Mumbai: रेलवे यात्रियों को स्टेशनों के रीडेवलपमेंट के लिए भी देनी होगी फीस, टिकट किराए में बढ़ेंगे 10-50 रुपए

रेलवे बोर्ड की तरफ से जारी पत्र के अनुसार, क्लास वाइज स्टेशन डेवलपमेंट/पुनर्विकास फीस यात्रियों से वसूली जाएगी

अपडेटेड Jan 08, 2022 पर 1:26 PM
Story continues below Advertisement
रेलवे यात्रियों को स्टेशनों पर देनी होगी डेवलपमेंट फीस (FILE)

मुंबई में अब रेलवे यात्रियों को आने वाले समय में पुनर्विकसित स्टेशनों पर अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए यूजर चार्ज के रूप में टिकट किराए में 10 से 50 रुपए ज्यादा का भुगतान करना होगा। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, क्लास वाइज स्टेशन डेवलपमेंट/पुनर्विकास फीस यात्रियों से वसूली जाएगी। हालांकि, यह फीस सबअर्बन यात्रियों पर लागू नहीं होगी। केवल गैर उपनगरीय यात्रियों को स्टेशन विकास/पुनर्विकास फीस का भुगतान करना होगा।

एक अधिकारी ने कहा, "यह कदम रेलवे को और स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए पैसा जुटाने में मदद करने के लिए है।" रेल मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक (जनसंपर्क) राजीव जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "अभी तक यह चार्ज नहीं वसूला जा रहा है।"

जैन ने आगे कहा, "स्टेशन डेवलपमेंट फीस उन स्टेशन पर लगाई जाएगी, जिनका पुनर्विकास का काम पूरा हो चुका है, यानी के प्रोजक्ट पूरा होने के बाद ही ये चार्ज वसूला जाएगा।"


रेलवे बोर्ड के पैसेंजर मार्केटिंग के डायरेक्टर विपुल सिंघल की तरफ से सभी जोनल रेलवे के जनरल मैनेजरों को 31 दिसंबर,2021 को लिखे पत्र के अनुसार, अनारक्षित यात्रियों (गैर उपनगरीय) को विकसित/पुनर्विकसित स्टेशनों के इस्तेमाल के लिए 10 रुपए का एक्सट्रा चार्ज देना होगा।

मुंबई लोकल ट्रेन शनिवार से सोमवार तक 36 घंटों के लिए रहेगी सस्पेंड, जानिये वजह और विवरण

इसी तरह सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास और फर्स्ट क्लास रिजर्व नॉन-AC क्लास के यात्रियों को विकसित/पुनर्विकसित स्टेशनों की अत्याधुनिक सेवाओं के इस्तेमाल के लिए 25 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।

AC चेयर कार, थर्ड AC, AC इकोनॉमी क्लास, सेकेंड AC, फर्स्ट AC और AC विस्टाडोम सहित AC रिजर्व क्लास के यात्रियों के लिए यह चार्ज 50 रुपए प्रति यात्री लिया जाएगा।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने वाले यात्रियों को विकसित/पुनर्विकसित स्टेशनों के इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त 10 रुपए का भुगतान करना होगा।

ऐसे स्टोशनों पर उतरने वाले यात्रियों को स्टेशन डेवलपमेंट फीस ऊपर बताई गई दरों का 50 प्रतिशत होगी। वहीं अगर यात्री ऐसे स्टेशनों पर दोनों बोर्डिंग/एलाइटिंग करते हैं, तो उस स्थिति में ये फीस लागू दर का 1.5 गुना होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।