Mumbai Nishant Tripathi Suicide Case : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो आपको अतुल सुभाष केस की की याद दिला देगा। मुंबई के सहारा होटल में 41 साल के निशांत त्रिपाठी ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने ऐसा अपनी पत्नी और आंटी द्वारा परेशान किए जाने की वजह से किया। आत्महत्या से पहले उन्होंने होटल के कमरे के बाहर 'डू नॉट डिस्टर्ब' का बोर्ड लगा दिया। आत्महत्या से पहले निशांत ने एक चिट्ठी लिखी और अपनी कंपनी की वेबसाइट पर अपलोड किया, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी और आंटी को जिम्मेदार बताया।
पत्नी और चाची को ठहराया जिम्मेदार
पुलिस ने निशांत त्रिपाठी की पत्नी अपूर्वा पारीख और चाची प्रार्थना मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आत्महत्या से तीन दिन पहले निशांत त्रिपाठी, मुंबई के सहारा होटल के एक कमरे में ठहरे थे। 28 फरवरी को उन्होंने बाथरूम में फांसी लगाने से पहले अपने कमरे के दरवाजे पर 'डू नॉट डिस्टर्ब' का बोर्ड लगा दिया। जब होटल स्टाफ को लंबे समय तक कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मास्टर चाबी से दरवाजा खोला। अंदर जाकर देखा तो निशांत त्रिपाठी फांसी पर लटके हुए थे। इसके बाद तुरंत एयरपोर्ट पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को निशांत त्रिपाठी की कंपनी की वेबसाइट पर अपलोड किया गया एक सुसाइड नोट मिला, जिसपर पासवर्ड लगाया गया था। इस नोट में उन्होंने अपनी पत्नी से प्यार जताया और अपनी मौत के लिए पत्नी और मौसी को जिम्मेदार ठहराया।
"हाय बेब, जब तक तुम यह पढ़ोगी, मैं जा चुका होऊंगा। मैं तुमसे जो कुछ भी हुआ उसके लिए नफरत कर सकता था, लेकिन मैं नहीं करता। इस पल में, मैं प्यार को चुनता हूँ। मैं तब भी तुमसे प्यार करता था, अब भी करता हूँ, और जैसा कि मैंने वादा किया था, यह कभी खत्म नहीं होगा।" निशांत त्रिपाठी ने आगे लिखा, "मेरी माँ जानती हैं कि जिन मुश्किलों का मैंने सामना किया, उनमें आप और प्रार्थना मौसी (चाची) भी मेरी मौत के लिए जिम्मेदार हैं। इसलिए मैं आपसे विनती करता हूँ कि अब उनके पास न जाएँ। वह पहले से ही बहुत दुखी हैं। उन्हें शांति से शोक मनाने दें।"*
निशांत की माँ ने कही ये बात
वहीं सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट में निशांत की माँ, नीलम चतुर्वेदी ने लिखा, "दोस्तों, मैं नीलम चतुर्वेदी हूँ। आप मुझे ज़िंदा देख रहे हैं, लेकिन सच यह है कि मैं अंदर से मर चुकी हूँ। आज, मैं खुद को एक ज़िंदा लाश की तरह महसूस कर रही हूँ।" नीलम चतुर्वेदी ने कहा, "मेरा बेटा निशांत, वह मेरा सबकुछ था। मेरे दोनों बच्चे मुझसे बहुत प्यार करते थे, लेकिन निशांत मेरा दोस्त, मेरा साथी और मेरा सबसे बड़ा सहारा था। वह मेरी ताकत था, जो मुझे जीने और काम करने की ऊर्जा देता था। अब मेरी ज़िंदगी खत्म हो गई है।"
उन्होंने आगे लिखा कि, "मेरा बेटा निशांत मुझे छोड़कर चला गया। अब मैं बस एक ज़िंदा लाश हूँ। उसे मेरा अंतिम संस्कार करना था, लेकिन आज 2 मार्च को, मैंने मुंबई के 'ईको-मोक्ष' में अपने बेटे का अंतिम संस्कार किया। मेरी बेटी प्राची ने अपने बड़े भाई का अंतिम संस्कार किया," वहीं घटना के बाद, निशांत त्रिपाठी की माँ ने मुंबई के एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पहले पुलिस ने इसे दुर्घटनावश मौत (ADR) माना, लेकिन बाद में माँ की शिकायत के आधार पर निशांत की पत्नी अपूर्वा पारीख और मौसी प्रार्थना मिश्रा के खिलाफ IPC की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया गया।