Weather Update: पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश, दिल्ली-NCR में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

Weather Update Remal Effect: 26 मई को तूफान रेमल के लैंडफाल के बाद पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश हो रही है। रेमल आगे बढ़ गया है। लेकिन तबाही के कई निशान छोड़ गया है। इधर राजधानी दिल्ली में इस साल का सबसे गर्म दिन 26 मई को दर्ज किया गया है। इस दौरान दिल्ली में सबसे अधिक तापमान मुंगेशपुर में दर्ज किया गया

अपडेटेड May 27, 2024 पर 11:35 AM
Weather Update Remal Effect: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं।

उत्तर भारत में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ चक्रवाती तूफान रेमल से उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 मई तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में हीटवेव का दौर जारी रहेगा। वहीं 27 और 28 मई को असम और मेघालय में भारी बारिश का रेड अलर्ट किया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भीषण गर्मी से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

पश्चिम बंगाल में तूफान रेमल का लैंडफाल हो चुका है। इस दौरान 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। लैंडफाल के दौरान पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। घरों और खेतों में पानी भर गया। कई पेड़ उखड़ गए। बिजली के खंबे गिर गए। चक्रवाती तूफान 'रेमल' तबाही के कई निशान छोड़ गया है।

दिल्ली में मौसम का हाल


देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। हीटवेव और चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच रविवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भीषण लू देखने को मिली। मुंगेशपुर में सबसे ज्यादा तापमान 48.3 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं हवा की रफ्तार 40 किमी प्रतिघंटे की रहने की संभावना है। इसके साथ ही 31 मई को हल्की बारिश के आसार हैं।

उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल, दक्षिण बांग्लादेश, ओडिशा के उत्तरी तट और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार के पूर्वी हिस्सों और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। असम के 7 जिलों में भी भारी बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' और 11 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

मुंबई में मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई शहर में शाम को या रात में हल्की बारिश हो सकती है। पूरे शहर में आज (27 मई 2024) दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। मुंबई में सुबह तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मुंबई और उसके आसपास के उपनगरीय इलाकों में आज दिन भर औसतन तापमान 30.02 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Cylone Remal: पश्चिम बंगाल में रेमल का कहर, पेड़ गिरे, बिजली के खंबे उखड़े, भारी बारिश से जलभराव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।