प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की मौजूदगी में हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज कोलकाता पहुंचना था, लेकिन शुक्रवार को ही सुबह उनकी मां हीराबेन का निधन हो गया। गांधीनगर के मुक्ति धाम में प्रधानमंत्री की मां का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार के बाद प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अहमदाबाद से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर कोलकाता में राज्यपाल सीवी आनंद बोस, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित थे।
वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा और पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ेगी।
PM मोदी के संबोधन की अहम बातें-
- मुझे पश्चिम बंगाल आना था लेकिन निजी कारणों से मैं वहां नहीं आ सका। मैं बंगाल के लोगों से माफी मांगता हूं।
- बंगाल की पुण्य धरती को आज मेरे लिए नमन करने का असवर है। बंगाल के कण-कण में आज़ादी का इतिहास समाया हुआ है। जिस धरती से 'वंदे मातरम' का जयघोष हुआ वहां से 'वन्दे भारत' को हरी झंडी दिखाई गई।
- आज इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख का बड़ा महत्व है। 30 दिसंबर 1943 में नेताजी सुभाष में अंडमान में तिरंगा फैराकर भारत की आज़ादी की बिगुल फूंका था। इस घटना के 75 वर्ष होने पर साल 2018 में मैं अंडमान गया था और नेताजी के नाम पर एक द्वीप का नामकरण भी किया था।
- 21वीं सदी में भारत के तेज़ विकास के लिए भारतीय रेलवे का तेज़ विकास और सुधार जरूरी है। इसलिए केंद्र सरकार भारतीय रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए निवेश कर रही है। आज वन्दे भारत, तेजस, हमसफर जैसी आधुनिक ट्रेन देश में बन रही हैं, रेलवे को भी एयरपोर्ट की तरह विकसित किया जा रहा है।
- 2014 से पहले देश में कुल मेट्रो नेटवर्क 250 किमी से भी कम था।केंद्र सरकार ने इसको बदलने का प्रयास किया और पिछले 8 सालों में मेट्रो का 2 दर्जन शहरों में विस्तार किया। आज देश के अलग-अलग शहरों में लगभग 800 किमी ट्रेक पर मेट्रो चल रही है और 1000 किमी नए मेट्रो रूट पर काम चल रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि नीले-सफेद रंग की यह ट्रेन 7 घंटे 45 मिनट में 564 किमी की दूरी तय करेगी। इससे इस मार्ग पर अन्य ट्रेनों की तुलना में यात्रा के समय में तीन घंटे की बचत होगी। इसके तीन स्टेशन बारसोई, मालदा और बोलपुर होंगे। अत्याधुनिक ट्रेन में 16 डिब्बे हैं।
यह अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड गाड़ी उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं से लैस है। गाड़ी दोनों दिशाओं में आते-जाते समय मालदा टाउन, बारसोई और किशनगंज स्टेशनों पर रुकेगी।
आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस को नियमित यात्रियों, चाय उद्योग से जुड़े अधिकारियों और उत्तरी बंगाल और सिक्किम में हिमालयी क्षेत्र की यात्रा करने वाले पर्यटकों द्वारा पसंद किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री बनर्जी ने इस अवसर पर मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "आपकी मां हमारी भी मां हैं।"
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मोदी जिन पांच रेल परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं उनमें से चार पर काम रेल मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान शुरू किया गया था।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोलकाता में हो रही राष्ट्रीय गंगा परिषद की दूसरी बैठक की अध्यक्षता भी की।