PNB घोटाला: मेहुल चोकसी की पत्नी प्रीति के खिलाफ ED ने दाखिल की चार्जशीट, ऐसे चलाती थीं फर्जी कंपनियां

मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) और उनकी पत्नी प्रीति ने साल 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता हासिल की थी और इसके एक साल बाद वे देश छोड़कर एंटीगुआ भाग गए थे

अपडेटेड Jun 06, 2022 पर 10:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
13,500 करोड़ रुपये PNB-लोन फ्रॉड मामले में मेहुल चोकसी और नीरव मोदी मुख्य आरोपी हैं

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) की पत्नी प्रीति चोकसी (Priti Choksi) के खिलाफ अपना पहला चार्जशीट दाखिल किया है। चार्जशीट में आरोप लगाया गया है पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को धोखा देकर हासिल किए पैसों को डायवर्ट करने के लिए जिन विदेशी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया, उनमें से कुछ कंपनियों की मुख्य लाभार्थी प्रीति चोकसी थीं।

करीब 13,500 करोड़ रुपये PNB-लोन फ्रॉड मामले में ईडी की तरफ से दाखिल यह तीसरी चार्जशीट है। हालांकि यह पहली बार जब ईडी ने इसमें प्रीति चोकसी को नामजद किया है। प्रीति के अलावा ईडी ने अपने तीसरे चार्जशीट में एक बार फिर से मेहुल चोकसी, उनकी तीन कंपनियों - गीतांजलि जेम्स, गिली इंडिया लिमिटेड और नक्षत्र ब्रांड लिमिटेड और पीएनबी के पूर्व कर्मचारी गोकुलनाथ शेट्टी को चार्जशीट में आरोपी बनाया है।

ईडी ने पिछली दो चार्जशीट जून 2018 और अप्रैल 2020 में दाखिल की थी।


प्रीति चोकसी का नाम चार्जशीट में आने से एजेंसियों को एंटीगुआ से उनके प्रत्यर्पण कराने में मदद मिल सकती है। बता दें कि मेहुल चोकसी और उनकी पत्नी प्रीति ने साल 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता हासिल की थी और इसके एक साल बाद वे देश छोड़कर एंटीगुआ भाग गए थे। प्रीति चोकसी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उनके खिलाफ एक इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- पुरानी कारों की बिक्री से लेकर ड्रोन बनाने तक, MS धोनी ने इन 7 कारोबार में किया है निवेश

ED के सूत्रों ने बताया कि एजेंसी लंबे समय से प्रीति चोकसी की भूमिका की जांच कर रहा है क्योंकि वह दुबई, हांगकांग और अन्य देशों में कुछ संदिग्ध फर्जी कंपनियों को चलाने में शामिल थी और अपने पति की अवैध गतिविधियों से भली-भांति अवगत थीं।

बता दें कि मेहुल चोकसी पिछले साल 23 मई को रहस्यमय तरीके से एंटीगुआ से लापता हो गया था और अगले दिन पड़ोसी देश डोमिनिका में पाया गया था। डोमिनिका ने चोकसी पर अवैध प्रवेश का मामला दर्ज करते हुए उसे जेल में डाल दिया था। उस वक्त प्रीति ने आरोप लगाया था कि उनके पति का अपहरण कर डोमिनिका ले जाया गया है और भारतीय एजेंटों ने उन्हें प्रताड़ित किया है।

डोमिनिका ने पिछले महीने एंटीगुआ की रॉयल पुलिस की एक रिपोर्ट के आधार पर मेहुल चोकसी के खिलाफ "अवैध प्रवेश" के मुकदम को खत्म कर दिया, जिसने इसी पुष्टि होती है कि चोकसी को वास्तव में देश से अपहरण कर लिया गया था। PNB-लोन फ्रॉड मामले में मेहुल चोकसी का भांजा नीरव मोदी भी सह-आरोपी है और फिलहाल उसने लंदन में शरण ले रखी है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।