Monsoon Updates: देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। इसी के साथ कई राज्यों में झमाझम बारिश जारी है। कुछ हिस्सों में कम बारिश हो रही है तो कहीं बारिश आफत बनकर टूट पड़ी है। मुंबई में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है। वहीं गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी है। जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। हवां बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कच्छ, जामनगर, जूनागढ़ और नवसारी में बारिश की वजह से हालात बेहद खराब हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (National Disaster Response Force -NDRF) और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (State Disaster Response Force - SDRF) की टीमें इन इलाकों में तैनात की गई हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में एयरफोर्स भी जुटी
भारी बारिश और बाढ़ आने के बाद जूनागढ़ के सुतरेज गांव (Sutrej village) के पास फंसे 2 लोगों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) के हेलीकॉप्टर को तैनात किया था। राज्य के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक, गुजरात में भारी बारिश के चलते पिछले 2 दिन में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आंकड़ों के मुताबिक, अकेले जामनगर जिले में ही 6 लोगों की मौत हो गई है। गुजरात में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए जूनागढ़, जामनगर, दक्षिण गुजरात के नवसारी, वलसाड और सूरत में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका
इस बीच मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं बिहार में लगातार हो रही बारिश से गोपालगंज-गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कल रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गोपालगंज के कुछ हिस्सों में जलजमाव की भी खबर सामने आई है।
दिल्ली-मुंबई में बारिश का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 6 जुलाई तक आमतौर पर बाछल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। वहीं मुंबई के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।