Mann Ki Baat: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात लंबे समय से कर रहे हैं। आज मन की बात कार्यक्रम का 94वां एपिसोड है। पीएम मोदी ने कहा कि आज, देश के कई हिस्सों में सूर्य उपासना का महापर्व ‘छठ’ मनाया जा रहा है। ‘छठ’ पर्व का हिस्सा बनने के लिए लाखों श्रद्धालु अपने गांव, अपने घर, अपने परिवार के बीच पहुंचे हैं। मेरी प्रार्थना है कि छठ मइया सबकी समृद्धि, सबके कल्याण का आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना की परंपरा इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति, हमारी आस्था का, प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव है।
इस पूजा के जरिए हमारे जीवन में सूर्य के प्रकाश का महत्व समझाया गया है। इसे साथ ही ये संदेश भी दिया गया है कि उतार-चढ़ाव, जीवन का अभिन्न हिस्सा है। लिहाजा हमें हर परिस्थिति में एक समान भाव रखना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि पहले गुजरात में उतनी छठ पूजा नहीं होती थी लेकिन समय के साथ आज करीब-करीब पूरे गुजरात में छठ पूजा के रंग नजर आने लगे हैं। ये देखकर मुझे भी बहुत खुशी होती है। आजकल हम देखते हैं कि विदेशों से भी छठ पूजा की कितनी भव्य तस्वीरें आती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सूर्य देव का ये वरदान है- ‘सौर ऊर्जा’। सोलर एनर्जी आज एक ऐसा विषय है। जिसमें पूरी दुनिया अपना भविष्य देख रही है। भारत के लिए तो सूर्य देव सदियों से उपासना ही नहीं, जीवन पद्धति के भी केंद्र में रह रहे हैं। भारत, आज अपने पारंपरिक अनुभवों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ रहा है। तभी,आज हम सौर ऊर्जा से बिजली बनाने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में, कांचीपुरम में एक ने पीएम कुसुम योजना के तहत अपने खेत में 10 हॉर्सपावर का सोलर पंप सेट लगवाया। अब उन्हें अपने खेत के लिए बिजली पर कुछ खर्च नहीं करना होता है। खेत में सिंचाई के लिए अब वो सरकार की बिजली सप्लाई पर निर्भर भी नहीं हैं।
सूर्यग्राम बनेगा बड़ा जन आंदोलन
पीएम मोदी ने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब भारत में सूर्यग्रामों का निर्माण बहुत बड़ा जनांदोलन बनेगा। इसकी शुरुआत मोढेरा गांव के लोग कर ही चुके हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग उन्हें पत्र लिख रहे हैं और कह रहे हैं कि उनके गांव को सूर्यग्राम में शामिल कर दिया जाए। मोढेरा के एक शख्स ने कहा कि सर वो पूरे गाँव के लोग खेती कर रहे हैं। हमारे यहां बिजली की समस्या थी। इससे अब मुक्ति मिल गई है। इसमें बिजली का बिल भी नहीं भरना पड़ता है। सोलर लगवाने से बहुत फायदा है।
स्पेस सेक्टर में भारत कर रहा है कमाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी मैं आपसे सूरज की बातें कर रहा था। अब मेरा ध्यान स्पेस (Space) की तरफ जा रहा है। वो इसलिए, क्योंकि हमारा देश, सोलर सेक्टर के साथ ही स्पेस सेक्टर में भी कमाल कर रहा है। पूरी दुनिया आज, भारत की उपलब्धियां देखकर हैरान है। लिहाजा ‘मन की बात’ के श्रोताओं को ये बताकर मैं उनकी भी खुशी बढ़ाऊं। आपसे बात करते हुए मुझे वो पुराना समय भी याद आ रहा है। जब भारत को Cryogenic Rocket Technology देने से मना कर दिया गया था। लेकिन भारत के वैज्ञानिकों ने ना सिर्फ स्वदेशी तकनीक विकसित की बल्कि आज इसकी मदद से एक साथ दर्जनों उपग्रह अंतरिक्ष में भेज रहे हैं। भारत में पहले स्पेस सेक्टर सरकारी व्यवस्थाओं के दायरे में ही सिमटा हुआ था। जब इसे प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिया गया है। तब इसमें क्रांतिकारी परिवर्तन आने लगे हैं।
राष्ट्र निर्माण में जुटा युवा
पीएम मोदी ने कहा कि आपको याद होगा मैंने लाल किले से ‘जय अनुसंधान’ का आह्वान किया था। मैनें इस दशक को भारत का दशक बनाने की बात भी कही थी। मुझे ये देखकर बहुत अच्छा लगा। इसकी कमान हमारी IITs के स्टूडेंट्स ने भी संभाल ली है। पिछले कुछ सालों में हुई एक हैकॉथॉन्स ने देश के लाखों युवाओं ने मिलकर, बहुत सारी चुनौतियों को निपटाया है। देश को नए समाधान दिए हैं। हमारे आज के युवा जिस तरह देश के लिए काम कर रहे हैं। राष्ट्र निर्माण में जुट गए हैं। वो देखकर मैं बहुत भरोसे से भरा हुआ हूं।
पर्यावरण के प्रति लोगों का बढ़ा उत्साह
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों में पर्यावरण और प्रकृति के प्रति बढ़ती जागरूकता पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा आज Eco-friendly Living और Eco-friendly Products को लेकर लोगों में पहले से कहीं अधिक जागरूकता दिख रही है। कुछ दिन पहले ही भारत में पर्यावरण की रक्षा के लिए समर्पित Mission Life को भी launch किया गया है। Mission Life का सिद्धांत है कि ऐसी जीवनशैली यानी Lifestyle को बढ़ावा देना। जिससे पर्यावरण को नुकसान ना पहुंचाया जाए।
31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है। सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जन्म जयंती का पुण्य अवसर है। इस दिन देश के कोने-कोने में Run For Unity का आयोजन किया जाता है। यह दौड़ देश में एकता के सूत्र को मजबूत करती है।