देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग(IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार की सुबह मुंबई में भारी बारिश हुई थी। जिससे एपीएमसी मार्केट, तुर्भे माफ़को, नवी मुंबई और किंग्स सर्कल समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। मुंबई में आज 'हाई टाइड' की चेतावनी भी जारी की गई है। आज शाम 4:06 बजे ज्वार 3.87 मीटर तक लहरों की ऊंचाई देखने को मिल सकती है।
मुंबई का आज तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मुंबई में अभी 15 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मुंबईकरों को आने वाले समय में भारी बारिश का सामाना करना पड़ सकता है।
भारी बारिश ट्रेनें प्रभावित
मुंबई भारी बारिश की वजह से लोकल ट्रेन और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों पर असर पड़ा है। सेंट्रल रेलवे ने ट्रेन नंबर 22119 CSMT-मडगांव तेजस एक्सप्रेस के ट्रेन के समय में बदलाव किया है। यह ट्रेन 2 घंटे देरी से चलेगी। यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 5:50 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन अब यह सुबह 7:50 बजे रवाना हुई। वहीं ट्रेन नंबर 22113, LTT-KCVL सुपरफास्ट एक्सप्रेस (Superfast Express) के समय में बदलाव किया गया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शाम 4:45 बजे रवाना होती है। अब यह ट्रेन 7 घंटे की देरी से रात 11:45 बजे रवाना होगी।
रायगढ़ में भारी बारिश की आशंका
बता दें कि मुंबई में शनिवार की सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके कारण एपीएमसी मार्केट, तुर्भे माफ़्को, नवी मुंबई और किंग्स सर्कल समेत कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने रात 10 बजे तक रायगढ़ जिले में भारी बारिश की आशंका जताई है। ठाणे और मुंबई के सभी उपनगरीय इलाकों में 'मध्यम' बारिश होने की संभावना है।