G20 Summit: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेल का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दुनिया के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) भी G20 शिखऱ सम्मेलन में शिरकत करेंगे। जो बाइडेन 7 सितंबर को भारत के लिए रवाना होंगे। G20 शिखर सम्मेलन के शुरू होने के दो दिन पहले बाइडेन भारत पहुंच रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 8 सितंबर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता (bilateral talks) करेंगे। जो बाइडेन जी20 के अन्य देशों के साथ क्लीन उर्जा और जलवायु परिवर्तन जैसे कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
व्हाइट हाउस (White House) ने एक बयान में कहा है कि नई दिल्ली में राष्ट्रपति जो बाइडेन जी20 के लिए भारत प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व की भी सराहना करेंगे। वो 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत से अमेरिकी राष्ट्रपति 10 सितंबर को वियतनाम के हनोई जाएंगे। जहां वह वियतनाम के महासचिव गुयेन फू ट्रोंग (Nguyen Phu Trong) से मुलाकात करेंगे।
साल 2026 में अमेरिका करेगा शिखर सम्मेल की मेजबानी
व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया कि नई दिल्ली की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन में रूस के राष्ट्रपति पुतिन के युद्ध के आर्थिक और सामाजिक प्रभावों को कम करने की कोशिश की जाएगी। वर्ल्ड बैंक सहित बहुपक्षीय विकास बैंकों की क्षमता बढ़ाने पर चर्चा होगी, ताकि बेहतर तरीके से गरीबी से लड़ा जा सके। इस दौरान वह भारत के साथ अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराएंगे। साथ ही साल 2026 में सम्मेलन की मेजबानी के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर आगे आएंगे। बाइडेन संगठन के साथियों के साथ वैश्विक मुद्दों जिसमें स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन से निबटना शामिल है। इस पर चर्चा करेंगे।
जी-20 शिखर सम्मेलन में पुतिन और जिनपिंग ने किया किनारा
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने पहले ही इस सम्मेलन से किनारा कर लिया है। भारत पहली बार इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस कार्यक्रम को विशेषज्ञ देश के लिए एक रणनीतिक विजय के तौर पर करार दे रहे हैं।
जानिए जी-20 में कौन-कौन हो रहे हैं शामिल
दिल्ली में होने वाले जी-20 में बाइडेन के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा आदि नेताओं ने अपनी यात्रा की पुष्टि कर दी है। बता दें कि सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 10 सितंबर को ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को जी20 अध्यक्ष पद की कमान सौंपेंगे। अगला जी20 सम्मेलन ब्राजील में होगा।
G20 समिट में ये देश होंगे मेहमान
इस बार की शिखर सम्मेलन में मेहमानों की लिस्ट में बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाईजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन, और यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आने वाले दुनिया भर के दिग्गज नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों, मिशन के स्वागत और ठहरने के लिए विदेश मंत्रालय ने कुल 35 होटलों को बुक किए हैं।