CAA Protest: शाह से मिलने के लिए केजरीवाल ने मांगा वक्त, ममता बनर्जी ने निकाला मेगा मार्च

अरविंद केजरीवाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के वक्त मांगा है

अपडेटेड Dec 16, 2019 पर 5:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

दिल्ली की केंद्रीय यूनिवर्सिटी जामिया मिल्लिया इस्लामिया में हुई हिंसक पुलिसिया कार्रवाई के बाद से पूरे देशभर में कई कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध किया जा रहा है। रविवार को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के बीच हिंसा और पुलिस की कार्रवाई के बाद से राजधानी में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के वक्त मांगा है।

केजरीवाल ने सोमवार को ट्वीट किया- दिल्ली की बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। दिल्ली में तुरंत शांति बहाल की जानी चाहिए...इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह जी से मिलने का समय मांगा है।

बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के करीब न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में पुलिस के साथ झड़प हो गई, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने डीटीसी की चार बसों और दो पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी। इसके बाद जामिया यूनिवर्सिटी में पुलिस घुसी, जहां छात्रों लाठीचार्ज किया गया और कथित रूप से आंसू गैस के गोले छोड़े गए। रिपोर्ट है कि झड़प में जामिया के 200 छात्र घायल हुए हैं।

सोमवार को भी जामिया के बाहर छात्रों ने प्रोटेस्ट जारी रखा। यहां कुछ छात्रों ने कड़कड़ाती ठंड में जामिया के एंट्री गेट पर अपनी शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया।

उधर अस्थिर पूर्वोत्तर भारत के अलावा पश्चिम बंगाल में भी इस विवादास्पद कानून को लेकर विरोध जारी है। सोमवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कोलकाता की सड़कों पर उतरीं और पूरे देश में एनआरसी लागू करने के प्रस्ताव और संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होने देने के अपने संकल्प के साथ मेगा मार्च किया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।