Tata-Airbus project: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज से गुजरात और राजस्थान दौरे पर है। पीएम मोदी गुजरात के वडोदरा में टाटा एयरबस प्रोजेक्ट (Tata Airbus Project) की आधारशिला रखेंगे। 'मेक इन इंडिया' (Make in India) और 'आत्मनिर्भर भारत' मिशन को देखते हुए यह प्रोजेक्ट काफी अहम माना जा रहा है। डिफेंस ट्रांसपोर्ट के लिए इस्तेमाल वाले होने C-295 एयरक्राफ्ट समेत कई अन्य एयरक्राफ्ट बनाए जाएंगे।
इस प्रोजेक्ट के चालू होने के बाद भारत उन देशों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा जो इस तरह के विमान खुद से बनाते हैं। कहा जा रहा है C-295 एयरफोर्स के पुराने हो रहे Avro-748 विमानों की जगह लेगा।
पीएम मोदी के दौरे का संभावित शेड्यूल
पीएम मोदी रविवार को दोपहर 2.30 बजे वडोदरा के लेपरोसी ग्राउंड में सी-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के प्लांट की आधारशिला रखेंगे। सोमवार (31 अक्टूबर) को पीएम मोदी सुबह आठ बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सवा आठ बजे केवड़िया के परेड ग्राउंड पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड निकाली जाएगी। इस मौके पर पीएम मोदी वहां होंगे। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सुबह 11 बजे 'आरंभ 2022' कार्यक्रम में पीएम मोदी शामिल होंगे। दोपहर 3.30 बजे बनासकांठा के थारेड में पीएम मोदी विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
पीएम मोदी गुजरात में ही रात्रि विश्राम करेंगे
मंगलवार (1 नवंबर) को पीएम मोदी गुजरात दौरे से कुछ समय निकालकर राजस्थान के मानगढ़ धाम जाएंगे। इस दिन वह 11 बजे मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय महत्व की धरोहर घोषित करेंगे। दोपहर 1.30 बजे गुजरात के जम्बूघोड़ा में विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। शाम को 6 बजे अहमदाबाद के महात्मा मंदिर से दिवाली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पीएम मोदी गुजरात की 182 विधानसभाओं के बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात करेंगे।