंफाल पश्चिम जिले में सेकमाई और लमसांग, इंफाल पूर्वी जिले में लमलाई, जिरीबाम जिले में जिरीबाम, कांगपोकपी में लीमाखोंग और बिष्णुपुर में मोइरांग।

मणिपुर सरकार के एक अक्टूबर के अफस्पा लगाने के आदेश से बाहर रहे पुलिस थानों में इंफाल, लाम्फाल, सिटी, सिंगजामेई, सेकमाई, लैमसांग, पाटसोई, वांगोई, पोरोम्पैट, हेइनगांग, लामलाई, इरिलबंग, लीमाखोंग, थौबल, बिष्णुपुर, नामबोल, मोइरंग, काकचिंग और जिरीबाम शामिल थे।

पिछले साल मई से इंफाल घाटी स्थित मेइती और समीपवर्ती पहाड़ियों पर स्थित कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Manipur: कांस्टेबल पति इंफाल में तैनात, जिरीबाम में पत्नी और बच्चों को आतंकियों ने किया अगवा, बोला- रातभर सो नहीं पाता हूं

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।