रूस में पुतिन से मिलकर बोले मोदी- देश के निजी मसलों में बाहरी दखल हम दोनों को बर्दाश्त नहीं

पुतिन से मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने एक जॉइंट PC की, जिसमें पीएम ने यह बात कही

अपडेटेड Sep 04, 2019 पर 8:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बुधवार को अपनी दो दिवसीय रूस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देश किसी भी राष्ट्र के आंतरिक मसलों में बाहरी दखल के खिलाफ हैं।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मोदी की मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें पीएम मोदी ने कहा कि दोनों ही देश किसी भी देश के आंतरिक मसलों में किसी भी बाहरी शक्ति का दखल बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि रूस भारत का अभिन्न दोस्त और भरोसेमंद साथी है और यह दोनों देशों के बीच के सहयोग को नए आयाम देने का ऐतिहासिक मौका है।

पीएम ने रूस की ओर से उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान- Order of St Andrew the Apostle दिए जाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि ये दोनों देशों की दोस्ती का सबूत और 1.3 अरब भारतीयों का सम्मान है। बता दें कि इस साल अप्रैल में पुतिन के भारत आने के दौरान रूस ने पीएम मोदी को यह सम्मान दिए जाने की घोषणा की थी।

अपनी इस यात्रा के पहले दिन पीएम मोदी ने पुतिन के साथ ज़्वेज़्दा शिपबिल्डिंग कॉम्पलेक्स का दौरान करने पहुंचे थे। पीएम ने इस विजिट को लेकर कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें एकदम नई टेक्नोलॉजी के साथ काम करता हुआ शिपयार्ड दिखाया। उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच इस अहम क्षेत्र में सहयोग का रास्ता खुलेगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिनों की यात्रा पर बुधवार को रूस पहुंचे हैं। यहां वो ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेने वाले हैं। यहां वो राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर बैठक करने वाले हैं। वहीं फोरम में उनकी मुलाकात विश्व के कई नेताओं से होगी।

इस यात्रा में पीएम रूस के सुदूर पूर्वी हिस्से में गए हैं, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। पीएम मोदी को पुतिन ने यहां पांचवें ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया है। पीएम मोदी और पुतिन यहां 20वां सालाना भारत-रूस शिखर बैठक भी करेंगे।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।