ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ने दिवाली से पहले राज्य के कॉन्ट्रैक्ट भर्ती कर्मचारियों (contractual employees -संविदा कर्मचारियों) को गिफ्ट दिया है। सीएम ने घोषणा की कि राज्य सरकार की नौकरियों में कॉन्ट्रैक्ट भर्ती को खत्म करके 57,000 संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। सीएम के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर हुई कैबिनेट की मीटिंग में यह निर्णय लिया गया। सीएम के ऐलान के बाद सरकार पर हर साल 1,300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा।
पटनायक ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इसके बारे में नोटिफिकेशन आज यानी रविवार को जारी किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। कुल मिलाकर ने ओडिशा सरकार ने अब संविदा सिस्टम को बंद कर दिया है।
पटनायक ने कहा कि मुझे यह ऐलान करते खुशी हो रही है कि राज्य कैबिनेट ने कॉन्ट्रैक्ट पर भर्ती करने की व्यवस्था स्थायी तौर पर खत्म करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि मैं इस पल का इंतजार कर रहा था। यह निर्णय दिवाली के ठीक पहले लिया गया है। इधर, सीएम के ऐलान के बाद प्रदेश के संविदा कर्मचारियों में खुशी का ठिकाना नहीं है। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर खुशी मनाने के साथ नवीन को जन्म दिन से एक दिन पहले ही उन्हें जन्म दिन की बधाई देने के साथ ही उनके दीर्घायु की कामना की है।
कॉन्ट्रैक्ट भर्ती साल 2013 में हुई थी शुरू
सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि राज्य में उनकी सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट भर्ती साल 2013 में शुरू की थी। उस समय यह निर्णय लेनाक काफी कठिन था। पटनायक ने कहा कि अब हमारी अर्थव्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। ओडिशा ने देश में विकास के क्षेत्र में अपनी एक नई पहचान बनाई है।