Pegasus Project: फोन टैपिंग के आरोपों पर IT पर संसदीय समिति MHA सहित कई अधिकारियों से कर सकती है पूछताछ

ऐसा दावा किया गया कि दो केंद्रीय मंत्रियों, कई बड़े नेताओं सहित करीब 40 पत्रकारों की इसके जरिए जासूसी की गई

अपडेटेड Jul 21, 2021 पर 9:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

कांग्रेस (Congress) नेता शशि थरूर (Shashi Tharoor) की अध्यक्षता में IT पर एक संसदीय पैनल पेगासस स्पाइवेयर (Pegasus Spyware) का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों के फोन टैपिंग से संबंधित आरोपों पर गृह मंत्रालय सहित शीर्ष सरकारी अधिकारियों से अगले हफ्ते पूछताछ कर सकता है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बुधवार को बताया।

एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया कंसोर्टियम ने दावा किया है कि राहुल गांधी, दो केंद्रीय मंत्रियों, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी और कुछ 40 पत्रकारों सहित कई कांग्रेस नेता उन लोगों में शामिल थे, जिनके फोन नंबर इजरायली स्पाइवेयर के जरिए कथित तौर पर हैक कर टैप किए जा रहे थे। इस स्पाइवेयर को आमतौर पर सरकारी एजेंसियों को सप्लाई किया जाता है।



भारत सरकार और इजरायल की सर्विलांस कंपनी NSO ग्रुप, जो दुनिया भर में पेगासस स्पाइवेयर बेचती है, दोनों ने ही इन रिपोर्टों का खंडन किया है। शशि थरूर की अध्यक्षता वाली सूचना और प्रौद्योगिकी (IT) पर 32 सदस्यीय संसदीय स्थायी समिति की 28 जुलाई को बैठक होने वाली है। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, बैठक का एजेंडा "सिटिजन डेटा प्रोटेक्शन और प्राइवेसी" है।

Pegasus स्पाईवेयर क्या है? डिवाइस को हैक करने के लिए कैसे करता है WhatsApp का इस्तेमाल

पैनल ने इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारियों को तलब किया है। बता दें कि इस पैनल में ज्यादातर सदस्य सत्तारूढ़ BJP के हैं।

पैनल के सूत्रों ने कहा कि बैठक में पेगासस फोन टैपिंग (Pegasus Phone Tapping) का मुद्दा निश्चित रूप से उठाया जाएगा और सरकारी अधिकारियों से इस पर जानकारी मांगी जाएगी।

मालूम हो कि इस मुद्दे ने संसद में कार्यवाही को भी हिला दिया क्योंकि विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखा हमला किया। थरूर ने जासूसी की पूरी घटना को "राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता" का मामला बताते हुए सरकार से इस पर सफाई की मांग भी की थी।

लोकसभा में बोलते हुए, केंद्रीय IT और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रिपोर्टों को "निराधार" बताते हुए खारिज कर दिया था और कहा था कि संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले लगाए गए आरोपों का उद्देश्य भारतीय लोकतंत्र की छवि खराब करना था।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।