कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन (Coromandel Express Train) के हादसे को भारत में पिछले 20 सालों में अब तक का सबसे बड़ा रेल हादसा (Train Accident) बताया जा रहा है। शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली कई तस्वीरें सामने आई, जब NDRF की टीम ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना (Odisha Train Accident) स्थल से शवों को निकाला और उन्हें बालासोर रेलवे ट्रैक पर रख दिया। दुर्घटनास्थल के एक वीडियो में, कर्मियों को स्ट्रेचर पर सफेद चादर से ढके शवों को ले जाते हुए देखा जा सकता है।
इस घटनास्थल का एक एरियल वीडियो भी सामने आया, जिसे देख कर ऐसे लग रहा है, जैसे ट्रेक पर किसी खिलौने वाली ट्रेन के डिब्बे बिखरे पड़े हों, इसे देख कर ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि हादसा कितना भयावह था।
ये ट्रेन दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन के पास हुई, जो कोलकाता से लगभग 250Km दक्षिण और भुवनेश्वर से 170 Km उत्तर में है। बचाव अभियान कल शाम से चल रहा है और पूरे दिन जारी रहने की संभावना है।
News18 Odia के मुताबिक, ओडिशा की राजस्व मंत्री प्रमिला मल्लिक ने बताया कि अब तक 288 लोग मारे गए हैं और 1,000 से ज्यादा घायल हुए हैं।
टक्कर का असर इतना था कि घटनास्थल पर रेलवे की पटरियां तक टूट गईं। कुछ डिब्बे दूसरे पर चढ़े गए, तो कुछ डिब्बे पलट गए थे।
न्यूज एजेंसी PTI ने स्थानीय लोगों के हवाले से कहा कि उन्होंने लगातार तेज आवाजें सुनीं, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और देखा कि ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए और अब वो "स्टील के टूटे हुए ढेर" में तब्दील हो गए थे।
रिपोर्ट में आगे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेरहामपुर के निवासी पीयूष पोद्दार के हवाले से कहा गया है, “हमें झटका लगा और अचानक ट्रेन की बोगी एक तरफ से मुड़ गई। पटरी से उतरने के कारण हममें से कई लोग डिब्बे से बाहर गिर गए। जब हम होश में आए और रेंगते हुए आगे बढ़े, तो हमें चारों तरफ लाशें पड़ी मिलीं।" पोद्दार काम की तलाश में कोरोमंडल एक्सप्रेस से तमिलनाडु जा रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई।
रेल मंत्रालय के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा के अनुसार, हावड़ा से चेन्नई जा रही ट्रेन नंबर 12841 कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 जून शाम 8.30 बजे ओडिशा के खड़गपुर डिविजन में आने वाले बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी से टकरा कर पटरी से उतर गई थी। उसी वक्त दूसरी तरफ से आ रही यशवंतपुर-हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन इन डिब्बों से आकर भिड़ गई। दोनों ट्रेनों में करीब 4000 पैसेंजर मौजूद थे। हादसे के एरियल वीडियो एक्सीडेंट की भयावहता दिखाते हैं।
ट्रेन नंबर 12841 कोरोमंडल एक्सप्रेस शालीमार (पश्चिम बंगाल) रेलवे स्टेशन से चेन्नई सेंट्रल तक चलती है। ये 25 घंटे में करीब 1659 Km की दूरी तय करती है। कोरोमंडल ट्रेन शुक्रवार को शालीमार स्टेशन के प्लेटफॉर्म-2 से दोपहर 3.30 बजे रवाना हुई थी। हादसे वाले दिन ट्रेन 10 मिनट की देरी से निकली थी। 253 Km का सफर करने के बाद ट्रेन हादसे का शिकार हो गई।