Fuel: चुनावी माहौल में Petrol की बिक्री में दिखा 12.3% का उछाल, अप्रैल में डीजल की मांग में गिरावट

पिछले महीने में डीजल की मांग 2.3 प्रतिशत घटकर 70 लाख टन रह गई जबकि इस ईंधन की मांग मार्च में भी 2.7 प्रतिशत घटी थी डीजल की मांग में लगातार कमी होना इस लिहाज से अहम है कि देश में इस ईंधन की खपत सबसे अधिक होती है

अपडेटेड May 01, 2024 पर 11:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अप्रैल के महीने में पेट्रोल की मांग में इजाफा देखने को मिला है।

देश में पेट्रोल की खपत अप्रैल में 12.3 प्रतिशत बढ़ गई लेकिन चुनाव प्रचार तेज होने के बावजूद डीजल की बिक्री में गिरावट जारी रही। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के शुरुआती आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। ईंधन बाजार में करीब 90 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली इन पेट्रोलियम कंपनियों की कुल पेट्रोल बिक्री अप्रैल में बढ़कर 29.7 लाख टन हो गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में खपत 26.5 लाख टन थी।

डीजल की मांग में गिरावट

हालांकि, पिछले महीने में डीजल की मांग 2.3 प्रतिशत घटकर 70 लाख टन रह गई जबकि इस ईंधन की मांग मार्च में भी 2.7 प्रतिशत घटी थी। डीजल की मांग में लगातार कमी होना इस लिहाज से अहम है कि देश में इस ईंधन की खपत सबसे अधिक होती है। खासकर चुनावी मौसम में प्रचार के लिए बड़े पैमाने पर डीजल से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है।


पेट्रोल की बिक्री में बढ़ोतरी

कीमतों में कटौती होने से निजी वाहनों का इस्तेमाल बढ़ने से पेट्रोल की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। इस बीच फसल कटाई का मौसम और तेज गर्मी का मौसम आने से डीजल की मांग का रुख भी पलटने की उम्मीद है। मार्च के मध्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो-दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। यह दो साल में पहला मौका था जब कीमतों में बदलाव हुआ था।

ये हैं आंकड़े

अगर मासिक आधार पर देखें तो मार्च के 28.2 लाख टन के मुकाबले अप्रैल में पेट्रोल की बिक्री 5.3 प्रतिशत घट गई। लेकिन डीजल के मामले में बिक्री मार्च के 67 लाख टन से 4.4 प्रतिशत बढ़ गई। डीजल भारत में सबसे अधिक खपत वाला ईंधन है, जो सभी पेट्रोलियम उत्पादों की खपत का लगभग 40 प्रतिशत है। देश में कुल डीजल बिक्री में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत है। यह हार्वेस्टर और ट्रैक्टर सहित कृषि क्षेत्रों में उपयोग किया जाने वाला प्रमुख ईंधन है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।