Mumbai Rains Updates: मुंबई में मूसलाधार बारिश, रेड अलर्ट जारी, स्कूल-कॉलेज बंद, लोकल ट्रेन पर आया बड़ा अपडेट

Mumbai Rain: महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश से सामान्य जन जवीन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़कें पानी से लबालब भर गई हैं। मुंबई की लाइफ लाइव कही जाने वाले लोकल ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं

अपडेटेड Jul 09, 2024 पर 10:22 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai Rain: मौसम विभाग ने आज मुंबई में भारी बारिश की आशंका जताई है।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भीषण बारिश की मार झेल रही है। सोमवार को मुंबई की रफ्तार थम सी गई थी। लोकल ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था। चारो तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था। आज भी यही हाल है। मौसम विभाग ( India Meteorological Department - IMD) ने आज (9 जुलाई 2024) भारी बारिश के लिए मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने महाराष्ट्र में तीन से चार दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 जुलाई से 10 जुलाई, 2024 तक मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में भारी बारिश होगी।

मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पनवेल के साथ-साथ रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग के ग्रामीण इलाकों में स्कूल और कॉलेज आज (9 जुलाई 2204) बंद रहेंगे। इन इलाकों के लिए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। यह फैसला प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ-साथ जूनियर और सीनियर कॉलेजों पर भी लागू है। स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार तड़के मुंबई के डिंडोशी में भारी बारिश जारी रही, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया।

मुंबई के कई इलाकों में भरा पानी


मुंबई के निचले इलाके पानी से लबालब भर गए हैं। मुंबई के लोकल स्टेशन वडाला में पानी भर गया है। यह स्टेशन हार्बर लाइन में आता है। हार्बर की ट्रेनें देरी से चल रही है। यही हाल सेंट्रल लाइन का भी है। मौसम विभाग ने पालघर, ठाणे, धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहमदनगर, कोल्हापुर, सांगली, शोलापुर, औरंगाबाद, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, उस्मानाबाद, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में 12 जुलाई तक भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश की वजह से मुंबई यूनिवर्सिटी में आज (9 जुलाई) को होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

कम विजिबिलटी की वजह से कई उड़ानें कैंसिल

मुंबई में भारी बारिश की वजह से कम दिखाई देने के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की सर्विस पर असर पड़ा है। रनवे ऑपरेशन एक घंटे के लिए बंद रहा। सोमवार को करीब 50 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसका असर गुजरात के अहमदाबाद में दिखाई दिया। मुंबई में भारी बारिश के कारण सोमवार को शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Sardar Vallabhbhai Patel International airport -SVPI) पर आने-जाने वाली उड़ानों में देरी हुई। कुल मिलाकर, 40 उड़ानें 30 मिनट से दो घंटे तक देरी से रवाना हुईं। SVPI एयरपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 27 मुंबई जाने वाली उड़ानों को अन्य एयरपोर्ट पर भेजा गया है। जिनमें से सात अहमदाबाद की हैं।

लोकल ट्रेनों का हाल

सोमवार को हुई भारी बारिश के चलते सेंट्रल लाइन के निचले इलाकों में पानी भर गया है। जिससे ट्रेनों की रफ्तार थम गई। ऐसे में लोकल ट्रेन के यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोकल ट्रेनें कई कई घंटों तक खड़ी रहीं। मुंबई से बाहर जाने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें भी फंसी रहीं। दिन में सेवाएं जैसे ही शुरू हुई फिर से ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। हार्बर लाइन की ट्रेनों को फिर से रोक दिया गया था। मुंबई की सेंट्रल लाइन की कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

आज ( 9 जुलाई 2024, मंगलवार) सुबह 8.30 बजे तक कहां कितनी हुई बारिश

दहिसर - 113 मिमी

मुंबई एयरपोर्ट - 175 मिमी

राम मंदिर - 156 मिमी

टाटा पॉवर चेंबूर - 161 मिमी

विक्रोली - 124 मिमी

भायखला - 167 मिमी

माटुंगा - 168 मिमी

सायन - 158 मिमी

Goa Rain: गोवा में मूसलाधार बारिश से कई इलाके जलमग्न! दीवार गिरने से 3 की मौत, 150 लोगों को झरने से बचाया गया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।