PM का दावा: हर किसान को मिल रहा सालाना 50,000 रुपए का लाभ, बोले- ये वादा नहीं मोदी की गारंटी है

इसे हाल के दिनों में कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों की तरफ से किए गए चुनावी वादों पर सीधे कटाक्ष की तरह देखा जा रहा है। मोदी ने खासतौर से फर्टिलाइजर सब्सिडी, खाद्यान्न खरीद और पीएम-किसान के रूप में किसानों को दिए गए फायदे गिनाते हुए कहा, यह दिखाता है कि गारंटी कैसी दिखती है और किसानों के जीवन में बदलाव के लिए कितने बड़ी कोशिशों की जरूरत है

अपडेटेड Jul 01, 2023 पर 8:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 17वीं भारतीय सहकारी कांग्रेस को संबोधित किया (PHOTO-PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार कृषि क्षेत्र और किसान कल्याण के लिए सालाना 6.5 लाख करोड़ रुपए खर्च कर रही है, जिससे हर एक किसान (Farmers) को सालाना लगभग 50,000 रुपए का लाभ मिल रहा है। मोदी ने चुनावी गारंटियों को लेकर सीधे कांग्रेस (Congress) पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वादा नहीं है बल्कि ‘मोदी की गारंटी’ (Modi's guarantee) है।

इसे हाल के दिनों में कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों की तरफ से किए गए चुनावी वादों पर सीधे कटाक्ष की तरह देखा जा रहा है। मोदी ने खासतौर से फर्टिलाइजर सब्सिडी, खाद्यान्न खरीद और पीएम-किसान के रूप में किसानों को दिए गए फायदे गिनाते हुए कहा, “यह दिखाता है कि गारंटी कैसी दिखती है और किसानों के जीवन में बदलाव के लिए कितने बड़ी कोशिशों की जरूरत है।”

प्रधानमंत्री ने “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस” पर आयोजित ‘भारतीय सहकारिता कांग्रेस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार सुनिश्चित कर रही है कि देश में हर एक किसान को प्रति वर्ष किसी न किसी तरह से लगभग 50,000 रुपए मिलें। इसका मतलब है कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के अंतर्गत इस बात की गारंटी है कि हर एक किसानों को अलग-अलग माध्यमों से 50,000 रुपए मिल रहे हैं।”


प्रधानमंत्री ने कहा, “ये मोदी की गारंटी है और मैंने जो किया है, वो बता रहा हूं। वादे नहीं कर रहा हूं।” उन्होंने कहा कि सरकार कृषि और किसानों पर प्रति वर्ष औसतन लगभग 6.5 लाख करोड़ रुपए खर्च कर रही है।

मोदी सरकार आने के बाद 3 गुना हुआ सरकारी बैंकों का मुनाफा, ट्विन-बैलेंस शीट की समस्या हुई दूर: FM निर्मला सीतारमण

मोदी ने कहा कि सरकार ने दूसरे देशों की तुलना में सस्ती दरों पर फर्टिलाइजर की सप्लाई सुनिश्चित की है, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बड़ी मात्रा में अनाज खरीदा है और पीएम-किसान योजना के तहत किसानों के बैंक अकाउंट में सीधे भुगतान किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में पीएम किसान योजना के तहत किसानों के अकाउंट में 2.5 लाख करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं। पीएम किसान के अंतर्गत किसानों को सालाना 6,000 रुपए मिलते हैं।

मोदी ने कहा, “आप इसी बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि यह आंकड़ा कितना बड़ा है, जबकि 2014 से पहले के पांच सालों में कुल कृषि बजट 90,000 करोड़ रुपए से कम था।”

उन्होंने कहा कि सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि फर्टिलाइजरों की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी से अपने देश के किसान प्रभावित नहीं हों। उन्होंने कहा कि ‘मोदी गारंटी’ BJP की केंद्र सरकार ने दी है।

मोदी ने जिक्र किया कि किसानों को यूरिया का एक बैग 270 रुपए का मिल रहा है और यह कीमत बांग्लादेश (720 रुपए), पाकिस्तान (800 रुपए), चीन (2,100 रुपए) और अमेरिका (3,000 रुपए) से बहुत ज्यादा कम है।

“इससे बड़ी गारंटी क्या होती है भाई।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले नौ सालों में किसानों की उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करके उन्हें 15 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले साल फर्टिलाइजर सब्सिडी पर 10 लाख करोड़ रुपए खर्च किए और विश्व में बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद यह सुनिश्चित किया कि किसानों को उचित कीमत पर फसल पोषक तत्व मिले। उन्होंने कहा “इससे बड़ी गारंटी क्या होती है भाई।”

प्रधानमंत्री ने सहकारी समितियों से राजनीति के बजाय सामाजिक और राष्ट्रीय नीतियों का वाहक बनने के लिए कहा।

उन्होंने समितियों से पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन का मॉडल बनने और व्यापक स्तर पर डिजिटल माध्यमों को अपनाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री ने देश को खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने में मदद करने के लिए सहकारी समितियों से योगदान करने की अपील भी की।

मोदी ने साल 2014 में सत्ता में आने के बाद कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।