Get App

Onion Price Rise: मार्च तक महंगे प्याज से राहत मिलने की उम्मीद नहीं, Supply घटने से आसमान पर प्याज के दाम

प्याज की कीमतों पर महाराष्ट्र में हुई बेमौसम बारिश का असर तो पड़ा ही है, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण भी प्याज महंगा हुआ है

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 13, 2021 पर 12:56 PM
Onion Price Rise: मार्च तक महंगे प्याज से राहत मिलने की उम्मीद नहीं, Supply घटने से आसमान पर प्याज के दाम

सप्लाई कम होने से देशभर में प्याज की कीमतें पिछले कुछ दिनों में करीब दोगुनी हो गई है। जो प्याज साल की शुरुआत में 25 से 30 रुपये किलो बिक रही थी, वहीं प्याज आज कुछ शहरों में 60 रुपये प्रति किलो के पार चली गई है। प्याज की कीमतों पर महाराष्ट्र में हुई बेमौसम बारिश का असर तो पड़ा ही है, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण भी प्याज महंगा हुआ है। लेकिन चिंता की बात यह है कि आम लोगों को प्याज अभी और रुलाएगी। विशेषज्ञों की कहना है कि मार्च के बाद ही प्याज की कीमतें कम होने की उम्मीद है, जब बाजार में प्याज की नई पैदावार आ जाएगी।

देश की सबसे बड़ी थोक प्याज मंडी लासलगांव एपीएमसी (Lasalgaon APMC) में प्याज का थोक रेट बीते 10 दिनों में ही 20% तक बढ़ गया है। लासलगांव APMC की चेयरपर्सन सुवर्णा जगताप का कहना है कि दक्षिण भारतीय बाजारों से भी प्याज की सप्लाई कम हुई है। वहीं, गुजरात, मध्य प्रदेश से सप्लाई भी ज्यादा नहीं है। साथ ही केंद्र सरकार ने भी जनवरी में प्याज के एक्सपोर्ट को खोल दिया है, जिससे इनकी कीमतें 1000 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गईं हैं। उन्होंने कहा कि मार्च में प्याज की नई खेप आनी शुरू होगी, जिसके बाद कीमतें नीचे आने की उम्मीद है।

इन शहरों में इतना महंगा हुआ प्याज

केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक 11, जनवरी 2021 को हैदराबाद में एक किलो प्याज की कीमत 34 रुपये थी जो अब 26 रुपये बढ़कर 60 रुपये पर पहुंच गई है। 11 जनवरी की तुलना में 11 फरवरी को दिल्ली में प्याज के दाम में 19 रुपये, मेरठ में 20 रुपये, मुंबई में 14 रुपये, शिलांग में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं नासिक, राजकोट, वारंगल, कोलकाता, नागपुर में प्याज इस दौरान 15 रुपये प्रति किलो मंहगा हो चुका है।

ये है महंगाई की वजह

दिसंबर 2020 और जनवरी 2021 के दौरान हुई बेमौसम बारिश से महाराष्ट्र में किसानों की प्याज की फसल बर्बाद हो गई। मंडी में सप्लाई घटी, जिसका असर अब कीमतों पर दिख रहा है। देश की मंडियों में प्याज की सप्लाई करीब 40% तक कम हो गई है। इस वजह से देश में प्याज महंगा हो गया है। इसके अलावा ओनियन एक्सपोर्ट को इजाजत देने के कारण भी देश में प्याज महंगा हुआ है। प्याज महंगा होने की दूसरी बड़ी वजह डीजल की कीमतों का लगातार बढ़ना भी है। इससे माल ढुलाई महंगी हो गई है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें