संसद (Parliament) के विशेष सत्र (Special Session) में मोदी सरकार एक बहुत ही बड़ा ऐलान कर सकती है। CNN-News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र के दौरान इंडिया (India) का नाम बदलकर भारत (Bharat) करने के लिए एक नया प्रस्ताव ला सकती है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से 9 सितंबर के G20 रात्रिभोज (G20 Dinner) के लिए भेजे निमंत्रण पत्र में प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत (President of Bharat) लिखा गया था। इस पर कांग्रेस ने मंगलवार को सरकार पर पलटवार करते हुए कहा, अब "यूनियन ऑफ स्टेट" पर भी हमला हो रहा है।
X पर एक पोस्ट में, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “तो खबर वास्तव में सच है। राष्ट्रपति भवन ने 9 सितंबर को G20 डिनर के लिए सामान्य 'प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया' के बजाय 'प्रेसिडेंट ऑफ भारत' के नाम पर निमंत्रण भेजा है।''
कांग्रेस मीडिया सेल के प्रभारी ने कहा, “अब, संविधान में अनुच्छेद 1 को ऐसे पढ़ा जाएगा: भारत, जो इंडिया था, राज्यों का एक संघ होगा।" लेकिन अब इस 'राज्य संघ' पर भी हमला हो रहा है।"
CNN-News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, कथित तौर पर "इंडिया" शब्द को हटाने की योजना बना रही है। संविधान की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने दावा किया कि प्रस्ताव से संबंधित तैयारी चल रही है। सरकार चल रहे "अमृत काल" के दौरान देश के लोगों को "गुलामी मानसिकता" और ऐसी मानसिकता से संबंधित किसी भी तत्व से मुक्त करने पर जोर दे रही है।