Excise Policy Scam: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह (Sanjay Singh) ने रविवार को कहा कि दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) हिरासत में मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी आबकारी नीति मामले में झूठे आरोपों वाले कागजात पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बना रही है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, सिंह ने कहा कि सिसोदिया को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है और सभी आरोपों को लिस्टिड करने वाले एक कागज पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
संजय सिंह ने कहा, "मनीष सिसोदिया, जिन्होंने 18 लाख बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए दिन-रात मेहनत की, जिनके शिक्षा मॉडल की दुनिया तारीफ कर रही है... अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी भारत आती हैं, वह मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल के बनाए गए स्कूलों को देखना चाहती हैं। आज मनीष सिसोदिया को CBI की हिरासत में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभी आरोप लिखित में दिए गए हैं। आप इस पर हस्ताक्षर करें।"
उन्होंने सीबीआई की तरफ से दायर चार्जशीट और सप्लीमेंट्री चार्जशीट का हवाला दिया और कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में मनीष सिसोदिया को इनमें कहीं भी आरोपी नहीं बनाया गया था।
सिंह ने आरोप लगाया, "नरेंद्र मोदी ने अधिकारियों को डांटने के बाद कहा कि उनका मकसद विफल हो जाएगा और कहा कि फर्जी मामले बनाओ, झूठे आरोप लगाओ, मानसिक प्रताड़ना करो, सुनिश्चित करो कि तुम उसे दोषी ठहराओ। उसके बाद बिना सच, आधार या सबूत के मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया।"
आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सिसोदिया के खिलाफ मामला झूठा है और मोदी सरकार पर अपने विरोध के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
सिसोदिया की हिरासत बढ़ाई गई
मनीष सिसोदिया की CBI हिरासत पांच दिन की रिमांड खत्म होने पर शनिवार को CBI की एक विशेष अदालत ने छह मार्च तक बढ़ा दी थी।
CBI ने अदालत से कहा था कि सिसोदिया से पूछताछ के लिए और समय चाहिए है, क्योंकि आबकारी नीति पर विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर कानूनी राय वाली "कुछ गायब फाइलों" का पता लगाया जाना अभी बाकी है। साथ ही इसने ये भी कहा था कि सिसोदिय पूछताछ के दौरान 'सहयोग' नहीं कर रहे हैं।
सिसोदिया के वकील, वरिष्ठ वकील दयान कृष्ण ने CBI की याचिका के खिलाफ तर्क दिया था कि जांच पूरी करने में एजेंसी की अक्षमता रिमांड के लिए आधार नहीं हो सकती है, और उन्हें खुद को दोषी ठहराने के लिए नहीं कहा जा सकता है। कृष्णन ने ये भी कहा था, "मनीष सिसोदिया की पत्नी की तबीयत बहुत खराब है।"
सिसोदिया ने भी लगाए मानसिक उत्पीड़न के आरोप
आदेश सुनाए जाने के बाद, सिसोदिया ने अदालत को बताया कि केंद्रीय एजेंसी उनसे 10 घंटे, सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक, अपनी हिरासत में पूछताछ कर रही थी और बार-बार सवाल कर रही थी। उन्होंने इसे "मानसिक उत्पीड़न" करार दिया। इसके बाद कोर्ट ने CBI से कहा कि वह उनसे बार-बार एक ही सवाल न पूछे।
अदालत के आदेश के बाद, संजय सिंह ने सिसोदिया की हिरासत के विस्तार को "CBI का उत्पीड़न" करार दिया था। उन्होंने कहा, "ये अब और ज्यादा गंभीर मुद्दा है, जैसा कि सिसोदिया के वकील ने आरोप लगाया है।"