Republic Day 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) के विजेताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे। इस दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राज्य मंत्री एम महेंद्रभाई भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ब्लॉकचैन टेक्नोलॉजी का उपयोग करके वर्ष 2022 और 2021 के लिए PMRBP पुरस्कार विजेताओं को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत विजेताओं को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है।
भारत सरकार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बाल शक्ति पुरस्कार इनोवेशन, खेल, कला और संस्कृति, सामाजिक सेवा, स्कूली क्षेत्र और बहादुरी के क्षेत्र में असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले 5 से 18 वर्ष के बच्चों को सम्मानित करती है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हर विजेता को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रमाणपत्र दिया जाता है। इस वर्ष, बाल शक्ति पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के तहत देश भर से 29 बच्चों को PMRBP-2022 के लिए चुना गया है। पुरस्कार विजेता हर साल गणतंत्र दिवस परेड में भी भाग लेते हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री साल 2022 के बाल पुरस्कार विजेताओं को ब्लॉक चेन टेक्नोलॉजी का उपयोग करके डिजिटल प्रमाणपत्र देंगे। साल 2021 के उन विजेताओं को भी प्रमाण पत्र दिया जाएगा जिन्हें कोविड महामारी के चलते इसे नहीं दिया जा सका था।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार का प्रमाणपत्र देने के लिए पहली बार ‘ब्लॉक चेन’ टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा प्रदान किए जाते हैं। प्रधानमंत्री हर साल इन पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत भी करते हैं।