Credit Cards

संसद सत्र के पहले दिन विपक्षी सांसदों ने दिखाई एकजुटता, राहुल गांधी बोले- 'हम संविधान पर हमला नहीं होने देंगे'

18th Lok Sabha session 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह मनोवैज्ञानिक रूप से बैकफुट पर हैं तथा अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा

अपडेटेड Jun 24, 2024 पर 3:24 PM
Story continues below Advertisement
18th Lok Sabha session 2024: राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री संविधान पर हमला कर रहे हैं

18th Lok Sabha session 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार (24 जून) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह 'मनोवैज्ञानिक रूप से बैकफुट पर हैं' तथा अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी ने पीएम मोदी मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि यह उन्हें स्वीकार्य नहीं है।

पीटीआई के मुताबिक उन्होंने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। हम संविधान पर वह हमला नहीं होने देंगे।" उनका यह भी कहना था, "यह हमला हमें स्वीकार्य नहीं है।"

यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्ष का संदेश जनता तक पहुंच रहा है, तो राहुल गांधी ने कहा, "हमारा संदेश जनता तक पहुंच रहा है और कोई भी ताकत भारत के संविधान का बाल भी बांका नहीं कर सकती और हम इसकी रक्षा करेंगे।" नई लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं ने हाथों में संविधान की कॉपी लेकर लोकसभा कक्ष तक मार्च किया।


इसके अलावा राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "NDA के पहले 15 दिन: भीषण ट्रेन दुर्घटना, कश्मीर में आतंकवादी हमले, ट्रेनों में यात्रियों की दुर्दशा, नीट घोटाला, नीट-पीजी निरस्त, यूजीसी-नेट का पेपर लीक, दूध, दाल, गैस, टोल और महंगे, आग से धधकते जंगल, जल संकट और लू के कारण मौतें। मनोवैज्ञानिक रूप से बैकफुट पर नरेन्द्र मोदी बस अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं।"

उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी जी और उनकी सरकार का संविधान पर आक्रमण हमें लिए स्वीकार्य नहीं है और ये हम किसी हाल में होने नहीं देंगे। I.N.D.I.A. गठबंधन का मज़बूत विपक्ष अपना दबाव जारी रखेगा, लोगों की आवाज़ उठाएगा और प्रधानमंत्री को बिना जवाबदेही बच कर निकलने नहीं देगा।"

विपक्षी सांसदों ने दिखाई एकजुटता

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सोमवार को संविधान की कॉपी लेकर सदन में पहुंचे और एकजुटता प्रकट की।

कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी गठबंधन के सांसद संसद परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने 'संविधान की रक्षा हम करेंगे' और 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाए। इस दौरान सोनिया गांधी, खड़गे, राहुल गांधी तथा DMK, तृणमूल कांग्रेस और I.N.D.I.A. गठबंधन के कई अन्य घटक दलों के सांसद मौजूद थे।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने विपक्षी सांसदों की नारेबाजी का वीडियो शेयर करते हुए X पर पोस्ट किया, "हम लोकतंत्र के प्रहरी हैं। हम संविधान की रक्षा करने और उसे कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अन्याय के खिलाफ लड़ने के अपने संकल्प में एकजुट हैं।"

उन्होंने कहा कि 'I.N.D.I.A.' गठबंधन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आशीर्वाद लेकर और संसद में लोगों के मुद्दों, चुनौतियों, आशाओं और आकांक्षाओं को आवाज देने और सरकार को हर मिनट नियंत्रण में रखने के नए संकल्प के साथ 18वीं लोकसभा में प्रवेश करता है।

हालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने संविधान को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। उनका आरोप था कि BJP संविधान बदलना चाहती है। नई लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हुआ। इसके पहले और दूसरे दिन नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। प्रोटेम स्पीकर (अस्थायी अध्यक्ष) नियुक्त किए गए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ लोकसभा सदस्य भर्तृहरि महताब नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।

ये भी पढ़ें- Parliament Session 2024: संविधान की कॉपी के साथ संसद भवन के बाहर विपक्ष का मार्च, राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

इसके बाद बुधवार को नए लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राज्यसभा की बैठक बृहस्पतिवार से शुरू होगी। संसद का यह सत्र 3 जुलाई तक प्रस्तावित है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।