बीते शुक्रवार की रात ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसा हो गया था। शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर में बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के बीच भयानक टक्कर हो गई। जिसमें अभी तक सैकड़ों जानें जा चुकी हैं। वहीं 900 से भी ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। अब कोरोमंडल एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री ने दुर्घटना के भयावह दृश्य को बयां किया है। यात्री का नाम अनुभव दास है और वे इस दुर्घटना में बाल बाल बचने वालों में से एक हैं।
अनुभव दास ने बताया कि जिस वक्त यह दुर्घटना घटी उस वक्त वे ट्रेन में सवार थे। उन्होंने कहा कि वे खुशनसीब थे जो बच गए। अनुभव ने यह भी बताया कि इस एक्सीडेंट में उन्होंने खुद अपनी आंखों से 200-250 लोगों को मरते हुए देखा। कई सारे परिवार इस हादसे में कुचल गए। पटरियों पर खून और कटे हुए मृत शरीर बिखरे हुए थे। अनुभव ने इस एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदना भी जताई है।
वहीं हादसे में बाल बाल बचे एक और व्यक्ति पीयूष पोद्दार ने दुर्घटना के बारे में बात करते हुए कहा कि, वे ट्रेन से तमिलनाडु जा रहे थे। तभी झटका लगा और अचानक से ट्रेन की बोगी एक तरफ मुड़ गई। बोगी काफी ज्यादा स्पीड से पटरी से नीचे उतरी थी जिस वजह से कई सारे लोग बोगी से बाहर भी गिर गए। जब हम बच पाने में कामयाब रहे तो हमने देखा कि आप पास लाशें पड़ी हुई हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि हावड़ा जाने वाले रूट पर बेंगलुरु हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कई सारे डिब्बे पटरी से उतर गए थे और बगल में लगी पटरी पर गिर गए थे। पटरी से उतरे ये डिब्बे 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा गए और इसके डिब्बे भी पलट गए। ट्रिपल क्रैश में एक मालगाड़ी भी शामिल थी जिसने रेल की पटरियों और बोगियों को तोड़ दिया था।