Monsoon Forecast 2024: आपके शहर में कब दस्तक देगा मानसून? IMD ने बताया कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

Monsoon Forecast 2024: महाराष्ट्र के अकोला में लू की आशंका को देखते हुए 31 मई तक धारा 144 लागू कर दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है

अपडेटेड May 27, 2024 पर 1:13 PM
Monsoon Forecast 2024: इस वक्त देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है

Monsoon Forecast 2024: देश के बड़े हिस्से में इस वक्त भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। रविवार (26 मई) को देश के 37 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के अकोला में लू की आशंका को देखते हुए 31 मई तक धारा 144 लागू कर दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।

राजस्थान का फलौदी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले शहर का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कम से कम 37 स्थानों पर रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया।

कब मिलेगी गर्मी से राहत?


भीषण गर्मी से परेशान लोग अब राहत पाने के लिए मानसून की बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 31 मई को केरल पहुंचने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने हाल ही में अपने बुलेटिन में कहा था, "दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई को केरल में एंट्री करने की संभावना है।" इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। जानें, किस राज्य में कब मानसून की बारिश होगी।

दिल्ली (Monsoon in Delhi)

राष्ट्रीय राजधानी के लोग इस समय भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। मंगलवार यानी 28 मई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। 27 मई को दिल्ली के मुंगेशपुर इलाके में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अभी तक दिल्ली में मानसून के दस्तक से संबंधित कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, रिपोर्टों से पता चलता है कि 27 जून से राष्ट्रीय राजधानी में मानसून आने की संभावना है।

मुंबई में मानसून (Monsoon in Mumbai)

इंडियन एक्सप्रेस ने IMD अधिकारी के हवाले से बताया कि मुंबई में 10 जून से मानसून की बारिश शुरू होने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मानसून अंडमान में प्रवेश कर चुका है और 10 से 11 जून के बीच मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। आमतौर पर मुंबई में मानसून 11 जून को आता है। हालांकि, पिछले साल चक्रवात बिपरजॉय के कारण इसमें दो सप्ताह की देरी हुई।

बेंगलुरू में मानसून (Monsoon in Bengaluru)

IMD ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में में 13 या 14 जून तक मानसून के आगमन की भविष्यवाणी की है। राज्य में जून के पहले सप्ताह में बारिश शुरू होने का अनुमान है। टाइम्स नाउ से बात करते हुए, आईएमडी बेंगलुरु के मौसम विज्ञानी सीएस पाटिल ने कहा कि मानसून पहले ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर आगे बढ़ चुका है और 1-2 जून तक केरल तट पर पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद इसके 6 या 7 जून तक कर्नाटक तट पर पहुंचने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल में मानसून (Monsoon in West Bengal)

रविवार को आए चक्रवाती तूफान के बाद पश्चिम बंगाल इस समय चक्रवात 'रेमल' के कहर से निपट रहा है। बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों पर चक्रवाती तूफान 'रेमल' के पहुंचने के एक दिन बाद बंगाल के तटीय इलाकों में सोमवार को भारी तबाही का मंजर दिखा। तूफान के कारण बीती रात 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं। 'रेमल' ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में बुनियादी सरंचनाओं और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

ये भी पढ़ें- Weather Update: पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश, दिल्ली-NCR में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में मानसून का आगमन 10 से 29 जून के बीच होने की संभावना है। आरएमसी कोलकाता के प्रमुख एचआर विश्वास ने TOI को बताया, "केरल और अंडमान दोनों में मानसून को लेकर अब तक की भविष्यवाणी सामान्य है। हालांकि केरल की शुरुआत की तारीख और दक्षिण बंगाल की तारीख के बीच कोई एक-से-एक संबंध नहीं है। आम तौर पर हम दोनों के बीच 10 दिन गिनते हैं। हम इसके केरल पहुंचने के बाद ही इसके आगमन की भविष्यवाणी कर सकते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।